Jalore News: दक्षिण भारत में रहने वाले जालोर-सिरोही क्षेत्र के हजारों प्रवासियों के लिए रेल मंत्रालय ने खुशियों का पिटारा खोल दिया है. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने चेन्नई–जालोर–भगत की कोठी (जोधपुर) सुपरफास्ट एक्सप्रेस (20625/26) को अब सप्ताह में पांच दिन के बजाय प्रतिदिन चलाने की बड़ी घोषणा की है.
होली स्नेह मिलन समारोह में हुई घोषणा
यह महत्वपूर्ण घोषणा चेन्नई में आयोजित 'सुंधा माता भगत मंडल' के होली स्नेह मिलन समारोह के दौरान की गई. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रवासियों को संबोधित करते हुए बताया कि अगले 45 दिनों के भीतर इस ट्रेन को सप्ताह के सातों दिन संचालित कर दिया जाएगा. प्रवासियों और स्थानीय यात्रियों द्वारा लंबे समय से इस ट्रेन को डेली करने की मांग उठाई जा रही थी.
प्रवासियों के लिए क्यों है यह 'लाइफलाइन'?
इस फैसले से चेन्नई और राजस्थान के जालोर-सिरोही क्षेत्र के बीच सीधा संपर्क मजबूत होगा. व्यापारियों और छात्रों के लिए आवागमन अब और अधिक आसान हो जाएगा. त्योहारों और सामाजिक कार्यक्रमों के लिए प्रवासियों को अब सीट उपलब्धता में आसानी होगी. इस फैसले के बाद क्षेत्रवासियों ने रेल मंत्री और सांसद लुंबाराम चौधरी का धन्यवाद ज्ञापित किया है.
मोदरान में ठहराव नहीं मिलने से असंतोष
घोषणा के बाद आशापुरी माताजी रेल संघर्ष समिति, मोदरान और क्षेत्रवासियों ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव तथा सांसद लुंबाराम चौधरी का आभार जताया है. हालांकि ट्रेन को प्रतिदिन चलाने के फैसले के बावजूद मोदरान स्टेशन पर ठहराव की मांग पूरी नहीं होने से क्षेत्र में नाराजगी है. आशापुरी माताजी धाम, मोदरान में इस ट्रेन के स्टॉपेज की घोषणा नहीं होने पर श्रद्धालुओं ने निराशा जताई है.