Rajasthan: खेत की ढाणी में चल रही थी 'मौत की फैक्ट्री', सरकारी PTI समेत चार गिरफ्तार 

हनुमानगढ़ के असरजाना गांव में पुलिस ने खेत की ढाणी में चल रही एमडी ड्रग्स फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है. इस कार्रवाई में पीटीआई समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पढ़िए मनीष शर्मा की रिपोर्ट

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी.

Rajasthan News: राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में पुलिस ने नशे के काले कारोबार पर अब तक की सबसे बड़ी चोट की है. नोहर क्षेत्र के असरजाना गांव में पुलिस ने एक ऐसी मिनी फैक्ट्री पकड़ी है, जहां धड़ल्ले से खतरनाक एमडी ड्रग्स तैयार की जा रही थी. एसपी नरेंद्र मीना के कुशल मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई ने पूरे इलाके को चौंका कर रख दिया है.

खेत की ढाणी बनी ड्रग्स का अड्डा

पुलिस की गिरफ्त में आए मुख्य आरोपी सुभाष बिश्नोई ने बेहद शातिराना तरीके से एक खेत की ढाणी को नशे की फैक्ट्री में बदल दिया था. इस ढाणी में गुप्त रूप से केमिकल के जरिए सिंथेटिक ड्रग्स बनाई जा रही थी. हैरानी की बात यह है कि इस गंभीर अपराध में एक सरकारी स्कूल का शारीरिक शिक्षक (पीटीआई) विजयपाल सिंह भी शामिल पाया गया. इसके अलावा सुनील कुमार नाम का एक युवक जो पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहा था वह भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया है.

Advertisement

गुजरात का वांटेड तस्कर है मास्टरमाइंड

पुलिस पूछताछ में पता चला है कि इस गिरोह का मास्टरमाइंड सुभाष बिश्नोई है जो मूल रूप से जालौर का रहने वाला है. वह गुजरात पुलिस की लिस्ट में पहले से ही वांछित अपराधी है. उसके खिलाफ एनडीपीएस, पॉक्सो, डकैती और मारपीट जैसे पांच संगीन मामले पहले से दर्ज हैं. आरोपी की गिरफ्तारी पुलिस के लिए एक बड़ी कामयाबी मानी जा रही है.

भारी मात्रा में नशीले पदार्थ 

नोहर थानाधिकारी अजय कुमार और उनकी टीम ने इस छापेमारी में 5.36 ग्राम एमडी ड्रग्स और 212 ग्राम अफीम बरामद की है. इसके साथ ही ड्रग्स बनाने में उपयोग होने वाले भारी मात्रा में केमिकल और अन्य उपकरण भी जब्त किए गए हैं. पुलिस की इस कार्रवाई से नशा तस्करों के हौसले पस्त हो गए हैं.

पांच आरोपी अभी भी फरार

इस पूरे ऑपरेशन में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है लेकिन पांच अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह नेटवर्क कब से सक्रिय था और इसके तार कहां तक जुड़े हैं. एसपी ने स्पष्ट कर दिया है कि फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार दबिश दी जा रही है.

यह भी पढ़ें- राजस्‍थान को 1100 से ज्यादा इलेक्ट्रिक बसों की सौगात, किन-किन जिलों को मिलेगा लाभ?