विज्ञापन
1 month ago

Rajasthan News Live Updates, 12 february 2026: देश की 10 बड़ी केंद्रीय ट्रेड यूनियनों और किसान संगठनों ने गुरुवार (12 फरवरी) को भारत बंद का ऐलान किया है. साल 2025 में लागू हुए चार नए श्रम कानून के विरोध में ट्रेड यूनियन प्रदर्शन करेगी. इस विरोध प्रदर्शन में करोड़ों श्रमिक के शामिल होने की संभावना है. ऐसे में देश भर में सरकारी कार्यालय, बाजार, परिवहन और बैंक सेवा प्रभावित होने की संभावना है. उनका आरोप है कि यह नए कानून मजदूरों के अधिकारों को कमजोर करते हैं साथ ही कंपनी को कर्मचारियों को निकालने की खुली छूट देते हैं. ऐसे में ट्रेड यूनियनों ने विरोध में देश भर में हड़ताल की घोषणा कर भारत का ऐलान किया है.

राजस्थान बजट-2026 पेश होने के बाद वार-पलटवार जारी है. दिया कुमारी ने करीब 3 घंटे की स्पीच पढ़ी. इस बार का बजट 21 लाख 52 हजार 100 करोड़ रुपये का है, जो पिछले साल के बजट के मुकाबले 41.39 फीसदी ज्यादा है. वहीं, विपक्ष ने इसे 'नाम बदलने वाली सरकार' करार देकर तीखा हमला बोला है. नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने इसे 'संवेदनहीन' बताते हुए युवाओं और कर्मचारियों की अनदेखी का आरोप लगाया है. लाइव ब्लॉग में पढ़िए पल-पल की अपडेट 

Rajasthan Breaking News: FSL रिपोर्ट तैयार साध्वी प्रेम बाईसा के मौत के कारणों का होगा खुलासा

साध्वी प्रेम बाईसा मौत मामला के मामले में FSL रिपोर्ट आने की सूचना है. मेडिकल कॉलेज अब फाइनल पोस्टमार्टम रिपोर्ट तैयार कर रही है. जिसके बाद रिपोर्ट को पुलिस को सौंपा जाएगा. माना जा रहा है कि पुलिस शुक्रवार (13 फरवरी) को साध्वी प्रेम बाईसा के मौत के कारणों पर से पर्दा उठा सकती है. वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर पुलिस बड़ा एक्शन ले सकती है. बता दें, साध्वी प्रेम बाईसा की मौत का कारण इंजेक्शन बताया जा रहा था. जिसके लगाने के बाद मौत हुई थी.

Rajasthan Breaking News: पूरे राजस्थान में खेजड़ी कटाई पर रोक के आदेश

बीकानेर में स्थानीय लोग सौर ऊर्जा परियोजनाओं के लिए खेजड़ी वृक्ष की कटाई को लेकर विरोध में लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं. यह आंदोलन सरकार के लिए परेशानी का सबब बनने लगा. ऐसे में गुरुवार (12 फरवरी) की देर शाम बीकानेर धरना स्थल पर सरकार की ओर से एक प्रतिनिधिमंडल को भेजा गया. सरकार के प्रतिनिधिमंडल में मंत्री केके बिश्नोई, बीजेपी उपाध्यक्ष बिहारी बिश्नोई, जसवंत बिश्नोई और पब्बाराम बिश्नोई शामिल थे. जो बातचीत करने के लिए बीकानेर पहुंचे थे. सरकार की ओर से पहुंचे प्रतिनिधिमंडल और संघर्ष समिति के पदाधिकारियों के बीच बातचीत के पूरे राजस्थान में खेजड़ी कटाई पर रोक लगाने का आदेश जारी किया है.

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

Rajasthan Breaking News: भरतपुर में चलती ट्रक में लगी आग

भरतपुर गुर्जर बलाई स्थित क्रेशर जोन की है घटना, जहां चलते ट्रक में वायरिंग में शॉर्ट सर्किट होने से लगी आग. देखते ही देखते आग के गोले में तब्दील हुआ ट्रक. आग की लपटो क़ो देखकर लोगों में मची अफरा तफरी.

Rajasthan Breaking News: CBI ने GST इंस्पेक्टर पर किया आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज

CBI ने GST इंस्पेक्टर अंकित असवाल के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति (DA) का मामला दर्ज किया है. यह कार्रवाई मुकेश बंसल, डिप्टी सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस, सीबीआई, एसीबी/जोधपुर से प्राप्त शिकायत के आधार पर की गई है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अंकित असवाल ने जनवरी 2020 से 18 जनवरी 2024 तक की अवधि में सार्वजनिक सेवक के रूप में काम करते हुए खुद और अपने परिवार के सदस्यों के नाम पर बड़ी मात्रा में सम्पत्ति अर्जित की है, जो उनकी ज्ञात कानूनी आय से 61.80 लाख की राशि से अधिक है. सीबीआई जोधपुर ब्रांच द्वारा दो साल पहले दर्ज मामले में अंकित असवाल, इंस्पेक्टर, सीजीएसटी, जयपुर और अन्य के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 120-बी के साथ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (2018 में संशोधित) की धारा 7 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था. यह मामला रिश्वतखोरी से जुड़ा था, जिसमें एक सफल ट्रैप के बाद अंकित असवाल के आवास पर तलाशी ली गई थी. तलाशी के दौरान जब्त दस्तावेजों और एकत्र जानकारी से खुलासा हुआ कि अंकित असवाल ने डीजीजीआई जयपुर, सीजीएसटी दिल्ली और एसईजेड जयपुर में इंस्पेक्टर के रूप में कार्य करते हुए चल और अचल संपत्ति जमा की, जो उनकी ज्ञात आय से असंगत है.

Rajasthan Breaking News: स्कूल के बजट पर कांग्रेस के बयान पर दिलावर ने दिया जवाब

बजट में स्कूलों की मरम्मत और नए भवन निर्माण के लिए मिले फंड को लेकर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि विभाग लगातार जर्जर स्कूलों के हालात सुधारने का काम कर रहा है. दिलावर ने कहा कि अभी एक हजार करोड़  रुपए मिले हैं और सभी स्कूल सुधारने का काम होगा. दिलावर ने कहा कि भले ही कांग्रेस आरोप लगाए या सवाल उठाए, लेकिन स्कूलों की यह इमारत एक दिन में अचानक जर्जर नहीं हुई है. शिक्षा मंत्री ने कहा कि पिछली सरकार भी समय-समय पर ध्यान देती तो आज ऐसे हालात नहीं होते. उन्होंने कहा कि सरकार सभी स्कूलों की स्थिति में सुधार करेगी. वहीं जेल को मिले बजट को लेकर गोविंद डोटासरा की टिप्पणी पर दिलावर ने कहा कि  डोटासरा को वहीं जाना है.

Rajasthan Breaking News: रेलवे ट्रैक से केबल और खेतों से ट्यूबवेल चुराने वाली गैंग पकड़ी गई

कोटा ग्रामीण की मोड़क थाना पुलिस ने रेलवे ट्रैक से केबल और खेतों से ट्यूबवेल चुराने वाली गैंग पकड़ी हैं . पुलिस ने गैंग के दो सदस्य शेख शादाब और सलमान  दोनों के कब्जे से पानी की 11 मोटर, 8 कॉपर वायर, रेलवे ट्रैक से चोरी हुए ए ई सी वायर के 3 बंडल बरामद किए हैं. पुलिस के मुताबिक पकड़े गए दोनों आरोपी पचपहाड़ भवानी मंडी के रहने वाले हैं. दोनों ने चोरी की दर्जनों वारदातें करना कबूली हैं. चोरों की गैंग ने सुनेल, झालावाड़, भवानी मंडी , श्याम गढ़ और भैंसोदा मंडी सहित राजस्थान और मध्यप्रदेश के कई गांवों में वारदातें की हैं.

Rajasthan Breaking News: शेयर बाजार निवेश के नाम पर 1 हजार लोगों से करोड़ों की ठगी

जोधपुर में हाल ही में शेयर बाजार में निवेश का झांसा देकर एक हजार से अधिक लोगों से करोड़ों रुपये की कथित ठगी करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी सूर्य प्रकाश व्यास की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं. जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट पश्चिम ने आरोपी सूर्य प्रकाश की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए उस पर 5 हजार का इनाम का घोषित किया है. इस पूरे मामले पर जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट की डीसीपी वेस्ट विनीत कुमार बंसल ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. जहां एडीसीपी रोशन मीणा की अनुशंसा पर इनाम घोषित किया गया है. 

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

Rajasthan Breaking News: विधायक विकास चौधरी के छोटे भाई मनोज विवाह समारोह में पहुंचे जगदीप धनकड़

विधायक विकास चौधरी के छोटे भाई मनोज संग रुचिका चौधरी के विवाह समारोह में पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनकड़ ओर RK मार्बल ग्रुप के चेयरमैन अशोक पाटनी, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत , डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा, केंद्रीय मंत्री भागीरथ चोधरी के प्रतिनिधि सुभाष चौधरी ने की शिरकत नवदंपत्ति को दिया आशीर्वाद.

Rajasthan Breaking News: बूंदी में चौथी क्लास की बालिका पर आवारा कुत्तों का हमला

बूंदी जिले के तालेड़ा थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां चौथी कक्षा में पढ़ने वाली एक मासूम बालिका पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया. हमले में बालिका गंभीर रूप से घायल हो गई. घायल बालिका की पहचान कर्ति सेन के रूप में हुई है, जो तालेड़ा क्षेत्र के एक राजकीय विद्यालय में कक्षा चौथी की छात्रा है. जानकारी के अनुसार कर्ति विद्यालय से घर लौट रही थी, तभी रास्ते में अचानक कुछ आवारा कुत्तों ने उसे घेर लिया और हमला कर दिया. बालिका के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कुत्तों को भगाकर उसे छुड़ाया. 

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

Rajasthan Breaking News: रामदेवरा में सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण पर चला प्रशासन का पीला पंजा

रामदेवरा पोकरण सड़क मार्ग पर पेनोरमा के पास सरकारी भूमि पर किए गए अभिक्रमण को हटाने के लिए तहसीलदार हजाराराम, पटवारी ललित कुमार के साथ भारी संख्या में पुलिस बल पहुंचा और अतिक्रमण किए गए स्थान पर की गई चार दिवारी व कमरे को तोड़ने का अभियान शुरू किया गया. ऐसे में जिनका अतिक्रमण था कुछ लोग कमरे के अंदर घुस गए उन्होंने इस कार्रवाई को गलत बताते हुए प्रशासन की एकतरफा कार्रवाई बताया. उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा अगर अतिक्रमण हटाया ही जा रहा है तो सभी के अतिक्रमण को हटाए जाएं. किसी को टारगेट करके हटाने की कार्रवाई की जा रही है, वह सरासर गलत है.

Rajasthan Breaking News: दहेज प्रथा को नकारने की मिसाल दुल्हे के पिता ने लौटाए 31 लाख रुपये

बानसूर क्षेत्र के बिलाली गांव से दहेज प्रथा के खिलाफ एक प्रेरणादायक उदाहरण सामने आया है, जो अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है. गांव निवासी जालिम सिंह ने अपने पुत्र की शादी में दहेज लेने से साफ इनकार कर समाज के सामने एक सकारात्मक मिसाल पेश की है. प्राप्त जानकारी के अनुसार बिलाली निवासी जालिम सिंह के पुत्र धीरेंद्र सिंह शेखावत की बारात 10 फरवरी को नागौर जिले के लुणसरा गांव पहुंची थी. विवाह समारोह के दौरान कन्या विशाखा राठौड़ के पिता करणी सिंह राठौड़ ने दहेज स्वरूप 31 लाख रुपये देने की पेशकश की. लेकिन इस अवसर पर दुल्हे के पिता जालिम सिंह ने दहेज की राशि लेने से स्पष्ट रूप से मना कर दिया. उन्होंने भावुक शब्दों में कहा, “आपने अपनी बेटी हमें सौंप दी है, वही हमारे लिए सबसे बड़ा दहेज है. 

Rajasthan Breaking News: खनन क्षेत्र में हुए दर्दनाक हादसे के सातवें दिन भी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

अलवर के रामगढ़ थाना क्षेत्र के ओडेला गांव स्थित खनन क्षेत्र में हुए दर्दनाक हादसे के सातवें दिन भी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है, लेकिन पोकलेन मशीन चालक रामानंद का अभी तक कोई सुराग नहीं लग सका है. हादसे के बाद से पूरी प्रशासनिक मशीनरी दिन-रात जुटी हुई है, मगर पानी से भरी खाई चुनौती बनी हुई है. खदान में भरे पानी को निकालने के लिए पहले छोटे पंपों से करीब दो फीट पानी बाहर निकाला गया. इसके बाद भीलवाड़ा से मंगाए गए 250 एचपी क्षमता के बड़े वाटर पंप की मदद से करीब 10 फीट पानी निकालकर आसपास के खेतों में छोड़ा गया. मोटरों को चलाने के लिए बड़ा ट्रांसफार्मर भी लगाया गया है. हालांकि खेत अब पानी से लबालब भर चुके हैं और हालात और जटिल हो गए हैं.

Rajasthan Breaking News: जानामेड़ी में अनियंत्रित ऑटो पलटा, एक ही परिवार के 8 घायल

बांसवाड़ा के सदर थाना क्षेत्र के जानामेड़ी गांव के पास गुरुवार दोपहर एक अनियंत्रित ऑटो पलटने से बड़ा हादसा हो गया। दुर्घटना में ऑटो में सवार एक ही परिवार के 8 लोग घायल हो गए. सभी घायल तेजपुर गांव के निवासी बताए जा रहे हैं, जो ओजरिया स्थित अपने रिश्तेदार के यहां कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे.

Rajasthan Breaking News: मेवाड़ यूनिवर्सिटी में नर्सिंग कोर्स कर रहे कश्मीरी छात्रों का भविष्य अधर में

चित्तौड़गढ़ जिले के गंगरार स्थित मेवाड़ यूनिवर्सिटी में नर्सिंग कोर्स की मान्यता को लेकर चल रहा विवाद अब गहरा गया है. अपनी डिग्री के भविष्य को लेकर प्रदर्शन कर रहे 33 कश्मीरी छात्रों को यूनिवर्सिटी प्रशासन ने सस्पेंड कर दिया है. चित्तौड़गढ़ की मेवाड़ यूनिवर्सिटी एक बार फिर सुर्खियों में है, लेकिन इस बार वजह शिक्षा नहीं बल्कि छात्रों का आक्रोश है. यूनिवर्सिटी के बी. एससी नर्सिंग प्रोग्राम में पढ़ रहे 50 से ज्यादा कश्मीरी छात्रों का भविष्य अधर में लटका हुआ है. आरोप है कि जिस कोर्स में छात्र पढ़ाई कर रहे हैं, उसे न तो राजस्थान नर्सिंग काउंसिल (RNC) और न ही इंडियन नर्सिंग काउंसिल (INC) से जरूरी अप्रूवल मिला है. 

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

Rajasthan Breaking News: 10-10 हजार का कुख्यात इनामी गिरफ्तार

जयपुर में बनी पार्क थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई की है. 10-10 हज़ार के दो फरार इनामी विनय और विकास को गिरफ्तार किया गया है. देश के कई राज्यों में वारदात को अंजाम दे चुके हैं. जयपुर में भी कई वारदात को अंजाम दिया है.

भर्ती के सवाल पर बीजेपी विधायक का जवाब

जोधपुर से विधायक अतुल भंसाली ने कहा कि साल 2026 में 1.50 लाख भर्तियों का कैलेंडर जारी किया गया है. लेकिन कांग्रेस मिथ्या प्रचार कर रही है कि बजट में सरकार ने भर्तियों के लिए कुछ नहीं किया. बता दें कि बीते दिन बजट पेश होने के बाद कांग्रेस नेताओं ने कहा था कि युवाओं के लिए भर्तियों का ऐलान ही नहीं किया गया.

कांग्रेस विधायक रोहित बोहरा ने सरकार को घेरा

राजाखेड़ा से कांग्रेस विधायक ने बजट पर बीजेपी सरकार को जमकर घेरा. उन्होंने जयपुर में मेट्रो, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर मेंटल हेल्थ समेत कई मुद्दों पर घेरा. मेरे विधानसभा क्षेत्र में कृषि उपज मंडी के लिए जमीन तक आवंटित नहीं हुई. विधायक ने कहा कि कालीबाई भील स्कूटी योजना और देवनारायण योजना के तहत दो साल से एक स्कूटी नहीं मिली. स्वामी विवेकानंद स्कॉलरशिप योजना बंद कर दी गई है. 

हर साल सरकार कर्जमाफी की घोषणा करती है- मंत्री

जोगाराम पटेल ने कहा कि पूरी तरह कर्जमाफी संभव नहीं है. हर साल सरकार किसानों के लिए कर्जमाफी की घोषणा करती है.

बजट पर बीजेपी मुख्यालय में प्रेस कांफ्रेंस

भजनलाल सरकार के तीसरे पूर्णकालिक बजट पर बीजेपी के प्रदेश मुख्यालय में प्रेस कांफ्रेंस हुई. कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल और डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा ने मीडिया को संबोधित किया. मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि पिछली सरकार में समय युवाओं का परीक्षा प्रणाली से भरोसा कमजोर हुआ था. पेपर लीक, नकल और फर्जीवाड़े की आशंकाओं से माहौल प्रभावित था. नई सरकार के बाद भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता बनी है.

उन्होंने कहा कि अधिक अंक लाने वालों को ही अवसर मिलने की नीति पर जोर दिया गया है. बेरोजगार युवाओं में विश्वास बहाली को सरकार की उपलब्धि रही है. बजट को ईज ऑफ बिजनेस और ईज ऑफ लाइफ बढ़ाने वाला बताया गया.

 

बीजेपी विधायक ने कांग्रेस में गुटबाजी की कही बात

बगरू से बीजेपी विधायक कैलाश चंद्र वर्मा ने कांग्रेस में गुटबाजी का दावा किया. उन्होंने कहा कि गोविंद सिंह डोटासरा को पीड़ा टीकाराम जूली से है. उन्होंने इसकी 3 वजहें गिनाईं. विधायक ने कहा कि जूली अच्छा बोलने लगे हैं, फॉरच्यूनर मिल गई और सिविल लाइंस में आवास मिल गया. इस दौरान उन्होंने एक कविता भी पढ़ी- 

"मांझी तेरी कश्ती के तलबगार बहुत हैं, 

कुछ लोग हैं इस पार, तो उस पार बहुत हैं,

जिस शहर में पत्थर की दुकां खोली है तूने,

उस शहर में शीशे के ख़रीददार बहुत हैं."

भाटी बोले- राइट टू हेल्थ बिल राजस्थान में लागू हो

'राइट टू हेल्थ' के मुद्दे पर रविंद्र सिंह भाटी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि आज विधानसभा में इस पर काफी बहस हुई. प्रदेश की जनता के लिए राइट टू हेल्थ बिल लागू होना चाहिए. ताकि वंचित व्यक्ति को चिकित्सा सुविधा मिल सके. मेरा पक्ष और विपक्ष से निवेदन है कि कुछ करो तो मिलकर ढंग से करो. आरोप-प्रत्यारोप में सदन का समय मत खराब करो. 

Khejri andolan: हरीश चौधरी ने सदन में उठाया 'खेजड़ी बचाओ' का मुद्दा

बायतु विधायक हरीश चौधरी ने 'खेजड़ी बचाओ' आंदोलन का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि बीकानेर समेत पूरे प्रदेश में इसे बचाने के लिए आंदोलन ल रहा है. सरकार को इस ओर ध्यान देना चाहिए, लेकिन सरकार खुद ही गंभीर नहीं है. 

Rajasthan: सदन के बाहर रफीक खान-बालमुकुंद आचार्य ने कसे तंज

सदन के बाहर, कांग्रेस के मुख्य सचेतक रफीक खान और हवामहल से बीजेपी विधायक बालमुकंद आचार्य ने एक-दूसरे पर चुटकी ली. रफीक खान ने कहा कि बजट से तो जयपुर को उम्मीद थी और सोच रहे थे कि पता नहीं क्या ही मिल जाएगा. इसके जवाब में बालमुकुंद आचार्य ने तंज कसा कि आप तो जोधपुर को ही कुछ नहीं दे पाए, जोधपुर वाले ही मांग रहे हैं. इसके बाद रफीक खान ने कहा कि यह सबकुछ जनता सुन रही है, जोधपुर तो चमन हो गया.

गहलोत बोले- बीजेपी सरकार का मेडिकल लॉबी के सामने सरेंडर

पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने चिकित्सा मंत्री श्री गजेन्द्र खींवसर के बयान पर जुबानी हमला बोला. उन्होंने कहा कि खींवसर ने आज विधानसभा में 'राइट टू हेल्थ' पर बयान कि 'इसकी जरूरत ही नहीं है' न सिर्फ निंदनीय है, बल्कि बढ़ते मेडिकल खर्च से परेशान गरीब एवं मध्यम वर्ग के जख्मों पर नमक के समान है. हमारी कांग्रेस सरकार ने यूनिवर्सल हेल्थकेयर योजनाएं जैसे चिरंजीवी योजना एवं निरोगी राजस्थान योजना लागू होने के बावजूद राइट टू हेल्थ की परिकल्पना की, जिससे किसी भी कारणवश आपातकालीन स्थिति में मरीज इलाज से वंचित न रहे. 

गहलोत ने कहा कि भाजपा सरकार राइट टू हेल्थ के नियम बनाने में विफल रही है और अब इस तरह की बहानेबाजी कर रही है. प्रदेशवासी देख रहे हैं कि जहां कांग्रेस सरकार राइट टू हेल्थ देकर उन्हें महंगे इलाज के खर्च से बचाने का इरादा रखती थी, वहीं भाजपा सरकार मेडिकल लॉबी के सामने सरेंडर कर राइट टू हेल्थ तक को गलत बता रही है.

Rajasthan vidhan sabha: राइट टू हेल्थ पर सत्ता पक्ष और विपक्ष में बहस

बजट पेश होने के अगले दिन सदन में जबरदस्त गहमागहमी देखने को मिली. राइट टू हेल्थ को लेकर पूछे गए सवाल पर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और चिकित्सा मंत्री गजेंद्र खींवसर भिड़ गए. कांग्रेस विधायक हरिमोहन शर्मा ने राइट टू हेल्थ को लेकर नियम बनाने संबंधित सवाल लगाया था. गजेंद्र सिंह खींवसर बोले कि नियम बने थे तो आप (कांग्रेस) खिचड़ी क्यों छोड़ कर गए? इस जवाब के बाद विपक्षी नेताओं ने भी तल्ख तेवर दिखाए.  

Rajasthan: मेंटल हेल्थ सेंटर पर डोटासरा-दिलावर का तंज

राजस्थान के बजट को लेकर सदन के भीतर पक्ष–विपक्ष में छींटाकशी दिखी, जो सदन के बाद भी जारी है. बीते दिन का मदन दिलावर का एक वीडियो वायरल है. इसमें मदन दिलावर कहते दिख रहे हैं, "मेंटल हॉस्पिटल की इसकी जरूरत सीकर के लक्ष्मणगढ़ में ज्यादा है. बीमारियां तो सब जगह होती है, लेकिन अधिक बीमारियां सीकर जिले में हैं. दिलावर ने कहा कि वह पिछले दिनों सीकर दौरे पर गए थे, तो वहां के लोगों ने कहा कि यहां एक मेंटल हॉस्पिटल खुलना चाहिए. लोगों से कारण पूछा तो लोगों ने कहा कि यहां के कुछ जनप्रतिनिधियों को ज्यादा ही मेंटल प्रॉब्लम है."

दरअसल, बजट पेश करने के दौरान जैसे ही वित्त मंत्री दीया कुमारी ने मेंटल हेल्थ सेंटर का जिक्र किया था. उस दौरान उन्होंने भी थोड़ा विराम लेकर विपक्ष से मुखातिब होते हुए कहा कि इस पर आप लोगों को ध्यान देकर सुनने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले में मेंटल हेल्थ सेंटर खोले जाएंगे. इस पर विपक्ष की तरफ से भी टीका टिप्पणी करते हुए मंत्रियों के क्षेत्र में मेंटल हेल्थ सेंटर खोलने का सुझाव दिया गया.

डोटासरा ने कहा कि मेंटल हेल्थ सेंटर कहीं भी खोलो, लेकिन सबसे पहले यह रामगंजमंडी में खोला जाना चाहिए. शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के क्षेत्र रामगंज मंडी का जरूर ध्यान रखना चाहिए. कोई मंत्री होता है तो वह अपने क्षेत्र के लिए अच्छी योजना लेकर जाता है. डोटासरा ने कहा कि स्वस्थ चित्र और मस्तिष्क रहेगा तो काम अच्छे तरीके से हो पाएगा. इसी के जवाब में दिलावर ने डोटासरा के विधानसभा क्षेत्र लक्ष्मणगढ़ का जिक्र किया था.   

Jaipur: घर में घुसा बंदर और फिर दूध की थैली लेकर चला गया

राजधानी जयपुर से हैरान कर देने वाली, लेकिन दिलचस्प तस्वीर सामने आई है. बंदर घर के भीतर घुसा, रसोई में पहुंचा और फ्रिज खोलने लगा. इसके बाद फ्रिज में रखी दूध की थैली निकाली और बाकायदा फ्रिज बंद कर वहां से चल दिया. 

यह पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. बंदर की इस ‘स्मार्ट’ हरकत को देखकर घर वाले भी हैरान रह गए और उन्होंने इस अनोखी चोरी को मज़ेदार अंदाज़ में लिया. बंदर का यह वीडियो 3 दिन पहले जयपुर की पाश कॉलोनी जगतपुरा का है, जो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.

Budget session: सुबह 11 बजे प्रश्नकाल के साथ शुरू होगी विधानसभा की बहस

विधानसभा की कार्यवाही सुबह 11 बजे प्रश्नकाल के साथ शुरू होगी. सदन में आज से बजट पर बहस की शुरुआत होगी. विधानसभा अध्यक्ष देवनानी बहस के लिए समय का आवंटन करेंगे. उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी से संबंधित विभागों के साथ चिकित्सा विभाग, संसदीय कार्य विभाग, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, पशुपालन विभाग और वन विभाग से जुड़े मुद्दों पर सदन में सवाल-जवाब होंगे. 

इसके साथ ही कार्य सलाहकार समिति का प्रतिवेदन भी आज सदन के पटल पर रखा जाएगा. आगामी दिनों में होने वाले कामकाज की रूपरेखा इसी के आधार पर तय की जाएगी. मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग यह प्रतिवेदन सदन में पेश करेंगे. चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर वित्त विभाग की 18 अधिसूचनाएं सदन में रखेंगे. वहीं, मंत्री संजय शर्मा वन विभाग की 13 अधिसूचनाएं पटल पर रखेंगे.

सदन की मेज पर विभिन्न विभागों के वार्षिक प्रतिवेदन और लेखा रिपोर्ट भी रखी जाएंगी. उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी राजस्थान जन आधार प्राधिकरण की लेखा परीक्षा रिपोर्ट सदन में प्रस्तुत करेंगी. डिप्टी सीएम डॉ. प्रेमचंद बेरवा बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय का वार्षिक प्रतिवेदन रखेंगे. मंत्री जोगाराम पटेल लोकायुक्त राजस्थान, मंत्री संजय शर्मा राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल और राजस्थान राज्य जैव विविधता बोर्ड के वार्षिक प्रतिवेदन सदन में रखेंगे.

मंत्री हीरालाल नागर राजस्थान राज्य विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड, राजस्थान राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड, जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, राजस्थान ऊर्जा विकास एवं आईटी सर्विसेज लिमिटेड तथा राजस्थान विद्युत विनियामक आयोग के वार्षिक एवं अंकेक्षण प्रतिवेदन सदन की मेज पर रखेंगे.

डीडवानाः अज्ञात वाहन की टक्कर से पैंथर की मौत

डीडवाना में देर रात को मेगा हाईवे पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से पैंथर की मौत हो गई. सूचना पर पुलिस व वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. वन विभाग ने मृत पैंथर के शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. पैंथर के शव का आज पोस्टमार्टम होगा.

Bharatpur News: मोती महल पर झंडा फहराते दिखे विश्वेंद्र सिंह

भरतपुर के पूर्व राजपरिवार में मोतीमहल पर रियासतकालीन झंडा लगाने को लेकर जारी विवाद थम गया है. पूर्व मंत्री ने मोती महल पर झंडा फहराया. इससे पहले, उन्होंने खुद सोशल मीडिया पोस्ट करते हुए चेतावनी दी थी, "13 फरवरी को महाराजा सूरजमल की जयंती के दिन मैं खुद झंडा लगाऊंगा. किसी में हिम्मत है तो रोक कर दिखा देना मुझे." साथ ही बेटे अनिरूद्ध सिंह के साथ पूर्व कैबिनेट मंत्री विश्वेंद्र सिंह की तस्वीर सामने आने के बाद 5 साल से चला आ रहा विवाद भी सुलझ चुका है.

Board Exam: 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षाएं आज से

राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) की कक्षा 10वीं और 12वीं की मुख्य परीक्षाएं आज 12 फरवरी से शुरू हो रही हैं. इन परीक्षाओं में 19.86 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं रजिस्टर्ड हैं. परीक्षा सुबह 8:30 से 11:45 बजे तक आयोजित होंगी.

Weather News: अगले सप्ताह तक 2 डिग्री चढ़ेगा पारा, सर्दी खत्म!

सर्दी का असर धीरे-धीरे खत्म हो चला है. मौसम विभाग ने राज्य में अगले एक सप्ताह मौसम साफ रहने और आने वाले दिनों में तापमान में 1 से 2 डिग्री बढ़ने की संभावना जताई है. राजस्थान में पारा चढ़ने के साथ ही गर्मी की आहट होने लगेगी. 

Bharat Bandh: 10 ट्रेड यूनियन और किसान संगठनों का ऐलान

देश की 10 बड़ी केंद्रीय ट्रेड यूनियनों और किसान संगठनों ने गुरुवार (12 फरवरी) को भारत बंद का ऐलान किया है. देशभर में सरकारी कार्यालय, बाजार, परिवहन और बैंक सेवा प्रभावित होने की संभावना है. आशंका है कि बैंक कर्मचारियों की भागीदारी के चलते बैंक काम प्रभावित हो सकता है. हालांकि बैंक की ऑनलाइन सेवा और एटीएम सेवाएं सुचारू रूप से चालू रहेंगी.

Track Latest News Live on NDTV.com and get news updates from India and around the world

फॉलो करे:
Close