Rajasthan News: राजस्थान में छात्रों के साथ साथ स्कूलों का रिपोर्ट कार्ड भी जारी हुआ करेगा. जो हर महीने शिक्षा विभाग की तरफ से जारी की जा रही है. इसी कड़ी में राजस्थान के शिक्षा विभाग ने गुरुवार को फरवरी-2026 की जिला शैक्षिक अकादमिक रैंकिंग जारी की जिसमें करौली जिले ने पहला स्थान हासिल किया है. साथ ही दूसरे स्थान पर झुंझुनूं और तीसरे स्थान पर हनुमानगढ़ ने कब्जा जमाया है.वही बारां, उदयपुर और जोधपुर सूची में अंतिम पायदान पर रहे हैं.
रैंकिंग बताती है जिलों में कैसी हो रही है पढ़ाई
रैंकिंग को लेकर अधिकारियों ने बताया कि पिछले महीने टॉप-3 में शामिल रहने वाला चूरू जिला इस बार फिसलकर छठे स्थान पर पहुंच गया है. वही डूंगरपुर, सीकर, सवाई माधोपुर, भरतपुर, अलवर और गंगानगर पहले 10 में शामिल हैं. अकादमिक रैंकिंग का उद्देश्य जिलों के प्रदर्शन की नियमित, तथ्य-आधारित समीक्षा करना और विद्यालय शिक्षा प्रणाली में जवाबदेही को मजबूत बनाना है. यह रैंकिंग बताती है कि किस जिले के स्कूलों में पढ़ाई कैसी हो रही है, स्कूल रोज़ाना कैसे चल रहे हैं और वहां का सरकारी कामकाज कैसा है.
किन मानकों के आधार पर तय होती है रैंकिंग
इस रैंकिंग में मुख्य रूप से यह देखा गया है कि स्कूल में बच्चे रोज आ रहे हैं या नहीं, क्लास में पढ़ाई का स्तर कैसा है और बच्चों के बोर्ड परीक्षा में नंबर कितने आए हैं. इसका असली मकसद यह जांचना है कि जिलों में केवल कागजी कार्यवाही ही दुरुस्त न हो, बल्कि बच्चों की पढ़ाई और उनके सीखने की क्षमता में भी वास्तव में सुधार आए.
यह भी पढ़ें: राजस्थान में राज्यसभा की 3 सीटों पर मंथन शुरू, सवाल- कांग्रेस और बीजेपी समीकरण के अनुसार किसे देगी टिकट
यह भी पढ़ें: Rajasthan Weather: राजस्थान में मार्च में ही मई का अहसास, 40 डिग्री तक जाएगा तापमान, जानें कब मिलेगी राहत