Rajasthan: भिवाड़ी में भीषण गैस सिलेंडर ब्लास्ट, एक ही परिवार के 7 लोग झुलसे, हालत नाजुक

राजस्थान के भिवाड़ी में गैस सिलेंडर फटने से एक ही परिवार के सात सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए. सुबह खाना बनाते समय हुए इस धमाके ने पूरे घर को तबाह कर दिया. घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें अलवर रेफर किया गया है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
राजस्थान के भिवाड़ी में गैस सिलेंडर फटने से एक ही परिवार के सात सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए.

Rajasthan News: राजस्थान के भिवाड़ी में गुरुवार की सुबह बहुत बड़ा हादसा हो गया. जहां साथलका गांव की बिल्लू कॉलोनी में एक भीषण गैस सिलेंडर ब्लास्ट ने न केवल एक घर को तहस-नहस कर दिया बल्कि एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां भी छीन लीं. इस हादसे में परिवार के सात सदस्य बुरी तरह झुलस गए हैं जिनकी हालत नाजुक बनी हुई है.

सुबह का नाश्ता बना काल, धमाके से दहला इलाका

हादसा उस वक्त हुआ जब घर में सुबह के खाने की तैयारी चल रही थी. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अचानक एक जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते पूरा घर मलबे और आग की लपटों में घिर गया. धमाका इतना शक्तिशाली था कि इसकी गूंज दूर-दूर तक सुनाई दी और आसपास के घरों की खिड़कियां तक हिल गईं. लोग जब तक कुछ समझ पाते तब तक घर के भीतर मौजूद मासूम बच्चे और बड़े आग की चपेट में आ चुके थे.

Advertisement

मासूमों समेत सात लोग गंभीर रूप से झुलसे

इस मर्मांतक घटना में 35 वर्षीय राम सिंह और उनकी पत्नी ममता के साथ-साथ उनके पांच बच्चे काजल (15), भुवेश (12), किशनवती (12), पंकज (8) और छगन (6) गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. स्थानीय लोगों ने मलबे से घायलों को बाहर निकाला और तुरंत भिवाड़ी जिला अस्पताल पहुंचाया. हालांकि डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए अलवर रेफर कर दिया है.

प्रशासनिक जांच और सुरक्षा पर सवाल

घटना की सूचना पर फेज थर्ड थाना पुलिस मौके पर पहुंची. शुरुआती जांच में गैस रिसाव (लीकेज) को धमाके की मुख्य वजह माना जा रहा है. पुलिस यह भी जांच रही है कि क्या सिलेंडर में कोई तकनीकी खामी थी या रेगुलेटर ढीला रह गया था. 

यह भी पढ़ें- Rajasthan Weather: राजस्‍थान में झमाझम बार‍िश ने झुलसाने वाली गर्मी से द‍िलाई राहत, जानें अपने ज‍िले के मौसम का हाल