फलोदी में दिनदहाड़े बस स्टैंड पर युवक की गोली मारकर हत्या, इलाके में दहशत

राजस्थान के फलोदी जिले में दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना ने सनसनी फैला दी. बस स्टैंड पर तीन बदमाशों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं जिससे उसकी मौत हो गई और इलाके में डर का माहौल बन गया.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
राजस्थान के फलोदी जिले में दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना ने सनसनी फैला दी.

Rajasthan News: राजस्थान में फलोदी जिले के मतोड़ा थाना क्षेत्र के भीकमकोर बस स्टैंड पर शनिवार दोपहर करीब 3 बजे यह खौफनाक घटना हुई. यहां खड़े रावलसिंह पातावत पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने अचानक हमला कर दिया. बदमाश हेलमेट पहने हुए थे जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया.

ताबड़तोड़ फायरिंग से मौके पर गिरा युवक

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बदमाशों ने बिना किसी चेतावनी के युवक पर अंधाधुंध गोलियां चलानी शुरू कर दी. गोलियां लगते ही रावलसिंह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा. इसके बाद भी हमलावर नहीं रुके और उस पर लगातार फायरिंग करते रहे.

Advertisement

सर में गोली मारकर फरार हुए आरोपी

हमलावरों ने जाते जाते युवक के सिर में गोली मार दी और मौके से फरार हो गए. घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं पाए और अफरा तफरी मच गई.

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

घायल युवक को तुरंत जोधपुर अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इस घटना से परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है. प्रारंभिक जांच में इस वारदात के पीछे आपसी दुश्मनी की आशंका जताई जा रही है. पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है.

पुलिस ने शुरू की जांच, CCTV खंगाले जा रहे

घटना की सूचना मिलते ही मतोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. थानाधिकारी अमानाराम राठौड़ ने घटनास्थल का जायजा लिया और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं. घटना की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया.

यह भी पढ़ें- सरिस्का में सुप्रीम कोर्ट के सीमांकन आदेश को उद्योग जगत का समर्थन, पर्यटन और निवेश को मिलेगी रफ्तार

Advertisement