विज्ञापन
7 days ago

Rajasthan News: राजस्थान की राजधानी जयपुर से लेकर गांव की गलियों तक आज तीन विषयों की सबसे ज्यादा चर्चा है—विधानसभा का सत्र, बदलता मौसम और आसमान छूते चांदी के दाम. आज सदन में वित्त, गृह और ऊर्जा विभाग से जुड़े सवालों की झड़ी लगेगी. उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी और किरोड़ी लाल मीणा महत्वपूर्ण रिपोर्ट पेश करेंगे. वहीं, मौसम की बात करें तो पिछले दो हफ्तों से हो रही बेमौसम ओलावृष्टि ने लोगों को परेशान कर रखा है. अब फिर IMD ने अगले 3 दिनों के लिए खराब मौसम का अलर्ट जारी हुआ है, खासकर दक्षिण-पूर्वी राजस्थान और उससे सटे इलाकों में. उत्तर भारत के पहाड़ों से ठंडी हवाएं आ रही हैं जिससे राज्य के बीचों-बीच हवा का एक घेरा बना हुआ है. इस घेराव के कारण राजस्थान और मध्य प्रदेश की सीमा पर अलग-अलग दिशाओं से आने वाली हवाएं आपस में टकरा रही हैं. जब ये हवाएं मिलती हैं, तो बिजली कड़कती है, तेज आंधी चलती है और ओले गिरते हैं. इसके असर से मंगलवार को पूर्वी राजस्थान में बारिश हुई और उत्तरी हिस्सों में घने बादल छाए रहे. अब अगले तीन दिन दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के लिए चिंताजनक हो सकते हैं. क्योंकि ओलावृष्टि और तेज आंधी खड़ी फसलों को बर्बाद कर रही है. उधर, एमसीएक्स (MCX) पर चांदी 12% और सोना 5.5% उछलकर रिकवरी मोड में हैं. निवेशक अब फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद और आज आने वाले 'ADP प्राइवेट पेरोल' डेटा पर नजरें टिकाए हुए हैं. इस लाइव ब्लॉग में हम आपको देंगे सबसे सटीक और तेज अपडेट्स.

Here Are The Live Updates of Rajasthan News

LIVE TV

Rajasthan Breaking News LIVE: बलजीत यादव को 7 फरवरी तक रिमांड में भेजा गया

बहरोड़ के पूर्व विधायक बलजीत यादव को गिरफ्तारी के बाद ईडी ने MLA फंड घोटाले में बुधवार को कोर्ट में पेश किया. जयपुर की विशेष अदालत ने लंबी बहस के बाद बलजीत यादव को तीन दिन (07 फरवरी तक) की रिमांड पर भेज दिया है. ईडी ने बलजीत यादव को मंगलवार देर रात जिस मामले में गिरफ्तार किया था, वह स्पोर्ट्स किट खरीद घोटाले से जुड़ा है. बलजीत यादव ने बहरोड़ विधायक जसवंत यादव पर उन्हें फंसाने के आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि वे खुद स्टेज 4 कैंसर से जूझ रहे हैं और अपने मंदबुद्धि बेटे को विधायक बनाना चाहते हैं. इसलिए मुझे फंसाया जा रहा है. 

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

Rajasthan Breaking News LIVE: कोटा में पैसे लेकर परिजनों ने किया बाल विवाह

कोटा के कैथून थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका के बाल विवाह के मामले में जिला कलेक्टर के निर्देशों के बाद  से नाबालिग बालिका को संरक्षण में लेकर राजकीय बालिका गृह में अस्थाई आश्रय दिया गया. सहायक निदेशक मीना ने बताया कि बालिका को संरक्षण में लेने के दौरान टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी. बालिका के परिजनों ने बालिका को छुपा दिया और किसी भी प्रकार की जानकारी देने से मना कर दिया. बाद में समझाइश और पुलिस की मदद से बालिका को ढूंढा गया.

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

Rajasthan Breaking News LIVE: राजस्थान में दवाओं और मेहंदी के कई प्रोडक्ट पर कार्रवाई

राज्यभर में बिक रही दवाओं और कॉस्मेटिक उत्पादों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए कई नामी कंपनियों की दवाओं और मेहंदी को मानक के अनुरूप न पाये जाने पर घटिया क्वालिटी पाई गई है. यह सूची 4 फरवरी 2026 को जारी की गई है और इसमें 16 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 के बीच जांचे गए नमूने की रिपोर्ट जारी की गई है. औषधि नियंत्रण विभाग ने साफ निर्देश दिए हैं कि जिन बैचों के नमूने फेल पाए गए हैं, उनका स्टॉक तुरंत बाजार से हटाया जाए, ताकि मरीजों की सेहत पर कोई खतरा न रहे.

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

Rajasthan Breaking News LIVE: थ्री डिजिट VIP नंबर मामले में जयपुर में बड़ी कार्रवाई

थ्री डिजिट VIP नंबर मामले में वाहनों पर जयपुर में बुधवार को बहुत बड़ी कार्रवाई हुई. इसके तहत कुल 493 वाहनों के पंजीयन निरस्त किए गए हैं. इनमें से अधिकतर वाहन ऐसे जिनका या तो रिकॉर्ड ग़ायब था या ग़लत तरीक़े से किया गया था. बैकलॉग, निरस्त किए गए वाहनों में से अधिकतर वाहन है वीआईपी नंबर वाले,अधिकतर महंगी गाड़ियों पर धारित थे. ये नंबर, क़रीबन 150 करोड़ रुपये मूल्य की गाड़ियों पर कार्रवाई हुई है. अब इन वाहनों को लेने पड़ेंगे नये नंबर, बिना नंबरों के नहीं कर पायेंगे. वाहन का संचालन, गाड़ियों के आरसी ऑनलाइन निरस्त के आदेश किए गए हैं. इन वाहनों के बैकलॉग करने वाले कार्मिकों के ख़िलाफ़ गांधीनगर थाने में मुकदमा दर्ज करवाया जा चुका है. अब देखना ये है कि क्या राजस्थान के अन्य आरटीओ भी क्या ऐसी कार्रवाई कर पायेंगे.

Rajasthan Breaking News LIVE: दौसा कलेक्टर और तहसीलदार विधानसभा में होंगे तलब

दौसा विधायक डीसी बैरवा की शिकायत पर दौसा के कलेक्टर और तहसीलदार विधानसभा में तलब होंगे. गुरुवार को विधानसभा अध्यक्ष के सामने दौसा कलेक्टर और तहसीलदार की पेशी होगी. कांग्रेस के विधायक विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी से मिले थे. उन्होंने विधायक के साथ तहसीलदार की बहस और बर्ताव को लेकर शिकायत की. इसके बाद विधानसभा से दौसा कलेक्टरेट में हाजिर होने का फरमान भेजा गया. इस बीच दौसा विधायक डीसी बैरवा ने विधानसभा परिसर में गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह से आग्रह करते हुए पूरी जानकारी दी. विधायक ने तहसीलदार के बर्ताव को आपत्तिजनक बताया. इस पर बेढम ने कहा कि दौसा विधायक ने वीडियो दिखाया है. इसका परीक्षण करेंगे और जो भी न्याय संगत कार्रवाई होगी वह करेंगे.

Rajasthan Breaking News LIVE: पूर्व विधायक बलजीत यादव की गिरफ्तारी पर बालकनाथ का तल्ख बयान

पूर्व विधायक बलजीत यादव की गिरफ्तारी के बाद तिजारा विधायक महंत बाबा बालकनाथ ने तल्ख बयान दिया है. बालकनाथ ने कहा - पहले विधायक रहते पोस्ट छपवाते थे. भ्रष्टाचारियों को पकड़ने पर 51000 का इनाम देने की बात करते थे. अब जब खुद भ्रष्टाचार में गए हैं तो 51 लाख रुपए दें पूर्व विधायक. यह 51 लाख रुपए उन्हें धर्म खाते या किसी गोशाला में देने चाहिए. इस जन्म में तो उनके पापों का प्रायश्चित नहीं हो सकता. हो सकता है कि अगले जन्म तक उनके पाप कुछ कट जाएं.

Rajasthan Breaking News LIVE: राजस्थान विधानसभा में कल नहीं होगा प्रश्न काल

राजस्थान विधानसभा में गुरुवार को प्रश्न काल नहीं होगा, जबकि सीधे शून्य काल से ही शुरू होगी विधानसभा की कार्यवाही. विधानसभा सुबह 11 बजे से शुरू होगा लेकिन प्रश्न काल की बजाय शून्य काल के साथ सदन का काम का शुरू होगा. बताया जा रहा है कि पहले से BAC की बैठक में निर्धारित नहीं थी 5 फरवरी की बैठक. लिहाजा 5 फरवरी के लिए आवंटित नहीं हुए थे सवाल. ऐसे में नहीं होगा प्रश्न काल.

Rajasthan Breaking News LIVE: संविदा पर नियुक्ति के खिलाफ अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ का विरोध

श्रीगंगानगर में अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की ओर से कॉलेजों में संविदा पर नियुक्तियां करने के विरोध में विरोध-प्रदर्शन किया गया. कॉलेज शिक्षकों ने प्रस्तावित चयन प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाने,सोडाणी समिति की सिफारिशों को लागू करने और सभी राज-सीईएस महाविद्यालयों को सामान्य राजकीय महाविद्यालयों की तरह संचालित करने की मांग की.

Rajasthan Breaking News LIVE: खेजड़ी बचाओं के लिए संत समाज का आमरण अनशन जारी

बीकानेर में खेजड़ी वृक्षों की कटाई के विरोध में संत समाज का आमरण अनशन लगातार जारी है. धरना स्थल पर संत समाज के साथ बड़ी संख्य में महिलाएं और पुरुष अनशन पर बैठे है. सरकार लगातार खेजड़ी संरक्षण की मांग की जा रही है. उन्होंने कहा कि जबतक उनकी मांग पूरी नहीं तो उनका आंदोलन रुकने वाला नहीं है.

लंच ब्रेक के बाद सदन शुरू होते ही शांति धारिवाल ने इतिहास पर सरकार को घेरा

लंच ब्रेक के बाद विधानसभा की कार्यवाही फिर से शुरू हो गई है. वहीं शांति धारीवाल राज्यपाल के अभिभाषण पर अपनी बात रखा. धारीवाल ने सरकार के इतिहास हटाने के रवैये को लेकर कहा कि वे यह तय नहीं कर रहे कि यह सही है या गलत, क्योंकि ऐतिहासिक चीजें गलत की श्रेणी में नहीं आतीं। लेकिन सवाल यह है कि जब सरकार मुगलों के इतिहास को हर जगह से हटाती जा रही है, तो फिर अकबर की स्तुति वाला शिलालेख क्यों बचाकर रखा गया है.

लंच ब्रेक तक के लिए विधानसभा की कार्यवाही स्थगित

इन मुद्दों और हंगामे के बीच स्पीकर देवनानी ने विधानसभा की कार्यवाही लंच ब्रेक तक के लिए स्थगित कर दी है. लंच ब्रेक से लौटने के बाद दोपहर 2 बजे कार्यवाही फिर से शुरू होगी.

छात्रा के जहर खाने पर के मामले को रफीक खान ने उठाया

कांग्रेस सचेतक रफीक खान ने सदन में एक स्कूली छात्रा द्वारा जहर खाने का गंभीर मामला उठाया. उन्होंने आरोप लगाया स्कूल में अटेंडेंस शॉर्ट होने का मामला इतना बढ़ गया कि छात्रा ने जहर खा लिया. क्रांग्रेस सचेतक ने आरोप लगाए कि यह बच्ची को टॉर्चर करने का मामला लग रहा है. उन्होंने मामले को लेकर गृह राज्य मंत्री और सरकार का ध्यान ऐसे गंभीर मुद्दे को लेकर गंभीरता दिखाने के साथ ऐसे स्कूलों पर कार्रवाई करने की बात कही है. 

विधानसभा गूंजी हिंडोली हत्या कांड और पुलिस की लापरवाही पर तीखे सवाल

शून्यकाल में बूंदी के हिंडोली में हुई नृशंस हत्या के मामले ने सदन को झकझोर कर रख दिया. विधायक हरिमोहन शर्मा द्वारा उठाए गाय. जिसमें उन्होंने  बूंदी के हिंडोली में गणतंत्र दिवस के दिन एक युवक की चाकू से गोदकर हुई हत्या का मामला विधानसभा में उठा. विधायक हरिमोहन शर्मा ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आरोपी पहले भी मृतक के पिता का अपहरण कर चुका था, लेकिन पुलिस ने समय पर कार्रवाई नहीं की. उन्होंने दलित और कमजोर वर्ग के साथ मुआवजे में होने वाले भेदभाव और कोटा पुलिस रेंज पर सरकार के ढीले नियंत्रण को लेकर भी सरकार को घेरा.

बेघरों के मुद्दे पर सदन में हंगामा

बेघर, भूमिहीन, बेघर और बेघर परिवारों के मुद्दे पर आज विधानसभा में जमकर हंगामा हुआ. प्रश्नकाल के दौरान शहरी विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा विपक्ष के सवालों में उलझते नजर आए. जवाबों से असंतुष्ट विपक्ष ने मंत्री पर सवाल का सीधा जवाब न देने का आरोप लगाया, जिसके बाद सदन में तीखी बहस शुरू हो गई.

काजड़ा गांव को मिली नई रोडवेज बस की सौगात

झुंझुनू जिले के काजड़ा गांव के ग्रामीणों को रोडवेज की नई बस सर्विस की सौगात मिलने से बड़ी राहत मिली है. सालों से चली आ रही रात में सफर की समस्या अब पूरी तरह खत्म हो गई है. नई बस सर्विस झुंझुनू से शाम 5:30 बजे रवाना होगी और शाम 7:20 बजे काजड़ा गांव पहुंचेगी. बस का रात का ठहराव काजड़ा गांव में ही होगा. अगले दिन बस काजड़ा से सुबह 6:50 बजे रवाना होगी और सुबह 8:20 बजे झुंझुनू पहुंचेगी, जबकि सुबह 10:20 बजे सीकर पहुंचेगी.

राजस्व विभाग के सवा पर घिरे मंत्री हेमंत मीणा

विधानसभा में राजस्व विभाग को लेकर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए मंत्री हेमंत मीणा बुरी तरह घिर गए. MLA पितराम सिंह काला ने सदन में राजस्व रिकॉर्ड  को लेकर सदन में सवाल उठाया था. उन्होंने पूछा था कि क्या सरकार पॉपुलर रूट (कटनी रूट पर) को रेवेन्यू रिकॉर्ड में रजिस्टर करने का इरादा रखती है? इस पर रेवेन्यू मिनिस्टर ने जवाब तो दिया लेकिन वे संबंधित टॉपिक से भटक गए. इस पर पितराम सिंह काला ने जवाब को अधूरा बताया. इसके बाद जब मंत्री ने दुबारा इसी मुद्दे पर सरकार की स्थिति साफ करने की कोशिश की, तो विधानसभा स्पीकर ने उन्हें बैठने के लिए कहा क्योंकि उनकी तरफ से अभी भी साफ जवाब नहीं मिला था.

मार्च 2026 तक चित्तौड़गढ़ के हर घर में पहुंचेगा नल से जल

विधानसभा सत्र के दौरान चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने अपने क्षेत्र के पेयजल से वंचित गांवों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया. उन्होंने सरकार से सीधा सवाल किया कि आखिर चम्बल लिफ्ट परियोजना का पानी अब तक जनता तक क्यों नहीं पहुँच पाया?

इस पर जवाब देते हुए PHED मंत्री कन्हैया लाल चौधरी ने सदन को आश्वस्त किया कि चित्तौड़गढ़ और भदेसर पंचायत समितियों में पेयजल आपूर्ति का काम जारी है. मंत्री ने पिछली सरकार के कार्यकाल में हुई गड़बड़ियों का हवाला देते हुए कहा कि विभाग अब फूंक-फूंक कर कदम रख रहा है ताकि भविष्य में कोई त्रुटि न हो. उन्होंने घोषणा की कि वर्तमान योजनाओं की समीक्षा के लिए कल एक विशेष बैठक बुलाई गई है और मार्च 2026 तक चित्तौड़गढ़ विधानसभा के हर घर में स्वच्छ पेयजल सुनिश्चित कर दिया जाएगा.

खेजड़ी बचाओ महापड़ाव के तीसरे दिन, हाथ बांध किया विरोध

खेजड़ी बचाओ महापड़ाव के तीसरे दिन बड़ी संख्या में पर्यावरणविद इकट्ठा हुए. अब कलेक्ट्रेट के सामने चल रहे आंदोलन में पर्यावरणविदों का एक अनोखा विरोध प्रदर्शन देखने को मिल रहा है, जिसमें तीन लोगों ने हाथ बांधकर विरोध किया. 

विश्व कैंसर दिवस पर पूर्व सीएम अशोक गहलोत का संदेश कैंसर की सजगता है जरुरी

विश्व कैंसर दिवस पर पूर्व सीएम अशोक गहलोत  ने सोशल मीडिया एक्स पर बड़ा संदेश दिया है. जिसमें उन्होंने कैंसर को लेकर लोगों से सजग रहने की अपील की है. उन्होंने पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि कैंसर की समय पर स्क्रीनिंग और लक्षणों की पहचान को सबसे प्रभावी हथियार के रुप में होती है. साथ ही उन्होंने बताया कि पूर्व में उनकी सरकार ने  जयपुर के प्रताप नगर में ₹100 करोड़ का स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट (SCI) जनता को समर्पित किए हैं. इसकी शुरुआती पहचान के लिए 'मोबाइल कैंसर निदान वैन' चलाई है. साथ ही चिरंजीवी योजना से कैंसर जैसे महंगे उपचार को पूरी तरह कैशलेस और सुलभ बनाया है. 

 पूर्व सीएम अशोक गहलोत का पोस्ट

जूली vs बेढम: ट्रेड टॉक

विधानसभा में बजट सेशन के दौरान सदन के बाहर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और कांग्रेस सचेतक रफीक खान सदन के बाहर गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम के साथ दिखे. दोनों नेताओं ने ट्रेड डील को लेकर गृह राज्य मंत्री से बातचीत की. उन्होंने कहा कि सरकार को झुकना नहीं चाहिए था. इस पर जवाब देते हुए मंत्री ने कहा कि PM की नीति बेहद कारीगर थी कि अमेरिका को भी बैकफुट पर आना पड़ा. इस पर नेता प्रतिपक्ष जूली ने पूछा कि PM की ऐसी कौन सी फॉरेन पॉलिसी थी कि अमेरिका को भी बैकफुट पर आना पड़ा. इस पर मंत्री ने कहा कि PM ने भारत के हर नागरिक को आत्मनिर्भर बनाने का जो संकल्प लिया, उसके आगे अमेरिका को भी झुकना पड़ा.

Ajmer Court Strike News: अजमेर के अधिवक्ताओं की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू

अजमेर के अधिवक्ताओं ने 14 सूत्रीय मांगां को लेकर आज से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है. इसके चलते आज कोई भी अधिवक्ता न्यायिक कार्य नहीं करेगा. बता दें कि नए भवन में शिफ्ट होने के बाद से ही वकील व पक्षकारों की सुरक्षा मुद्दा बना हुआ है. घटिया निर्माण और बढ़ती दुर्घटनाओं से अधिवक्ता समुदाय में गहरा रोष है. भाजपा नेता एडवोकेट राजीव भारद्वाज बगरू ने विरोध दर्ज कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है.

Rajasthan LIVE News: भरतपुर में मकान पर बुलडोजर चलता देख सड़क पर लेट गई महिला

भरतपुर नगर निगम की अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही जारी है, जिसमें पांच जेसीबी मशीनों का उपयोग किया जा रहा है. इस दौरान एक बुजुर्ग महिला ने बीच सड़क पर लेटकर विरोध किया, क्योंकि उसका बच्चा जेल में है और वह नहीं चाहती कि उसका मकान तोड़ा जाए. नगर निगम आयुक्त श्रवण कुमार विश्नोई ने महिला को आश्वासन दिया कि उनका मकान नहीं तोड़ा जाएगा. लोगों ने नगर निगम प्रशासन से समय मांगा है, और आयुक्त ने दो सप्ताह का समय दिया है. कई लोग खुद ही अतिक्रमण हटाने लगे हैं और उन्होंने लिखित में दिया है कि वे खुद अतिक्रमण हटाएंगे.

यह कार्यवाही केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान से लेकर बी नारायण गेट तक 50 फीट रोड चौड़ीकरण के लिए की जा रही है. नगर निगम आयुक्त श्रवण कुमार विश्नोई ने बताया कि अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही शांतिपूर्ण ढंग से चल रही है और लोगों को समझाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाने के बाद रोड चौड़ीकरण का काम शुरू किया जाएगा, जिससे शहर की सूरत बदलेगी और लोगों को सुविधा होगी.

Rajasthan News LIVE: 'खेजड़ी बचाओ आंदोलन' को संतों का साथ, आज एक दिन के उपवास का आह्वान

बीकानेर में जारी 'खेजड़ी बचाओ आंदोलन' ने अब आध्यात्मिक रूप ले लिया है. संत सच्चिदानंद महाराज ने पर्यावरण के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त करते हुए सभी पर्यावरण प्रेमियों से आज एक दिन का उपवास रखने का विशेष आह्वान किया है. महाराज ने अपील की है कि जो लोग धरना स्थल पर नहीं पहुंच पा रहे हैं, वे अपने घरों में रहकर ही खेजड़ी की रक्षा के संकल्प के साथ व्रत रखें और सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी पोस्ट साझा कर इस मुहिम को मजबूती प्रदान करें. इस पहल का उद्देश्य खेजड़ी के संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता फैलाना और आंदोलन को घर-घर तक पहुंचाना है.

Rajasthan News LIVE: जहाजपुर का नाम 'यज्ञपुर' करने की मांग

राजस्थान विधानसभा में जहाजपुर कस्बे का नाम बदलकर 'यज्ञपुर' करने की मांग जोर-शोर से गूंजी. जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीणा ने सदन में यह प्रस्ताव रखते हुए दावा किया कि प्राचीन काल में इस क्षेत्र का नाम यज्ञापुर था, जिसका सीधा संबंध ऐतिहासिक 'नाग यज्ञ' से है. विधायक मीणा ने पौराणिक संदर्भों का हवाला देते हुए कहा कि कस्बे की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान को पुनर्जीवित करने के लिए इसका प्राचीन नाम वापस लौटाना जरूरी है.

Khejri Bachao Andolan Bikaner LIVE Updates: 'खेजड़ी बचाओ' महापड़ाव को आरएलपी का समर्थन

बीकानेर में चल रहे 'खेजड़ी बचाओ' महापड़ाव को अब राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) का भी सक्रिय समर्थन मिल गया है. पार्टी सुप्रीमो और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल के निर्देशानुसार, युवा नेता थानसिंह डोली आज दोपहर 12:30 बजे अपने काफिले के साथ बीकानेर पहुंचे और धरने में शामिल हुए. डोली ने स्पष्ट किया कि वे पर्यावरण प्रेमियों की इस लड़ाई में उनके साथ खड़े हैं और राज्य वृक्ष खेजड़ी को बचाने के इस आंदोलन में जीत हासिल होने तक पीछे नहीं हटेंगे.

Rajasthan News LIVE: महिला की हत्या और लूट के विरोध में ग्रामीणों का प्रदर्शन, हाईवे किया जाम

सवाई माधोपुर के कोड्याई गांव में एक महिला की हत्या और जेवरात लूट की वारदात ने तूल पकड़ लिया है, जिसके विरोध में ग्रामीणों ने शव को ट्रैक्टर-ट्रॉली में रखकर जस्टाना बाईपास हाईवे पर जाम लगा दिया. बामनवास विधायक इंदिरा मीणा के नेतृत्व में ग्रामीण रात भर से अज्ञात बदमाशों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं. इलाके में बढ़ते तनाव और संवेदनशीलता को देखते हुए मौके पर पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है, जबकि प्रदर्शनकारी दोषियों को चिन्हित कर तुरंत सलाखों के पीछे भेजने की मांग पर अड़े हुए हैं.

Rajasthan News LIVE Updates: MLA फंड दुरुपयोग मामले में पूर्व विधायक बलजीत यादव गिरफ्तार

प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जयपुर इकाई ने बीती रात बहरोड़ के पूर्व निर्दलीय विधायक बलजीत यादव को विधायक कोष (MLA फंड) के दुरुपयोग और मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में गिरफ्तार कर लिया. भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की एफआईआर के आधार पर हुई इस कार्रवाई के अनुसार, यादव पर अपने कार्यकाल (2018-23) के दौरान 32 सरकारी स्कूलों में सहयोगियों की फर्मों के जरिए घटिया खेल सामग्री सप्लाई करवाने का गंभीर आरोप है.

गौरतलब है कि पिछले साल ED ने यादव के 10 ठिकानों पर छापेमारी कर 31 लाख रुपये नकद और अहम दस्तावेज बरामद किए थे, जिसके बाद अब इस मामले में पूर्व विधायक सहित कई फर्म संचालकों और शिक्षा विभाग के कर्मियों पर शिकंजा कसा गया है.

Ajmer Fire LIVE Updates: अजमेर के नसीराबाद सैन्य क्षेत्र की RA लाइन में भीषण आग

अजमेर के नसीराबाद सैन्य क्षेत्र स्थित आरए लाइन में बीती रात अज्ञात कारणों से भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया. आग की विकराल लपटें देख सैन्य अधिकारियों ने तुरंत मोर्चा संभाला और सैन्य सप्लाई डिपो व नगर पालिका की दमकल गाड़ियों को मौके पर बुलाया. दमकल कर्मी हंसराज के अनुसार, करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत और दमकल वाहनों के छह राउंड फेरों के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया. राहत की बात यह रही कि समय रहते की गई कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया और इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई. फिलहाल प्रशासन और सेना आग लगने के कारणों की संयुक्त जांच कर रहे हैं.

Jaipur Hit & Run: जयपुर में बेकाबू कार ने साइकिल सवार 4 मजदूरों को मारी टक्कर

जयपुर के विद्याधर नगर इलाके में देर रात एक बेकाबू कार ने साइकिल सवार चार मजदूरों को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गई. इस भीषण हादसे में चारों मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात वाहन और ड्राइवर की तलाश में जुटी है.

Rajasthan News LIVE: सचिन पायलट ने पूर्व मंत्री हेम सिंह भड़ाना को दी श्रद्धांजलि

कांग्रेस के दिग्गज नेता सचिन पायलट ने मंगलवार रात खैरथल-तिजारा जिले के बघेरी कलां गांव पहुंचकर पूर्व मंत्री स्वर्गीय हेम सिंह भड़ाना के परिजनों से मुलाकात की. पायलट ने भड़ाना के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की. 

लंबी बीमारी के बाद दो दिन पहले ही पूर्व मंत्री का निधन हो गया था. पायलट ने शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की. इस दौरान उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से भी दुख साझा करते हुए परिजनों के प्रति अपनी सहानुभूति प्रकट की.

Silver Price Today: चांदी ₹30,000 महंगी

पिछले तीन दिनों से चांदी की कीमतों में जारी ऐतिहासिक 'क्रैश' पर आखिरकार मंगलवार को ब्रेक लग गया और बाजार में एक जबरदस्त 'बाउंस बैक' देखने को मिला. कमोडिटी मार्केट (MCX) में चांदी ने इतिहास रचते हुए 13.07% की तूफानी बढ़त दर्ज की, जिससे इसकी कीमतें ₹30,881 की छलांग लगाकर ₹2,67,142 प्रति किलोग्राम पर बंद हुईं.

वहीं, दिल्ली के हाजिर बाजार में भी चांदी की कीमतों में करीब ₹24,000 (9.23%) का भारी उछाल आया, जिसके बाद यह ₹2,84,000 प्रति किलो के स्तर पर पहुंच गई है. 

गौरतलब है कि 29 जनवरी को ₹4,04,500 के अपने 'ऑल टाइम हाई' स्तर से चांदी करीब 36% तक टूट गई थी, लेकिन अब रिकवरी के बाद निवेशकों ने राहत की सांस ली है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी तेजी का रुख बना हुआ है, जहां चांदी $86 प्रति औंस के पार कारोबार कर रही है.

Gold Rate Today: ग्लोबल मार्केट में सोने की तूफानी वापसी, दिल्ली में भी कीमतें आसमान पर

अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में एक बार फिर जबरदस्त 'बाउंस बैक' देखने को मिल रहा है. बुधवार, 4 फरवरी को स्पॉट गोल्ड 2.2% की शानदार बढ़त के साथ $5,044.74 प्रति औंस के पार निकल गया, जबकि इससे ठीक एक दिन पहले मंगलवार को इसमें 2008 के बाद की सबसे बड़ी (5.9%) ऐतिहासिक दैनिक छलांग देखी गई थी. 

वैश्विक स्तर पर आई इस तेजी का असर भारतीय बाजारों पर भी साफ नजर आ रहा है. दिल्ली के सर्राफा बाजार में आज 24 कैरेट सोने का भाव ₹1,54,090 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है. वहीं गहने बनाने के काम आने वाला 22 कैरेट सोना ₹1,41,260 प्रति 10 ग्राम के स्तर पर ट्रेड कर रहा है. 

वायदा बाजार में भी तेजी का रुख बरकरार है, जहां अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स (अप्रैल डिलीवरी) 2.7% की मजबूती के साथ $5,067.0 प्रति औंस के करीब बना हुआ है.

Rajasthan Assembly LIVE Updates: आज सदन में रहेगा गहमागहमी भरा दिन

 राजस्थान विधानसभा की कार्यवाही आज सुबह 11 बजे प्रश्नकाल के साथ शुरू होगी, जिसमें उद्योग, जल संसाधन, ऊर्जा और नगरीय विकास जैसे महत्वपूर्ण विभागों पर तीखे सवाल-जवाब होने की उम्मीद है. सदन में आज राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा का दौर जारी रहेगा, जिसे देखते हुए बहस का समय एक दिन और बढ़ाया गया है. अब सरकार इस पर कल अपना जवाब पेश करेगी. विधायी कार्यों की बात करें तो आज सदन की मेज पर सूचनाओं और रिपोर्टों की झड़ी लगेगी. उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी वित्त विभाग की 27 अधिसूचनाएं और जन आधार प्राधिकरण की वार्षिक रिपोर्ट पेश करेंगी, वहीं उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा परिवहन विभाग की अधिसूचना प्रस्तुत करेंगे. इसके अतिरिक्त, मंत्री किरोड़ी लाल मीणा, सुमित गोदारा और गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म भी अपने-अपने विभागों की महत्वपूर्ण अधिसूचनाएं और वार्षिक प्रतिवेदन सदन के पटल पर रखेंगे.

Close