विज्ञापन
This Article is From Feb 22, 2026

Kota Student Missing: 5 दिन से लापता NEET छात्र का सुराग नहीं, नहर किनारे मिला सामान; घर में होनी थी शादी, अब पसरा सन्नाटा

कोटा में 5 दिन से लापता नीट छात्र लोकेश डांगी का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है. कैथून नहर किनारे छात्र के मोबाइल और जूते मिलने से हड़कंप मच गया है, जिसके बाद SDRF की टीमें नहर खंगाल रही हैं. घर में जिसकी शादी की तैयारी चल रही थी, उसके अचानक गायब होने से परिवार सदमे में है. पढ़ें पूरी रिपोर्ट.

Kota Student Missing: 5 दिन से लापता NEET छात्र का सुराग नहीं, नहर किनारे मिला सामान; घर में होनी थी शादी, अब पसरा सन्नाटा
कोटा में नीट की तैयार कर रहा एक छात्र पिछले 5 दिन से लापता है.
NDTV Reporter

Rajasthan News: राजस्थान की शिक्षा नगरी कोटा से एक बार फिर परेशान करने वाली खबर सामने आई है. यहां नीट (NEET) की तैयारी कर रहा मध्यप्रदेश का एक छात्र पिछले 5 दिनों से लापता है. लापता छात्र लोकेश डांगी (जांगिड़) राजगढ़ जिले के खिलचीपुर का निवासी है. बोरखेड़ा थाना क्षेत्र के हॉस्टल से निकले लोकेश का अब तक कोई सुराग नहीं लगा है, जबकि कैथून नहर (Kaithoon Canal) के पास उसका मोबाइल और जूते मिलने से हड़कंप मचा हुआ है.

SDRF का सर्च ऑपरेशन जारी

छात्र लोकेश 17 फरवरी को अपने हॉस्टल से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा. 18 फरवरी को पुलिस को सूचना मिली कि कैथून नहर के पास किसी छात्र का मोबाइल, जूते-मोजे, घड़ी और कैप लावारिस हालत में पड़े हैं. सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीम ने नहर में सर्च ऑपरेशन शुरू किया. पिछले 5 दिनों से गोताखोर पानी में तलाश कर रहे हैं, लेकिन अभी तक लोकेश का कुछ पता नहीं चल पाया है.

Kota NEET Student Missing

Photo Credit: NDTV Reporter

लापता होने से पहले मंगेतर से बात

पुलिस जांच में एक पहलू यह भी सामने आया है कि लोकेश की सगाई हो चुकी थी और परिवार के लोग उसकी शादी की तैयारियों में जुटे थे. परिजनों का प्लान था कि जैसे ही लोकेश की पढ़ाई पूरी होगी, उसकी शादी कर दी जाएगी. पुलिस को मिले मोबाइल की जांच में सामने आया है कि गायब होने से पहले लोकेश की अपनी मंगेतर से भी बात हुई थी.

पिता बोले- मेरा बेटा बहुत अनुशासित है

लापता छात्र के पिता रामबाबू डांगी कोटा में डेरा डाले हुए हैं. उन्होंने बताया कि लोकेश पिछले 5-6 साल से कोटा में रहकर पढ़ाई कर रहा है और बेहद अनुशासित है. वह रोजाना परिवार के संपर्क में रहता था, लेकिन 17 फरवरी की दोपहर के बाद से उसका फोन बंद हो गया. पिता ने रूंधे गले से कहा, 'ईश्वर से यही प्रार्थना है कि मेरा बेटा सही सलामत मिल जाए.'

पुलिस की जांच, हर पहलू पर नजर

बोरखेड़ा थानाधिकारी अनिल टेलर के मुताबिक, छात्र की गुमशुदगी का मामला दर्ज कर विशेष टीमें गठित की गई हैं. पुलिस न केवल नहर में सर्चिंग कर रही है, बल्कि लोकेश के मोबाइल कॉल रिकॉर्ड्स और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या छात्र किसी मानसिक तनाव में था या लापता होने के पीछे कोई और कारण है.

ये भी पढ़ें:- एक ही घर से उठीं 5 अर्थियां, 4 साल के आयुष की लाश देख कांपा पूरा गांव; शोक में नहीं जले घरों में चूल्हे

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close