राजस्थान में कोरोना का खतरा, छोटे बच्चों और बुजुर्गों में तेजी से फैला; जयपुर में सबसे ज्यादा मरीज

राजस्थान में कोरोना वायरस के मामले फिर से बढ़ रहे हैं. रविवार को 17 नए मरीज मिले, जिनमें 14 जयपुर से हैं. छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में संक्रमण की पुष्टि ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
राजस्थान में फिर से कोरोना का खतरा बढ़ रहा है.

Corona Case In Rajasthan: राजस्थान में कोरोना वायरस के मामले एक बार फिर बढ़ रहे हैं. रविवार को प्रदेश में 17 नए मरीज मिले, जिनमें से 14 मामले अकेले जयपुर से सामने आए. इसके अलावा हनुमानगढ़ और जोधपुर से भी एक-एक मामला दर्ज हुआ. छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में संक्रमण की पुष्टि ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है.

जयपुर में पुरुष-महिलाओं में बराबर मामले

जयपुर के बी. लाल लैब से 14 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई, जबकि एसएमएस अस्पताल, एम्स और एसडीएमएच अस्पताल से एक-एक मामला सामने आया. जयपुर में सात पुरुष (उम्र 28 से 68 साल) और आठ महिलाएं (उम्र 28 से 77 साल) संक्रमित पाई गईं. इसके अलावा हनुमानगढ़ में छह महीने की बच्ची और जोधपुर में तीन साल की बच्ची में भी वायरस मिला. छोटे बच्चों में बढ़ते मामले सतर्कता की जरूरत बता रहे हैं.

Advertisement

11 मरीज अस्पताल में भर्ती

नए मरीजों में से 11 को अस्पतालों में भर्ती किया गया है. जयपुर के जेके लोन, एसएमएस और राजस्थान अस्पताल में एक-एक मरीज का इलाज चल रहा है. उदयपुर के आरएनटी मेडिकल कॉलेज में तीन और जोधपुर के एम्स में पांच मरीज भर्ती हैं. स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि इस साल अब तक 230 लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं, जिनमें से एक की मौत हुई है.

जयपुर में सबसे ज्यादा 144 मामले

जयपुर जिला इस साल कोरोना का केंद्र बना हुआ है, जहां अब तक 144 मामले सामने आए. उदयपुर में 22, जोधपुर में 16, बीकानेर और चित्तौड़गढ़ में 8-8 मामले दर्ज हुए. अन्य जिलों जैसे अजमेर (3), अलवर (1), बाड़मेर (1), डूंगरपुर (3), डीडवाना (6) और हनुमानगढ़ (1) में भी छिटपुट मामले मिले. मध्य प्रदेश से भी एक मरीज की पुष्टि हुई.

सतर्क रहने की अपील

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि यह लहर भले ही गंभीर न हो, लेकिन लगातार नए मामले सावधानी बरतने का संदेश दे रहे हैं. स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से भीड़ वाली जगहों पर मास्क पहनने और लक्षण दिखने पर तुरंत टेस्ट कराने की सलाह दी है.

यह भी पढ़ें- गहलोत-पायलट की मुलाकात पर शेखावत का तंज, कहा- मिलना खबर बन जाए तो दूरियां गहरी हैं