सीएम भजनलाल शर्मा ने शनिवार (8 अगस्त) को खेल प्रतिभाओं का सम्मान किया. साथ ही प्रदेश के 3540 खिलाड़ियों को करीब 52 करोड़ की प्रोत्साहन और सहायता राशि उपलब्ध कराई जा चुकी है. अब तक 186 खिलाड़ियों को सरकारी सेवाओं में नियुक्तियां भी दी गई हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि पहली बार खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स-2025 का सफल आयोजन हुआ. इस दौरान 7 शहरों 222 विश्वविद्यालयों के लगभग 7 हजार खिलाड़ियों ने भाग लिया. प्रदेश के खिलाड़ियों ने इन गेम्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 60 पदक जीतकर देश में तीसरा स्थान प्राप्त किया है.
सीएम ने इन खिलाड़ियों को बताया राजस्थान का गौरव
मुख्यमंत्री शनिवार को कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ राजस्थान में कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के पदक विजेता खिलाड़ियों के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने कहा कि अरुंधति चौधरी, यशवीर सिंह, राहुल शर्मा, मोना अग्रवाल और संध्या विश्नोई प्रदेश के गौरव हैं. इनसे युवाओं को प्रेरणा लेनी चाहिए. इन प्रतिभावान खिलाड़ियों के प्रशिक्षकों, परिजनों और सहयोगियों के त्याग और समर्पण ने इनकी सफलताओं की नींव रखी है.

इन प्रतिभावान खिलाड़ियों ने उनके अनुभव साझा किए.
मुख्यमंत्री ने की अरुंधति चौधरी और यशवीर सिंह की तारीफ
सीएम ने कहा, "अरुंधति चौधरी ने राष्ट्रमंडल खेलों में मुक्केबाजी में गोल्ड और यशवीर सिंह ने भाला फेंक स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर सिद्ध कर दिया कि प्रतिभा अपना स्थान बना लेती है. शूटिंग पैरा वर्ल्ड कप में राहुल शर्मा ने गोल्ड, मोना अग्रवाल ने कांस्य पदक, संध्या विश्नोई ने अंडर-17 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीतकर प्रतिभा और सामर्थ्य का शानदार प्रदर्शन किया है. इन सभी ने परिश्रम, अनुशासन और समर्पण से भारत का तिरंगा विश्व मंच पर लहराया है और राजस्थान का नाम भी गौरव के साथ स्थापित किया है."
यह भी पढ़ेंः राजस्थान विधानसभा के मानसून सत्र में नहीं होंगी नई घोषणाएं, ना ही होगा भर्तियों का ऐलान