1 month ago

Rajasthan News Updates, 5 february 2026: राजस्थान की 16वीं विधानसभा के बजट सत्र में कल का दिन बेहद अहम होने जा रहा है. राज्यपाल के अभिभाषण पर सदन में चल रही बहस पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आज जवाब देंगे. मुख्यमंत्री का यह संबोधन बुधवार (4 फरवरी) को होना था, लेकिन विधानसभा की कार्यमंत्रणा समिति (BAC) की बैठक में चर्चा के समय को एक दिन के लिए बढ़ा दिया गया. अब गुरुवार (5 फरवरी) को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद ज्ञापित करेंगे और विपक्ष द्वारा उठाए गए सवालों का बिंदुवार जवाब देंगे. 

बीकानेर में खेजड़ी वृक्षों की कटाई के विरोध में संत समाज का आमरण अनशन लगातार जारी है. महापड़ाव स्थल पर संत समाज के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष अनशन पर बैठे हैं. सरकार से लगातार खेजड़ी संरक्षण की मांग की जा रही है. अनशन पर बैठे लोगों का कहना है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं तो उनका आंदोलन रुकने वाला नहीं है. इस बीच 10 से अधिक अनशनकारियों की तबीयत बिगड़ गई. अनशन पर बैठे संतों ने सरकार को एक दिन का अल्टीमेटम दिया है. लाइव ब्लॉग में पढ़िए पल-पल की अपडेट.

Feb 05, 2026 22:56 (IST)

1015 बीघा सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे का खेल

प्रतापगढ़ जिले में सरकारी जमीनों के अवैध आवंटन और नियमों की अनदेखी से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है. जिला कलेक्टर डॉ अंजलि राजोरिया की 19 पन्नों की रिपोर्ट के बाद प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है. रिपोर्ट में भू माफिया तस्करों और प्रभावशाली लोगों के गठजोड़ की विस्तार से जानकारी दी गई है.
पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

Feb 05, 2026 21:13 (IST)

सीएम भजनलाल शर्मा ने संबोधन के बाद डोटासरा से मिलाया हाथ

राजस्थान विधानसभा में सीएम भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को राज्यपाल के अभिभाषण पर संबोधन किया. इस बीच विपक्ष के बीच नोंकझोंक हुई और हंगामा हुआ. वहीं सीएम ने संबोधन के बाद सभी दलों के विधायक से सदन में ही बातचीत की. इस दौरान राजस्थान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा भी मौजूद थे और दोनों ने खुशी से हाथ मिलाकर मुलाकात की. जिसकी तस्वीर अब वायरल हो रही है.

Advertisement
Feb 05, 2026 21:00 (IST)

सीएम भजनलाल ने विपक्ष की चुनौती को स्वीकारा

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विपक्ष की ओर से दी गई पांच साल बनाम दो साल के कामकाज पर बहस की चुनौती को सदन में स्वीकार कर लिया. उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष से आग्रह किया कि इस विषय पर बहस के लिए दिन और समय तय कर दिया जाए. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सदन में कहा कि विपक्ष ने कांग्रेस सरकार के पांच साल और भाजपा सरकार के दो साल के कार्यकाल की तुलना की चुनौती दी थी जिसे वे प्रदेश के जनसेवक होने के नाते स्वीकार करते हैं. 

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

Feb 05, 2026 20:29 (IST)

सीएम ने पहली ही गेंद में छक्का लगा दिया और विपक्ष गेंद ढूंढता रह गया- बालमुकुंद

राज्यपाल के अभिभाषण पर मुख्यमंत्री के धन्यवाद प्रस्ताव के बाद विधायक बालमुकुंद आचार्य ने मीडिया से बातचीत की. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने कार्यों से पहली ही गेंद पर ऐसा छक्का लगाया कि विपक्ष गेंद ढूंढता रह गया. आचार्य ने पांच साल बनाम दो साल के कार्यकाल की तुलना करते हुए कहा कि विपक्ष को राजनीति करनी चाहिए, जनता के साथ मज़ाक नहीं. कांग्रेस ने अपने पांच वर्षों में जनता के साथ कुठाराघात किया, बातें बहुत कीं लेकिन काम नहीं किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने 24 महीनों के कार्य गिनाकर कांग्रेस के पांच सालों से तुलना और जांच की खुली चुनौती दी, लेकिन विपक्ष ने हमेशा की तरह सदन का समय खराब किया. विधायक आचार्य ने कहा कि मुख्यमंत्री के ठोस तथ्यों के सामने विपक्ष पूरी तरह क्लीन बोल्ड हो गया और बड़े-बड़े बोल बोलने वाले नेता खुद फंस गए.

Feb 05, 2026 18:13 (IST)

राजस्थान में खेजड़ी को बचाने के लिए आएगा कानून- सीएम भजनलाल

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विधानसभा में पर्यावरण को बचाने को लेकर चिंता जताई और कहा कि खेजड़ी प्रदेश का कल्प वृक्ष है. इसे बचाने के लिए जल्द ही हम एक कानून लकेर आएंगे. उन्होंने आगे कहा कि इसका मसौदा जल्द ही तैयार किया जा रहा है और फिर उसे सदन में पेश किया जाएगा. 

Feb 05, 2026 18:01 (IST)

'5 साल बनाम 2 साल पर बहस को तैयार', मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विपक्ष की चुनौती स्वीकार की

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विपक्ष की चुनौती स्वीकार करते हुए कहा कि 5 साल और 2 साल के काम पर बहस के लिए वह तैयार हैं. प्रदेश का जनसेवक होने के नाते उन्होंने इस चुनौती को स्वीकार किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि बहस का दिन और समय विधानसभा अध्यक्ष तय करें. उन्होंने जोर देते हुए कहा कि विधानसभा एक संवैधानिक संस्था है और यहां सार्थक बहस होनी चाहिए. साथ ही उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को जमीन पर उतरकर काम करना होगा.

Advertisement
Feb 05, 2026 17:55 (IST)

'ड्राइव नहीं तो पेन कहां से आएगा', सदन में मुख्यमंत्री–धारीवाल की तीखी नोकझोंक

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के भाषण के दौरान शांति धारीवाल ने पेन ड्राइव को लेकर टोकाटाकी की. इस पर मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि आपके पास तो ड्राइव ही नहीं है, पेन कहां से आएगा. धारीवाल के बार-बार टोकने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आपको तो राम नाम भजना है, अब कहां बजाना है यह आप देख लें. इस बीच विधानसभा की कार्यवाही आज की कार्यसूची पूरी होने तक बढ़ा दी गई.

Feb 05, 2026 17:33 (IST)

'राम नाम अपनाइए, वरना नजर नहीं आओगे', सीएम भजनलाल का विपक्ष पर हमला

मुख्यमंत्री ने कहा कि राम जी की कृपा से अब 100 दिन के बजाय 125 दिन का रोजगार मिलेगा. उन्होंने विपक्ष से सवाल किया कि राम नाम से इतनी तकलीफ क्यों होती है. मुख्यमंत्री बोले कि राम के नाम से सिर्फ कालनेमि घबराते हैं. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यही वे लोग हैं, जिनकी पार्टी ने राम को काल्पनिक बताते हुए रामसेतु के खिलाफ हलफनामा दिया था. मुख्यमंत्री ने नसीहत दी कि राम जी के नाम को अपना लीजिए, फायदे में रहोगे, वरना राजनीति में नजर भी नहीं आओगे.

Advertisement
Feb 05, 2026 17:28 (IST)

'कुछ लोग किसान बनने का दिखावा करते हैं, लेकिन गैंती पकड़ना भी नहीं पता'- सीएम भजनलाल

मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग किसान बनने का दिखावा करते हैं, लेकिन उन्हें गैंती पकड़ने का तरीका तक नहीं पता. उन्होंने कहा कि आपकी हकीकत सबको मालूम है, थोड़ी मेहनत कर लेने से कोई मजदूर नहीं बन जाता. मुख्यमंत्री ने एक विपक्षी नेता को महात्मा गांधी का अनुयायी बताते हुए सलाह दी कि वे बापू की आत्मकथा ‘सत्य के साथ मेरे प्रयोग’ जरूर पढ़ें. उन्होंने कहा कि गांधीजी ने सत्य को ईश्वर बताया है, इसलिए साहस हो तो सदन में आकर सच बताएं कि प्रदेश के युवाओं का हक कैसे मारा गया.

Feb 05, 2026 17:14 (IST)

'युवाओं को भाषण नहीं, निष्पक्ष परीक्षा चाहिए', मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का विपक्ष पर तीखा हमला

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विपक्ष पर करारा तंज कसते हुए कहा कि जब सत्ता हाथ में थी तब मुंह में मक्खन था, और अब सत्ता से बाहर होकर ज्ञान बांटा जा रहा है. उन्होंने सवाल किया कि कुर्सी रहते जुबान कहां थी और फैसले के वक्त विवेक क्यों छुट्टी पर था. मुख्यमंत्री बोले कि ईमानदारी रिटायरमेंट के बाद की योजना नहीं होती, बल्कि सत्ता में रहकर दिखाई जाती है. युवाओं को भाषण नहीं, बराबरी का मौका और निष्पक्ष परीक्षा चाहिए.

Feb 05, 2026 17:10 (IST)

'पेपर लीक पर सख्त कार्रवाई, युवाओं को मिलेगा न्याय'- मुख्यमंत्री भजनलाल

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकार में सबसे ज्यादा ठगा गया तो वह प्रदेश का युवा था. पेपर लीक मामले में सरकार ने कड़ी कार्रवाई करते हुए 140 एफआईआर दर्ज की हैं और 428 आरोपियों को जेल भेजा गया है. उन्होंने कहा कि पेपर लीक माफिया के खिलाफ यह सफाई अभियान लगातार जारी रहेगा. मुख्यमंत्री ने बिना नाम लिए गोविंद डोटासरा पर इशारा करते हुए कहा कि उस समय फरियादियों को एक बाड़े में भेज दिया जाता था, जो शिक्षा मंत्री रहते दिए गए बयान की याद दिलाता है.

Feb 05, 2026 17:03 (IST)

 'कोई भी विधायक मुझे फोन करेगा, या तो उसका फोन उठ जाएगा नहीं तो 24 घंटे में वापस आएगा'-मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि रबी की फसल की सिंचाई का समय चल रहा है, लेकिन पूरे प्रदेश में बिजली को लेकर कहीं भी किसानों का कोई प्रदर्शन नहीं हुआ. यह हमारी सरकार की किसान-हितैषी सोच का प्रमाण है. उन्होंने बताया कि किसानों को पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराई गई है. मुख्यमंत्री ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके शासन में उनकी ही पार्टी के विधायक और मंत्री बिजली की मांग को लेकर आंदोलन करते थे. सदन में उन्होंने विधायकों से संवाद पर बड़ी बात कहते हुए कहा कि सत्ता पक्ष या विपक्ष का कोई भी विधायक फोन करेगा तो या तो तुरंत उठेगा, नहीं तो 24 घंटे के भीतर वापस कॉल जरूर किया जाएगा.

Feb 05, 2026 16:56 (IST)

'कृषि मजबूत तो अर्थव्यवस्था मजबूत', मुख्यमंत्री का कांग्रेस पर तंज

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था में कृषि का योगदान बढ़कर 35 प्रतिशत तक पहुंच गया है, जो एक सकारात्मक संकेत है. सरकार किसान को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है. उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि उसके नेता सदन में सिर पर मोडासा बांधकर ऐसे आ जाते हैं, जैसे भीषण गर्मी या सर्दी हो. मुख्यमंत्री बोले कि किसान मोडासा तब बांधता है, जब वह खेत में मेहनत करता है. केवल किसान का रूप धर लेना काफी नहीं, उसके लिए हाथ-पांव मिट्टी में करने पड़ते हैं.

Feb 05, 2026 16:45 (IST)

'शेखावाटी को पानी देंगे, राजनीति नहीं'- सीएम भजनलाल

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर शेखावाटी की जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने केवल वादे किए, लेकिन हमारी सरकार शेखावाटी के लोगों को वास्तव में पानी पिलाने का काम करेगी. मुख्यमंत्री ने देवास परियोजना पर तेजी से काम होने की बात कही. उन्होंने बताया कि इस योजना का आधा पानी अब तक समुद्र की ओर जा रहा था, लेकिन हमारी सरकार अरब सागर में जाने वाले पानी को रोककर शेखावाटी तक लाएगी.

Feb 05, 2026 16:40 (IST)

“बीजेपी से लड़िए, राम से नहीं”, मुख्यमंत्री का विपक्ष पर तीखा हमला

मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि राजनीतिक लड़ाई बीजेपी से हो सकती है, लेकिन भगवान राम से नहीं. उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री नरसिंह राव का हवाला देते हुए कहा कि जब अटल बिहारी वाजपेयी विपक्ष के नेता थे, तब भी यही नसीहत दी गई थी. मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि राम के नाम से जुड़ी योजनाओं—चाहे रामसेतु हो या अन्य-का विरोध करने वालों को हर जगह नुकसान हुआ है. उन्होंने दावा किया कि राम सबके रोम-रोम में बसते हैं और उनसे टकराव का परिणाम राजनीतिक दुर्गति होता है. मुख्यमंत्री ने विपक्ष की संख्या पर भी तंज कसते हुए कहा, “आप लिखकर रख लो, यह संख्या एक-दो से ज्यादा नहीं बढ़ेगी.”

Feb 05, 2026 16:29 (IST)

'मैं जब भी दिल्ली जाता हूं, कुछ ना कुछ लेके आता हूं'- सीएम भजनलाल

सीएम भजनलाल शर्मा ने आगे कहा कि लोग कहते हैं मुख्यमंत्री दिल्ली जाते है. आप जाते थे सरकार बचाने को और मैं जाता हूँ जनता की सेवा को.  सीएम ने आगे कहा कि मैं जब भी जाता हूँ कुछ ना कुछ लेके आता हूं और इसका प्रमाण भी मैं आपको बताऊँगा.  प्रदेश में हमने पानी-बिजली और युवाओं के लिए रोडमेंप बनाए हैं.  

Feb 05, 2026 16:21 (IST)

'पिछली सरकार से विरासत में मिला 5 लाख 79 हजार 781 करोड़ रुपये का कर्ज'- सीएम भजनलाल

राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा ने विधानसभा में कहा कि जब प्रदेश की जनता ने हमे सेवा का मौका दिया तो प्रदेश की अर्थव्यवस्था कमजोर पड़ी थी. पिछली सरकार ने हमे विरासत में 5 लाख 79 हजार 781 करोड़ रुपये का कर्ज दिया था. बड़े राज्यों में पंजाब के बाद राजस्थान पर सबसे अधिक कर्ज था, लेकिन हमें काम करने का रास्ता चुना. पिछले 2 साल में हमारी सरकार में काम किया. भारत सरकार के आर्थिक सर्वेक्षण 2025 ने हमारे हेल्थ और प्रशासन के कामों को विशेष रूप से रेखांकित किया है. 

Feb 05, 2026 15:59 (IST)

'रुपये की कीमत गिर रही है या दिल्ली में बैठी सरकार की कीमत गिर रही है'- जूली

जूली ने अपने भाषण में आगे कहा कि एक सज्जन है जिन्होंने 2013 में अपनी रैली में भाषण दिया था कि 'जब रुपया गिरता है तो देश की साख भी गिरती है.  जिस देश का रुपया गिरता है उस देश के प्रधानमंत्री की प्रतिष्ठा भी गिरती है और रुपया जितना नीचे जाता है साख भी उतनी ही नीचे चली जाती है'. जूली ने इस पर आगे कहा कि क्या अब साख नहीं गिर रही, लेकिन साख उसकी गिरती है, जिसकी साथ होती है.  2014 में 1 डॉलर की कीमत 59 रुपये के बराबर थी और आज 2026 में 1 डॉलर की कीमत 92 रुपये हो चुकी है. मैं आपको बताना चाहता हूं

Feb 05, 2026 15:49 (IST)

'राहुल गांधी ने जो बात कही वो हकीकत',- जूली

जूली ने सदन में आगे कहा कि राहुल गांधी की आवाज पर संसद में पाबंदी लगा डाली. ऐसी क्या बात थी जो आप सुनना नहीं चाहते थे. उन्होंने जो बात कही वो अपनी तरफ से नहीं थी. जो बात कही वो मैगजीन में छपी है. राहुल गांधी नेता प्रतिपक्ष है, वह 3 गुना वोटों से जीते हैं. जिसने पिता और दादी ने इस देश के लिए जान दी है. वह जो बात कहते हैं वो हकीकत है.

Feb 05, 2026 15:40 (IST)

सीएम को कॉल आ जाए और जूते पहनने का ही समय नहीं मिले

जूली ने आगे कहा कि मुझे लोग बोलते है कि DG चले गए, एक ने कहा की मुख्य सचिव भी चले गए. फिर मुझे चिंता हुई कि कही सीएम ना चले जाए. लेकिन मैं नहीं चाहता सीएम जाए और लोगों के मुकाबले अच्छे सीएम है. हम चाहते है कि ये पांच साल तक काम करें. जूली ने आगे कहा कि हटने की इतनी दिक्कत थी कि अभी गोवर्धन जी के वहां सीएम जूते पहने-पहने ही ढोक दे रहे थे. इस पर मैंने पूछा ये क्या हो रहा है. तो बताया कि कही सीएम को कॉल आ जाए और जूते पहनने का ही समय नहीं मिले इस लिए जूते पहले-पहने ही ढोक दे रहे थे.

Feb 05, 2026 15:33 (IST)

पांच साल का काम 2 साल में किया उपलब्धि एक भी नहीं बता रहे

विधानसभा सत्र में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने अपने भाषण में कहा कि मैं चाहता हूँ कि पांच साल सीएम नहीं बदले. साथ ही उन्होंने आगे कहा कि पांच साल में जो काम हुआ वो आपने 2 साल में कर दिया, लेकिन उपलब्धि एक भी नहीं बताओगे. वहीं यदि कोई पत्रकार इस बात को उजागर कर दे तो सीएम ने यहां  से कॉल जाता है. इसे ठीक करो सरकार का मैसेज सही नहीं जा रहा है. साथ ही यह भी कह रखा है कि पर्ची सरकार कही दिख गया तो उसकी एड बंद हो जाएगी उसी दिन से.

Feb 05, 2026 14:31 (IST)

Nikay Chunav: पंचायत चुनाव के नियमों में यूनुस खान का बयान

निर्दलीय विधायक यूनुस खान ने पंचायत चुनाव के नियमों में बदलाव को लेकर कहा कि दो संतानों के नियम को लागू रखा जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि इस नियम से जनसंख्या नियंत्रण और सामाजिक संतुलन बनाए रखने में मदद मिलती है और इसे हटाने का कोई औचित्य नहीं है. उन्होंने कहा कि भजनलाल सरकार के पास न तो स्पष्ट नीति है और न ही किसी स्तर पर नियंत्रण नजर आ रहा है. विधानसभा में पेश किए जा रहे आंकड़े आपस में मैच नहीं कर रहे हैं. 

उन्होंने आरोप लगाया कि नौकरियों से जुड़े आंकड़े भी विरोधाभासी हैं और सरकार खुद नहीं जानती कि वह क्या दावा कर रही है. रामकथा कार्यक्रम में शिक्षकों की ड्यूटी लगाए जाने के सवाल पर यूनुस खान ने कहा कि सरकार को नियमों के दायरे में रहते हुए ड्यूटी लगाने का अधिकार है. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि सरकार को हर फैसले में संतुलन और प्राथमिकताओं का ध्यान रखना चाहिए.

Feb 05, 2026 14:14 (IST)

खेजड़ी आंदोलन पर भाटी ने सरकार को घेरा

शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने खेजड़ी कटाई के मामले को लेकर सरकार पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि खेजड़ी के संरक्षण की लड़ाई कोई व्यक्तिगत लड़ाई नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य की लड़ाई है. खेजड़ी को बचाने के लिए कई साधु संत लंबे समय से अनशन कर रहे हैं, जिनमें से कई की तबीयत भी बिगड़ चुकी है. इसके बावजूद सरकार इस संवेदनशील मुद्दे को गंभीरता से नहीं ले रही है.

उन्होंने कहा कि खेजड़ी सिर्फ एक पेड़ नहीं है, बल्कि राजस्थान की संस्कृति, आस्था और पर्यावरण से जुड़ा प्रतीक है. भाटी ने आरोप लगाया कि सरकार विकास के नाम पर पर्यावरण और परंपरा दोनों की अनदेखी कर रही है. विधायक भाटी ने सरकार से मांग की कि खेजड़ी के संरक्षण के लिए एक मजबूत और प्रभावी कानून बनाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित पर्यावरण मिल सके.

Feb 05, 2026 13:37 (IST)

Udaipur Train Stone Pelting उदयपुर में ट्रेन पर पथराव

उदयपुर से अजमेर जा रही एक ट्रेन पर गुरुवार दोपहर देबारी क्षेत्र में पत्थरबाजी हुई है. इस घटना में खिड़की के पास बैठी महिला घायल हो गई है. घटना के बाद ट्रेन रोककर महिला को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है. घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंच गई है और जांच कर रही है. जो तस्वीरें सामने आई हैं उन्हें ट्रेन की सीट पर खून साफ नजर आ रहा है.

Feb 05, 2026 13:06 (IST)

Dungarpur: कांग्रेस विधायक गणेश घोगरा की प्रेस कांफ्रेंस

कांग्रेस विधायक गणेश घोघरा की प्रेस कांफ्रेंस में टीएडी मंत्री बाबूलाल खराड़ी पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि मंत्री और बेटे ने मिलकर गरीबों की 52 बीघा जमीन हड़प ली. बांसवाड़ा के दानपुर में आदिवासियों की जमीन पर अवैध कब्जा होने की बात कही. उन्होंने चुनौती देते हुए कहा, "अगर मंत्री में दम है तो इस मामले की जांच करवाएं. आप जनता का भला नहीं कर सकते, आप तो जंगल में जाकर बकरियां चराओ." 

इससे पहले खराड़ी ने भी घोघरा पर बयान दिया था, जिसके जवाब में घोघरा ने कहा कि दो एफआईआर तो जन समस्याओं के खिलाफ आवाज उठाने पर हुई है. जमीन ओर भ्रष्ट्राचार का एक भी आरोप साबित कर दें तो मैं राजनीती छोड़ने को तैयार हूं.

Feb 05, 2026 12:19 (IST)

शेखावाटी के सबसे बड़े हॉस्पिटल में विवाद

शेखावाटी की सबसे बड़े एसके अस्पताल में डॉक्टर व महिला नर्स के बीच विवाद का मामला तूल पकड़ गया है. बीते दिन अस्पताल में कैंसर यूनिट के सामने पार्किंग को लेकर डॉक्टर व महिला नर्स भिड़ गए थे. महिला नर्सिंग ऑफिसर सुमन ने चिकित्सक संजय पर अभद्र व्यवहार व हाथ उठाने का आरोप लगाया था. दोनों पक्षों की ओर से एक दूसरे के खिलाफ अस्पताल प्रबंधन को शिकायत दी गई है. घटना के विरोध में आज नर्सिंगकर्मियों ने अस्पताल अधीक्षक के ऑफिस के सामने मीटिंग भी की. नर्सिंगकर्मियों ने डॉक्टर के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है. साथ ही चेतावनी दी है कि कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में कार्य बहिष्कार किया जाएगा. 

Feb 05, 2026 12:08 (IST)

खेजड़ी आंदोलन के अनशन का तीसरा दिन

खेजड़ी आंदोलन के तहत अनशन का आज तीसरा दिन है. इस बीच, सरकार का प्रतिनिधिमंडल धरना स्थल पर पहुंचा. इसमें कैबिनेट मंत्री केके विश्नोई, जसवंत विश्नोई, विधायक पब्बाराम और बिहारीलाल शामिल हैं. प्रतिनिधिमंडल के सदस्य 'खेजड़ी बचाओ' आंदोलन के तहत अनशन पर बैठे लोगों से बात करेंगे.

Feb 05, 2026 11:54 (IST)

चूरू में कॉलेज प्रिंसिपल का विरोध-प्रदर्शन

राजस्थान के सरकारी कॉलेजों में 'राजसेस' (Raj-CES) योजना के तहत की संविदा नियुक्तियों और अस्थायी संचालन व्यवस्था के खिलाफ चूरू में विरोध-प्रदर्शन हुआ. अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (ABRSM) के प्रदर्शन में राजकीय एसबीड़ी कॉलेज के प्रिंसिपल ने हिस्सा लिया. प्रदर्शन के दौरान कॉलेजों के मुख्य द्वार पर काली पट्टी बांधकर Raj-CES योजना के विरोध में नारे लगाए और आक्रोश व्यक्त किया. महासंघ के पदाधिकारियों और संकाय सदस्यों ने एक स्वर में कहा कि यह योजना राष्ट्रीय शिक्षा नीति–2020 के खिलाफ है. 

Feb 05, 2026 11:19 (IST)

Gold Silver Rate Today: जानिए देश के प्रमुख शहरों में सोने का भाव

आज भारतीय सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में हलचल तेज है. यहां जानिए, देश के प्रमुख शहरों में 24 कैरेट गोल्ड का ताजा भाव क्या चल रहा है.

  • मुंबई: करीब ₹1,53,290 
  • दिल्ली: ₹1,53,030
  • बेंगलुरु: ₹1,53,410 
  • चेन्नई: ₹1,53,740
  • हैदराबाद: ₹1,53,540
  • कोलकाता: ₹1,53,090 

Feb 05, 2026 11:14 (IST)

Silver Crash Live: चांदी के दामों में गिरावट

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर आज चांदी की कीमतों में तेज गिरावट आई है. सुबह 10:12 बजे तक चांदी की कीमतें ₹21,850 (8.13%) की भारी गिरावट के साथ ₹2,47,000 प्रति किलो के स्तर पर आ गई हैं.  

Feb 05, 2026 10:47 (IST)

खेजड़ी बचाओ आंदोलन: आंदोलनकारियों की बिगड़ी तबीयत

खेजड़ी बचाओ आंदोलन के चौथे दिन कुछ और लोगों की तबीयत बिगड़ गई है. पूनम, कमला, सांवरलाल, कमला, वीरेंद्र गज्जेवाला, चौखा राम जांगू, सुशील कुमार डूडी, भगवानराम डेलू, उदाराम, राहुल, श्रवणराम धोलिया और श्रवण गोदारा का बिश्नोई धर्मशाला में इलाज चल रहा है. संत लालदास मांगीलाल, सुभाषचंद्र और गोवर्धन दास को पीबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है. 

Feb 05, 2026 10:35 (IST)

कोडयाई हत्या मामले में बनी सहमति

सवाई माधोपुर जिले के कोडयाई गांव में जेवरात लूट के इरादे से हुई महिला की हत्या के मामले में प्रशासन और ग्रामीणों के बीच गतिरोध समाप्त हो गया है. बुधवार शाम को विभिन्न मांगों पर सहमति बनने के बाद अब आज मृतका का अंतिम संस्कार किया जाएगा. शाम तक मांगों पर सहमति बनने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी बौंली भोजा गया था हालांकि, पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने तक काफी अंधेरा हो चुका था, जिसके कारण बुधवार शाम को अंतिम संस्कार नहीं किया जा सका.

Feb 05, 2026 10:24 (IST)

भीलवाड़ा के पंकज जोशी ने दिल्ली में बढ़ाया मान

भीलवाड़ा  के सीए पंकज जोशी ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए जिला और राज्य का नाम रोशन किया है. जुलाई 2025 में आयोजित हुई प्रतिष्ठित 'दिशा' परीक्षा में पंकज ने ऑल इंडिया प्रथम रैंक हासिल की है. इस सफलता के लिए हाल ही में दिल्ली में आयोजित एक विशेष सम्मान समारोह में उन्हें सम्मानित किया गया. केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने पंकज जोशी को उनकी उपलब्धि के लिए पुरस्कार प्रदान किया.

Feb 05, 2026 09:18 (IST)

Jaipur: जयपुर में हॉस्पिटल के सामने हादसा

जयपुर में रफ्तार से भागती कार आग का गोला बन गई. बजाज नगर इलाके में HOPE हॉस्पिटल के सामने हादसा हुआ. कार में सवाल पति और पत्नी ने कूदकर जान बचाई. फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया. 

Feb 05, 2026 08:33 (IST)

खेजड़ी आंदोलनः 70 से अधिक लोगों की तबीयत बिगड़ी

'खेजड़ी बचाओ' आंदोलन चौथे दिन भी जारी है. खेजड़ी की कटाई रोकने के लिए कठोर कानून लाने की मांग की जा रही है. देर रात शहर के मुख्य मार्गो पर कैंडल मार्च निकाला. इस मुद्दे पर पर्यावरण प्रेमियों को जबरदस्त समर्थन मिल रहा है. आज अन्य जिलों में भी अनशन होगा. वहीं, लगातार तीसरे दिन बीकानेर में करीब 480 लोग आमरण अनशन पर बैठे हैं. 70 से अधिक लोगों की तबीयत बिगड़ गई है. बिश्नोई धर्मशाला में ही अस्थाई अस्पताल बनाया गया है. 

Feb 05, 2026 07:43 (IST)

Rajasthan Vidhansabha: सुबह 11 बजे शून्यकाल से शुरू होगी कार्यवाही

राजस्थान विधानसभा की कार्यवाही आज सुबह 11 बजे शून्यकाल से शुरू होगी. आज सदन में प्रश्नकाल नहीं होगा.आज राज्यपाल के अभिभाषण पर वाद-विवाद का अंतिम दिन है. इसमें पहले 3 बजे नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सदन में अपनी बात रखेंगे. वाद-विवाद के समापन पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सरकार की तरफ से 4 बजे जवाब देंगे. 

इससे पहले, शून्य काल के दौरान सदन में वार्षिक प्रतिवेदन टेबल किए जाएंगे. मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ राजस्थान स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट एंड इन्वेस्टमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (RIICO) का वार्षिक प्रतिवेदन सदन में प्रस्तुत करेंगे. वहीं, मंत्री संजय शर्मा राजस्थान राज्य वन विकास निगम लिमिटेड का वार्षिक प्रतिवेदन सदन की मेज पर रखेंगे. 

Feb 05, 2026 07:13 (IST)

Rajasthan weather: एक बार फिर गिरा पारा

राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होते ही एक बार फिर ठंड का जोर बढ़ गया है. बुधवार को उत्तरी हवाओं के कारण जयपुर, सीकर, पिलानी, चूरू समेत कई शहरों में टेम्परेचर करीब 4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई.  वही, शेखावाटी के इलाकों में न्यूनतम तापमान सिंगल डिजिट (10 डिग्री से नीचे) में दर्ज हुआ. पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले कुछ दिन न्यूनतम तापमान में आंशिक बढ़ोतरी होने से लोगों को ठंड से कुछ राहत मिलेगी.