नगर निकाय चुनावों को लेकर बीजेपी प्रदेश कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक हुई. निकाय चुनाव की तैयारियों, बूथ स्तर तक संगठन की सक्रियता, प्रत्याशी चयन, चुनावी रणनीति, स्थानीय मुद्दों, केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने को लेकर मंथन हुआ. इस बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश प्रभारी राधामोहन दास अग्रवाल, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद मदन राठौड़, प्रदेश संगठन महामंत्री अजय, निकाय चुनाव प्रभारी और राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी मौजूद थे. बैठक में तय हुआ कि भाजपा निकाय चुनाव में सरकार के विकास कार्यों, सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर जनता के बीच जाएगी.
राजस्थान की प्यासी धरती तक पानी पहुंचाने की कोशिश- सीएम
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान सरकार ने ढाई वर्ष के कार्यकाल में विकास की नई दिशा देने का काम किया है. सरकार की उपलब्धियां केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि योजनाओं और परियोजनाओं को धरातल पर उतारने का काम तेजी से हुआ है. युवाओं को रोजगार, किसानों का कल्याण, महिलाओं का सशक्तिकरण, जल उपलब्धता, निवेश और आधारभूत ढांचे के विकास को सरकार ने अपनी प्राथमिकताओं में रखा है.
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने 1 लाख 89 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां देने का महत्वपूर्ण कार्य किया है. प्रदेश की जल आवश्यकताओं को देखते हुए यमुना जल समझौता और राम जल सेतु जैसे ऐतिहासिक कार्य किए गए हैं. राजस्थान की प्यासी धरती तक पानी पहुंचाने के लिए किए जा रहे ये प्रयास आने वाले समय में प्रदेश के लिए मील का पत्थर साबित होंगे.
मुख्यमंत्री बोले- राजस्थान में निवेश का माहौल मजबूत हुआ
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान में निवेश का वातावरण लगातार मजबूत हुआ है. लगभग 35 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों में से करीब 9 लाख करोड़ रुपये के निवेश धरातल पर उतरने की दिशा में आगे बढ़ चुके हैं. सरकार किसान, युवा और महिला समेत प्रत्येक वर्ग के हितों को ध्यान में रखकर काम कर रही है. किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों को बढ़ी हुई राशि 9000 रूपये उपलब्ध कराई जा रही है.
सीएम भजनलाल शर्मा ने निकाय चुनाव की रणनीति पर चर्चा की.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान प्रदेश में व्याप्त कुशासन और भ्रष्टाचार के स्थान पर भाजपा सरकार ने सुशासन और लोक कल्याण की सरकार स्थापित की है. निकाय चुनाव में भाजपा सरकार के इन्हीं कार्यों और उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाएगी.
पार्टी बूथ स्तर तक तैयार- मदन राठौड़
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बैठक के बाद पत्रकारों को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि संगठन हर समय चुनाव के लिए तैयार रहता है. आगामी निकाय चुनावों को लेकर पार्टी की बूथ स्तर तक तैयारी है और कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरने के लिए तैयार हैं.
उन्होंने कहा, "स्थानीय स्तर पर जिसका जनता के बीच प्रभाव होगा, जो संगठन के प्रति समर्पित होगा और जिसे जनता का विश्वास प्राप्त होगा, उसे अवसर दिया जाएगा. युवा, महिला और कमजोर वर्गों की भी प्रत्याशी चयन और चुनावी प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भागीदारी सुनिश्चित होगी."
बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि प्रत्याशी चयन में किसी प्रकार का भाई-भतीजावाद, पक्षपात या व्यक्तिगत दबाव स्वीकार नहीं किया जाएगा. जनाकांक्षा के अनुरूप और जीत की क्षमता रखने वाले उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा. पार्टी का प्रयास रहेगा कि जनता जिस व्यक्ति को अपना प्रतिनिधि देखना चाहती है, उसे ही चुनाव मैदान में उतारा जाए.