Rajasthan News: राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य चिकित्सा और स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जीवराज मीणा को एक बार फिर एपीओ कर दिया है. उन्हें तत्काल प्रभाव से जयपुर स्थित मुख्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं. यह आदेश स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त शासन सचिव निशा मीना द्वारा जारी किया गया है.
अवैध वसूली के आरोपों से घिरे अधिकारी
डॉ. जीवराज मीणा पिछले कुछ समय से लगातार विवादों में बने हुए हैं. उन पर निजी चिकित्सालय संचालकों से अवैध वसूली करने के गंभीर आरोप लगे हैं. करीब एक महीने पहले एक निजी अस्पताल संचालक ने खुलकर आरोप लगाए थे, जिसके बाद मामला सुर्खियों में आ गया.
कलेक्टर की अनुशंसा के बाद हुआ फैसला
इन आरोपों को गंभीरता से लेते हुए प्रतापगढ़ कलेक्टर ने मामले की जांच करवाई और उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट भेजी. रिपोर्ट के आधार पर कलेक्टर ने डॉ. मीणा को उदयपुर संभाग से बाहर स्थानांतरित करने की अनुशंसा की थी. इसी अनुशंसा के बाद अब विभाग ने सख्त कदम उठाते हुए उन्हें जयपुर मुख्यालय बुला लिया है.
पहले भी हो चुके हैं एपीओ
यह पहला मौका नहीं है जब डॉ. जीवराज मीणा पर कार्रवाई हुई हो. करीब एक साल पहले भी उन्हें एपीओ करने के आदेश जारी हुए थे, लेकिन उस समय उन्होंने अपने प्रभाव के चलते आदेश बदलवा लिए थे और पद पर बने रहे.
राजनीतिक संबंधों से भी चर्चा में मामला
डॉ. जीवराज मीणा का नाम इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि वे प्रदेश के राजस्व मंत्री हेमंत मीणा के बहनोई बताए जाते हैं. मंत्री बनने के बाद ही उन्हें सीएमएचओ की जिम्मेदारी दी गई थी. इसके बाद से लगातार उन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगते रहे हैं, जिससे राजनीतिक स्तर पर भी असर देखने को मिल रहा है. ताजा कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य विभाग में हलचल तेज हो गई है.
यह भी पढ़ें- राजस्थान में 600 साल पुराना रहस्यमयी हनुमान मंदिर, जहां पर्चे वाले बालाजी करते हैं भक्तों की मनोकामना पूरी