2 months ago

Rajasthan News Live Updates, 23 february 2026: राजस्थान में मौसम का मिजाज अब धीरे-धीरे बदलने लगा है. प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में अगले सप्ताह मौसम पूरी तरह से शुष्क बने रहने का अनुमान है. रविवार को मौसम विभाग (IMD) ने ताजा अपडेट जारी करते हुए यह जानकारी साझा की. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 23 और 24 फरवरी को राजस्थान के दक्षिण-पूर्वी इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं. हालांकि, इन बादलों से बारिश की कोई संभावना नहीं है और मौसम मुख्य रूप से शुष्क ही बना रहेगा.

मौसम विभाग ने बताया है कि अगले 48 घंटों के बाद राज्य भर में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है. इससे दिन के समय गर्मी का असर बढ़ने की संभावना है.

बीकानेर में बोर्ड परीक्षा देने निकली 8वीं की छात्रा की संदिग्ध हत्या के मामले के बाद लोगों में आक्रोश है. सैकड़ो ग्रामीण और परिजनों ने आरोपी को पकड़ने के लिए धरना दिया. इसमें जिले के कांग्रेस नेता भी शामिल हुए. पूर्व मंत्री भंवर सिंह भाटी, देहात और शहर कांग्रेस अध्यक्ष बिशनराम सियाग, मदन मेघवाल समेत स्थानीय जनप्रतिनिधियों के समर्थन के अलावा टीकाराम जूली, हनुमान बेनीवाल और अशोक गहलोत ने भी सोशल मीडिया पोस्ट शेयर की.

राजस्थान की पल-पल की ख़बरों पर नज़र रखने के लिए देखिए NDTV राजस्थान टीवी का लाइव प्रसारण - 

LIVE TV देखें

Feb 23, 2026 23:52 (IST)

Rajasthan Breaking Live: 21 IPS अधिकारियों के तबादले

राजस्थान में 21 आईपीएस अधिकारियों का तबादला हुआ. इस सूची में कई वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के नाम शामिल हैं.  

Feb 23, 2026 23:03 (IST)

Rajasthan Breaking Live: रणजीतपुर छात्रा हत्याकांड को लेकर आक्रोश, कैंडल मार्च निकाल कर मांगा न्याय

बीकानेर के रणजीतपुरा थाना क्षेत्र में आठवीं कक्षा की छात्रा की निर्मम हत्या के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है. घटना के तीसरे दिन भी परिजनों और ग्रामीणों का धरना जारी रहा. प्रशासन के साथ अब तक कोई सहमति नहीं बनी.आरोपियों की गिरफ्तारी में हो रही देरी से नाराज धरनार्थियों और ग्रामीणों ने शाम को एक विशाल कैंडल मार्च निकाला. यह मार्च उप जिला अस्पताल से शुरू होकर पुलिस थाना बज्जू तक पहुँचा. हाथों में मोमबत्तियां लिए सैंकड़ों लोगों ने बालिका को श्रद्धांजलि दी और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द से जल्द आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजने की मांग की.

Advertisement
Feb 23, 2026 23:00 (IST)

Rajasthan Breaking Live: बिना पंजीकरण के चलते कृष्णा हॉस्पिटल सीज

सिरोही जिले के रेवदर में आबूरोड-करोटी मार्ग पर बिना पंजीकरण के संचालित कृष्णा हॉस्पिटल और सोनोग्राफी सेंटर को चिकित्सा विभाग ने सीज कर दिया है. कार्यवाहक बीसीएमओ डॉ. मुकेश कुमार मीणा की टीम ने सीएमएचओ डॉ. दिनेश खराड़ी के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए अस्पताल को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया, क्योंकि प्रबंधन पंजीकरण के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका. इस निजी अस्पताल के खिलाफ पहले भी कई शिकायतें मिल चुकी थीं. अब जिला कलेक्टर अल्पा चौधरी द्वारा गठित उपखंड स्तरीय टीम मामले की विस्तृत जांच करेगी.

Feb 23, 2026 22:59 (IST)

Rajasthan Breaking Live: उदयपुर मुख्य मार्ग की चौपाटी पर युवक से मारपीट

बांसवाड़ा शहर के हाउसिंग बोर्ड चौकी क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. शहर के सबसे व्यस्ततम उदयपुर मुख्य मार्ग का है, जहां सोमवार शाम करीब 6 बजे मुख्य सड़क किनारे संचालित चौपाटी के ठेले पर कार्यरत एक युवक पर बाइक सवार दो युवकों ने हमला कर दिया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों आरोपी शराब के नशे में थे और ठेले पर पहुंचे ही युवक से जबरन 200 रुपए की मांग करने लगे. युवक द्वारा पैसे नहीं होने की बात कहने पर आरोपियों ने अचानक उस पर हमला कर दिया और सार्वजनिक मार्ग पर ही उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी. अचानक हुई इस घटना से आसपास मौजूद लोग स्तब्ध रह गए. इससे पहले कि कोई स्थिति समझ पाता, दोनों हमलावर बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए.

Feb 23, 2026 20:41 (IST)

Rajasthan Breaking Live: बारां में मिले 40 करोड़ के विस्फोटक

बारां शहर में पब्लिक की शिकायत पर अटरू रोड मंडोला में पकडी गई अवैध फैक्ट्री में तमिलनाडु से कच्चा माल लाकर सालों से पटाखे बनाए जाते थे. 20 फरवरी को रेड डालते हुए पुलिस और जिला प्रशासन ने अवैध पटाखा फैक्ट्री सहित गोदाम पकड़े. जिनमें कोतवाली थाना पुलिस ने विस्फोटक निर्माण सामग्री की जब्ती की कार्रवाई. तीनों गोदामों में पुलिस को 40 करोड रुपए की कीमत की अवैध विस्फोटक निर्माण सामग्री व विस्फोटक पटाखे मिले.

Feb 23, 2026 20:38 (IST)

Rajasthan Breaking Live: उधार लेनदेन में हुए हिंसक झड़प युवक पर कुल्हाड़ी से वार

बांसवाड़ा जिले के सदर थाना क्षेत्र स्थित तेजपुर गांव में उधार लेनदेन के विवाद ने हिंसक और जानलेवा रूप ले लिया. उधारी की राशि मांगने पहुंचे युवकों पर पूर्व नियोजित तरीके से तलवार और कुल्हाड़ी से हमला किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है. घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें जीवन रक्षक उपचार हेतु उदयपुर रेफर किया गया है.

Advertisement
Feb 23, 2026 20:08 (IST)

Rajasthan Breaking Live: अभिषेक हत्याकांड को लेकर नहीं थम रहा है ग्रामीणों का गुस्सा

हनुमानगढ़ जिले के नेठराना गांव में 13 वर्षीय बालक अभिषेक हत्याकांड को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा है. सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने गोगामेड़ी थाना का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया और हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग उठाई. प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों और पुलिस के बीच झड़प भी हुई. स्थिति को देखते हुए कई थानों का भारी पुलिस जाब्ता तैनात किया गया ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे. ग्रामीणों का आरोप है कि घटना को 12 दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस अब तक हत्यारों तक नहीं पहुंच सकी है. आपको बता दें कि 10 फरवरी की शाम 13 वर्षीय अभिषेक अपने घर से लापता हो गया था. अगले दिन 11 फरवरी को उसका शव नेठराना गांव के एक कुएं में मिला था. 

Feb 23, 2026 19:25 (IST)

Rajasthan Breaking Live: राजस्थान में निजी बस ऑपरेटरों ने किया हड़ताल का ऐलान

निजी बस ऑपरेटरों ने अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को विस्तृत ज्ञापन सौंपा है. जिसमें पहले दौर की वार्ता विफल रही है. इसके बाद अब निजी बस ऑपरेटरों ने आज रात (सोमवार रात) से हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया है. परिवहन विभाग की सख्त कार्रवाइयों से हजारों बस मालिक आर्थिक संकट में हैं और बिना समाधान के आंदोलन की चेतावनी दी है. ऑपरेटरों का कहना है कि निजी बसें राज्य में सस्ती परिवहन सेवा का आधार रही हैं, लेकिन आरसी निलंबन, भारी चालान और एकतरफा एफआईआर से कारोबार चौपट हो रहा है.

Advertisement
Feb 23, 2026 18:29 (IST)

Rajasthan Breaking Live: भीलवाड़ा कपड़ा फैक्ट्री में लगी आग

भीलवाड़ा में एक कपड़ा फैक्ट्री में आग लगने की खबर सामने आई है. यह आग रिको थर्ड फेस में लगी है जिसे बुझाने की कोशिश की जा रही है. बताया जा रहा है कि MD क्रिएशन ग्रेडिंग फैक्ट्री में आग लगी है. घटना के बाद नगर निगम और पटेल नगर फायर स्टेशन से आधा दर्जन दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची है और आग पर काबू करने का प्रयास कर रही है. मौके पर पुलिस भी पहुंच चुकी है और जेसीबी से लोहे के दीवार को तोड़ा जा रहा है.

Feb 23, 2026 18:25 (IST)

Rajasthan Breaking Live: जेजेएम घोटाला मामले में रिटायर्ड IAS सुबोध अग्रवाल की मुश्किलें बढ़ी

जेजेएम घोटाला मामले में रिटायर्ड IAS सुबोध अग्रवाल की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं. सुबोध अग्रवाल के वकील एडवोकेट दीपक चौहान इस केस से हट गए हैं यानी वकील ने केस से दूरियां बना ली है. जबकि इससे पहले एडवोकेट दीपक चौहान सुबोध अग्रवाल के खिलाफ दर्ज FIR को रद्द करने के लिए याचिका दायर की थी. लेकिन याचिका दायर के दो दिन बाद ही केस से दूरी बना ली है. याचिका में मुख्य रूप से बताया गया था कि अग्रवाल के कार्यकाल में 10 प्रतिशत मूल्य के काम हुए थे. जबकि 90 प्रतिशत काम तत्कालीन ACS सुधांश पंत के कार्यकाल में हुए थे.

Feb 23, 2026 17:14 (IST)

Rajasthan Breaking Live: अखिल भारतीय आदर्श जाट महासभा के प्रदेश अध्यक्ष पर हमला

जोधपुर में अखिल भारतीय आदर्श जाट महासभा के प्रदेश अध्यक्ष पर 10–15 हमलावरों ने हमला किया गया. शादी समारोह से लौटते समय आसोप थाना क्षेत्र में बदमाशों ने रास्ता रोककर हमला किया. घटना में बेनीवाल के एक साथी के सिर पर 12 टांके लगाए गए.घायल को मथुरादास माथुर हॉस्पिटल रेफर किया गया. घटना के बाद जाट समाज सहित सर्व समाज में भारी आक्रोश है आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की जा रही है. 

Feb 23, 2026 17:11 (IST)

Rajasthan Breaking Live: एबीवीपी ने विरोध प्रदर्शन कर दी चेतावनी

बीकानेर के कोलायत के रंजीतपुरा में हुई वारदात के विरोध में एबीवीपी ने विरोध प्रदर्शन किया घटना को लेकर छात्रों में भारी रोष देखने को मिला बड़ी संख्या में छात्र कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होती, उनका आंदोलन जारी रहेगा. छात्रों ने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और कड़ी सजा दिलाई जाए. एबीवीपी पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

Feb 23, 2026 16:03 (IST)

Rajasthan Breaking Live: विधानसभा में उठा बालक अभिषेक शर्मा की हत्या का मामला

हनुमानगढ़ के नेठराना में बालक अभिषेक शर्मा की हत्या के मामला विधानसभा में उठा. नोहर विधायक अमित चाचाण ने उठाया मामला. गृह राज्य मंत्री से विशेष संज्ञान लेकर हत्या का खुलासा करने की रखी मांग. 12 दिन गुजरने के बावजूद भी नहीं लगा हत्यारों का सुराग. 11 फरवरी को गांव के कुएं में मिला था अभिषेक का शव आक्रोशित ग्रामीणों ने आज किया था गोगामेड़ी थाना का घेराव.

Feb 23, 2026 15:54 (IST)

Rajasthan Breaking Live: सुखबीर सिंह जौनपुरिया पर कार्रवाई की मांग

सुखबीर सिंह जौनपुरिया के मुस्लिम महिलाओं से भेदभाव वाले वीडियो वायरल होने पर सवाई माधोपुर के सांसद हरीश मीणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है. मीणा ने कहा कि सुखबीर सिंह जौनपुरिया द्वारा कंबल वितरण जैसे सेवा कार्यक्रम को भी साम्प्रदायिक भेदभाव का माध्यम बनाते हुए मुस्लिम महिलाओं से उनका धर्म पूछकर कंबल वापस ले लिया गया तथा राजनीतिक टिप्पणी की गई.  मीना ने इस कृत्य को न केवल अमानवीय और असंवेदनशील बताया, बल्कि संविधान की मूल भावना और लोकतांत्रिक मर्यादाओं पर सीधा आघात करार दिया है. ऐसे में सांसद ने मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने तथा पूर्व सांसद के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है.

Feb 23, 2026 14:51 (IST)

पीएम मोदी का अपमान नहीं सहेंगे- बीजेपी विधायक

बीजेपी के पूर्व सांसद सुखबीर सिंह जौनपुरिया के वीडियो वायरल होने के मामले पर बीजेपी विधायक बालमुकुंद आचार्य ने प्रतिक्रिया दी. विधायक ने कहा कि मामला हिंदू और मुस्लिम का नहीं है. चाहे वो हो या मैं, कोई भी पीएम मोदी के बारे में अपशब्द नहीं सुनना चाहेगा. यहां तक कि देश के करोड़ों लोग भी यह नहीं सुनना चाहेंगे. मीडियाकर्मियों के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि आप जो कह रहे हैं, उससे जुड़ा ना तो मैंने वीडियो देखा और ना ऐसा सुना.

साथ ही उन्होंने कहा, "राहुल गांधी और उनकी पार्टी के नेता हुडदंगबाजी करेंगे, नंगा नाच करेंगे. देश का नाम खराब करने का प्रयास करेंगे. जो हमारे लिए शत्रुभाव रखते हैं, उन देश से ये लोग मित्रता रखेंगे. ऐसा कोई भाव रखेगा या प्रधानमंत्री को अपमानित करने का काम करेगा तो क्या आरती उतारी जाएगी? हम कभी भी तुष्टिकरण नहीं करते हैं. पीएम मोदी की योजना का लाभ राम को भी मिलता है और रहीम को भी मिलता है." 

Feb 23, 2026 14:21 (IST)

जौनपुरिया को जवाब देने के लिए कांग्रेस बांटेंगी कंबल

कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष एमडी चोपदार ने भाजपा के पूर्व सांसद सुखबीर सिंह जौनपुरिया पर निशाना साधते हुए कहा कि नफरत की भावना से कंबल वापस लेने जैसी शर्मनाक हरकत का जवाब मोहब्बत से दिया जाएगा.

चोपदार ने बताया कि मंगलवार सुबह 11 बजे टोंक में अल्पसंख्यक विभाग के तत्वावधान में सर्वधर्मीय महिलाओं को कंबल वितरित किए जाएंगे. उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम सामाजिक सद्भाव और भाईचारे का संदेश देने के लिए आयोजित किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि उन मुस्लिम महिलाओं को भी नए कंबल दिए जाएंगे, जिनसे पूर्व सांसद ने कंबल वापस लिए गए थे. 

Feb 23, 2026 14:21 (IST)

मुख्य सचिव के खिलाफ अवमानना की याचिका खारिज

राजस्थान के मुख्य सचिव के खिलाफ अवमानना याचिका को सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दिया. याचिका में आरोप लगाया गया था कि उपभोक्ता आयोगों के कार्यरत अध्यक्षों एवं सदस्यों के कार्यकाल की सुरक्षा संबंधी सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व निर्णय का जानबूझकर उल्लंघन किया गया है. राज्य सरकार की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता शिव मंगल शर्मा को उपस्थित होने के निर्देश दिए गए. 

याचिकाकर्ताओं की दलीलें सुनने के पश्चात सुप्रीम कोर्ट ने मुख्य सचिव के विरुद्ध अवमानना कार्यवाही प्रारंभ करने से इनकार कर दिया. हालांकि, पीठ ने याचिकाकर्ताओं को यह स्वतंत्रता प्रदान की कि यदि सेवा निरंतरता या पूर्व निर्देशों के क्रियान्वयन से संबंधित कोई शेष अथवा व्यक्तिगत शिकायत हो, तो वे राजस्थान हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटा सकते हैं.

Feb 23, 2026 14:08 (IST)

बीकानेर छात्रा की हत्या के मामले में सदन में हंगामा

बीकानेर में नाबालिग छात्रा की हत्या के मामले पर सरकार की ओर से सदन में जानकारी दी गई. गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने आश्वासन दिया कि मामले में कार्रवाई की जा रही है. इस पर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि मंत्री भाषणबाजी कर रहे हैं, लेकिन यह नहीं बता रहे की इस मामले के आरोपियों की गिरफ्तारी कब होगी? गृह राज्य मंत्री और सरकारी मुख्य सचेतक ने विपक्ष पर मामले में राजनीति करने के आरोप लगाए. विपक्ष के विधायकों ने नारेबाजी की और फिर सदन से वॉकआउट किया. 

  

Feb 23, 2026 13:37 (IST)

चित्तौड़गढ़ः 22 तस्कर पुलिस की गिरफ्त में

ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत चित्तौड़गढ़ में 22 तस्कर समेत 65 गिरफ्तार किए गए हैं. मादक पदार्थों की तस्करी के 9 प्रकरण भी दर्ज किए गए. इस दौरान पुलिस की 85 टीमों ने कार्यवाही को अंजाम दिया. 

Feb 23, 2026 13:35 (IST)

सवाई माधोपुरः 116 आरोपियों को पुलिस ने दबोचा

सवाई माधोपुर जिले में फरार 116 आरोपियों को गिरफ्तार किया. इस दौरान 20 वारंटी की गिरफ्तारी के अलावा आर्म्स एक्ट और आबकारी एक्ट में भी कार्रवाई हुई.

Feb 23, 2026 13:34 (IST)

करौली जिले से 119 अपराधी गिरफ्तार

करौली में पुलिस का बड़ा सर्च व एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया गया. कुल 270 पुलिसकर्मी की 65 टीमों ने 426 ठिकानों पर दबिश दी. इसमें 119 अपराधी गिरफ्तार किए गए.  आर्म्स एक्ट में अवैध बंदूक जब्त, अवैध खनन में 6 टन बजरी सीज़ करने के साथ ही कई वांटेड बदमाश पकड़े गए हैं. 

Feb 23, 2026 12:49 (IST)

सोजतः स्कूली बच्ची के अपहरण से हड़कंप

सोजत (पाली) सिटी के  बिलाडिया गेट के पास स्कूली बच्ची के अपहरण का मामला सामने आया है. जानकारी के मुताबिक, कार में सवार कुछ युवकों ने लड़की का अपहरण कर लिया. मौके पर कई स्कूली बच्चे और अभिभावक भी मौजूद थे.  

Feb 23, 2026 12:17 (IST)

प्रतापगढ़ में मंदिर के प्रवेश द्वार पर तोड़फोड़

प्रतापगढ़ में धार्मिक स्थल के प्रवेश द्वार पर तोड़फोड़ से माहौल गरमा गया. अरनोद थाना क्षेत्र के सिंगपुरिया माताजी मंदिर प्रवेश द्वार पर बनी मंदिरनुमा छतरी को क्षतिग्रस्त किया गया. सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूटा तो पुलिस ने भी मौके पर मोर्चा संभाला. तोड़फोड़ की घटना से श्रद्धालुओं में आक्रोश है. पुलिस ने कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया.

Feb 23, 2026 11:51 (IST)

Bikaner Girl Murder Case: कलेक्टर और एसपी पहुंचे धरनास्थल

बीकानेर में 8वीं बोर्ड की परीक्षा देने निकली छात्रा के हत्याकांड के मामले में परिजनों और ग्रामीणों का धरना जारी है. आंदोलनकारियों ने आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग करते हुए प्रशासन को धरना स्थल पर ही वार्ता के लिए बुलाया था.

Feb 23, 2026 11:35 (IST)

जोगेश्वर गर्ग और टीकाराम जूली में हुई तकरार, जूली बोले- मजाक बना रखा है!

विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान एक सवाल को लेकर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और विधानसभा के मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग के बीच तीखी तकरार हुई. विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी को बीच बचाव के लिए दखल देना पड़ा.

Feb 23, 2026 11:27 (IST)

कांग्रेस विधायक दल ने रणनीति बनाने के लिए की बैठक

विधानसभा में सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली की अध्यक्षता में कांग्रेस विधायक दल ने विधानसभा के शेष सत्र की रणनीति पर चर्चा के लिए बैठक की. पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी इस बैठक में हिस्सा लिया.

Feb 23, 2026 11:23 (IST)

विधानसभा की कार्यवाही शुरू - प्रश्नकाल शुरू

रविवार के ब्रेक के बाद विधानसभा की कार्यवाही शुरू हो गई है और मंत्रियों से प्रश्नकाल में जवाब मांगे जा रहे हैं.

Feb 23, 2026 10:58 (IST)

सातों दिन चलेगी चेन्नई - जालोर - जोधपुर की ट्रेन

दक्षिण भारत में रहने वाले मारवाड़ क्षेत्र के प्रवासियों की सुविधा के लिए चेन्नई–जालोर–भगत की कोठी (जोधपुर) सुपरफास्ट एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 20625/26) को प्रतिदिन चलाने की घोषणा की गई है. सप्ताह में पांच दिन चलने वाली यह ट्रेन अगले करीब 45 दिनों में सप्ताह के सातों दिन संचालित होगी. लंबे समय से क्षेत्र के प्रवासी और स्थानीय यात्री इस ट्रेन को दैनिक करने की मांग कर रहे थे.

Feb 23, 2026 10:30 (IST)

Weather Update: राजस्थान में कैसा रहेगा इस हफ्ते मौसम?

राजस्थान में मौसम का मिजाज अब धीरे-धीरे बदलने लगा है. प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में अगले सप्ताह मौसम पूरी तरह से शुष्क बने रहने का अनुमान है. रविवार को मौसम विभाग (IMD) ने ताजा अपडेट जारी करते हुए यह जानकारी साझा की.

दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में छा सकते हैं बादल

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 23 और 24 फरवरी को राजस्थान के दक्षिण-पूर्वी इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं. हालांकि, इन बादलों से बारिश की कोई संभावना नहीं है और मौसम मुख्य रूप से शुष्क ही बना रहेगा.

तापमान में होगी 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी

मौसम विभाग ने बताया है कि अगले 48 घंटों के बाद राज्य भर में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है. इससे दिन के समय गर्मी का असर बढ़ने की संभावना है.

फतेहपुर रहा सबसे ठंडा

शनिवार सुबह के तापमान के आंकड़ों पर गौर करें तो, फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पूरे राज्य में सबसे कम था. इसके अलावा, प्रदेश के ज्यादातर शहरों में न्यूनतम तापमान अब 10 डिग्री सेल्सियस के पार जा चुका है. वहीं, राजधानी जयपुर में न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

Feb 23, 2026 10:15 (IST)

आज की बड़ी ख़बरें - लाइव ब्लॉग पर पल-पल का अपडेट

एनडीटीवी राजस्थान के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है. इस लाइव पेज पर आपको दिन भर की राजस्थान की अहम ख़बरें मिलेंगी. 

हमारी वेबसाइट पर पिछले दिन की कुछ ख़ास ख़बरें आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं - 

जोधपुर सिटी बस में मनचले को छेड़खानी पड़ी भारी, महिला निकली एडीसीपी अधिकारी; आरोपी गिरफ्तार

बीकानेर में 13 साल की मासूम की हत्या, गहलोत बोले- 'पर्ची सरकार' में कानून व्यवस्था पूरी तरह वेंटिलेटर पर है

Gaon Gwala Yojana Rajasthan: राजस्थान में अब गाय चराने के लिए मिलेगी 'सैलरी', मदन दिलावर ने जगतगुरु का आशीर्वाद लेकर शुरू की अनोखी योजना

Kota Student Missing: 5 दिन से लापता NEET छात्र का सुराग नहीं, नहर किनारे मिला सामान; घर में होनी थी शादी, अब पसरा सन्नाटा