विज्ञापन
This Article is From Mar 22, 2025

Rajasthan: लालसोट के हनुमान मंदिर आरती को लेकर विवाद, साधु ने साधु की हत्या की, चाकू घोंपकर उतारा मौत के घाट

Rajasthan News: जब पुलिस ने मंदिर में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है. पता चला कि मंदिर परिसर में रहने वाले साधु शिवपाल ने हत्या से पहले सीसीटीवी कैमरों को बंद कर दिया था

Rajasthan: लालसोट के हनुमान मंदिर आरती को लेकर विवाद, साधु ने साधु की हत्या की, चाकू घोंपकर उतारा मौत के घाट
लालसोट में मंदिर के पुजारी ने दूसरे पुजारी की हत्या कर दी

Lalsot News: दौसा जिले के लालसोट में स्थित डीडवाना के हनुमान मंदिर में शुक्रवार देर रात एक साधु ने दूसरे साधु की चाकू घोंपकर हत्या कर दी. इस वारदात में साधु की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. हत्या की खबर आग की तरह पूरे शहर और आसपास के क्षेत्रों में फैल गई, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित होकर प्रदर्शन करने लगे और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग करने लगे. सूचना मिलते ही लालसोट थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया. देर रात एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य इकट्ठा किए.

आरती करने को लेकर दोनों साधुओं के बीच विवाद

लालसोट एडिशनल एसपी दिनेश अग्रवाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आरती करने को लेकर दोनों साधुओं के बीच विवाद होने की बात सामने आई है. हो सकता है कि मंदिर में वर्चस्व या एकाधिकार को लेकर यह झगड़ा हुआ हो. फिलहाल पुलिस ने आरोपी साधु राजेंद्र उर्फ शिवपाल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है ताकि हत्या के सही कारणों का पता लगाया जा सके. इस घटना में संत परशुराम दास महाराज की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई.

हत्या से पहले सीसीटीवी कैमरे किए गए बंद

जब पुलिस ने मंदिर में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है. पता चला कि मंदिर परिसर में रहने वाले साधु शिवपाल ने हत्या से पहले सीसीटीवी कैमरों को बंद कर दिया था. फुटेज में साफ दिख रहा है कि आरोपी साधु वारदात से पहले ही कैमरों को बंद कर रहा था, जिससे यह साबित होता है कि हत्या पूर्व नियोजित थी. पुलिस को इस साजिश के और भी सुराग मिले हैं, जिनकी गहन जांच की जा रही है.

हत्या के बाद कार में सवार होकर फरार हुआ आरोपी

सूत्रों के मुताबिक आरोपी राजेंद्र उर्फ शिवदास ने संत परशुराम दास पर चाकू से हमला करने के बाद उनकी मौके पर ही हत्या कर दी और फिर कार में सवार होकर फरार हो गया. लालसोट एएसपी दिनेश अग्रवाल ने तत्परता दिखाते हुए कुछ ही समय में आरोपी को पकड़ लिया.

पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपी साधु शिवदास छह महीने पहले ही इस मंदिर में आया था और घटना वाले दिन आरती के दौरान विवाद हुआ था. पुलिस ने आरोपी के शरीर पर कुछ चोटों के निशान भी पाए हैं, जिससे यह संदेह बढ़ गया है कि झगड़ा दोनों के बीच पहले से चल रहा था.

यह भी पढ़ें - कुप्रथा खत्म करने की दिशा में राजस्थान हाई कोर्ट का बड़ा फैसला, कोर्ट कमिश्नर की टीम करेगी गांव-गांव का दौरा

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com