विज्ञापन
1 month ago

Rajasthan Breaking News Highlights: राजस्थान में कल, रविवार को जयपुर के चांदपोल सब्जी मंडी के पास परकोटे में दरगाह की छत के निर्माण कार्य को लेकर हंगामा हुआ. हवामहल विधायक बालमुकुंद आचार्य के अपने समर्थकों के साथ जाकर विरोध करने और कंस्ट्रक्शन रुकवाने के बाद जयपुर शहर कांग्रेस के अध्यक्ष सुनील शर्मा ने स्पेशल पुलिस कमिश्नर से मुलाकात की और बीजेपी विधायक पर FIR दर्ज करने की मांग रखी. कोटा में शनिवार को बिल्डिंग हादसे के बाद आज रानपुर इलाके में एक फैक्ट्री में आग लग गई. अलवर के अकबरपुर थाना क्षेत्र के निर्भमपुरा गांव में एक सरकारी टीचर ने सुसाइड कर लिया और चार पन्नों के कथित सुसाइड नोट में स्कूल के टीचरों और प्रिंसिपल पर मानसिक प्रताड़ित करने का आरोप लगाया. राजस्थान में पिछले कुछ दिनों से जारी कड़ाके की ठंड से अब राहत मिलने लगी है. आज, 9 फरवरी को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ है, और सुबह से ही सुनहरी धूप खिली हुई है. पढ़िए लाइव ब्लॉग में दिनभर की ताज़ातरीन ख़बरें.

Rajasthan News: बारां में बवाल के बाद माहौल हुआ शांत

बारां में गौवंश की मौत के बाद उपजा विवाद और तनावपूर्ण माहौल शांत हो गया. शहर बंद के दौरान प्रदर्शनकारियों पर हुए लाठीचार्ज के बाद बिगड़े हालत रात में जाकर अब सामान्य हो गए हैं. पूरे घटनाक्रम को लेकर क्षेत्रीय बीजेपी विधायक राधेश्याम बैरवा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से वार्ता कर स्थिति से अवगत कराया. सीएम के निर्देश के बाद कोटा रेंज आईजी राजेन्द्र प्रसाद गोयल बारां पहुंचे. प्रशासनिक स्तर पर घटनाक्रम की समीक्षा की. कोतवाली पुलिस थाने में गौ-सेवकों की पांच सूत्रीय मांगों पर प्रशासन व जनप्रतिनिधियों के बीच सहमति बनी.

Rajasthan News: पेपर लीक मामले में बाबूलाल कटारा को मिली जमानत

सुप्रीम कोर्ट ने राजस्थान लोक सेवा आयोग के निलंबित सदस्य बाबूलाल कटारा को ग्रेड सेकेंड टीचर भर्ती-2022 पेपर लीक मामले में अंतरिम जमानत दे दी है. जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा की खंडपीठ ने यह राहत देते हुए राजस्थान सरकार को जांच की प्रगति और अन्य विवरण दो सप्ताह में दाखिल करने के निर्देश दिए हैं.

Rajasthan News: बाड़मेर में किसानों का बवाल

बाड़मेर जिले के बायतू से होकर गुजरने वाली डबल हाईट्रांसमिशन लाइन के विरोध में किसानों का लगातार धरना प्रदर्शन जारी है. बिना मुआवजे कंपनी द्वारा निकाली जा रही लाइनों के विरोध में सोमवार को किसानों के धरना प्रदर्शन ने उग्र रूप ले लिया और उसके बाद सैकड़ो की संख्या में किसान ट्रैक्टर व गाड़ियों में सवार होकर जिला मुख्यालय के घेराव के लिए रवाना हो गए इसके बाद पुलिस व प्रशासन के हाथ पांव फूल गए और आनन-फानन में पुलिस प्रशासन ने बाड़मेर जोधपुर हाईवे पर क्रेनों को खड़ा कर किसानों को रोकने का प्रयास किया. प्रदर्शन में चल रही महिलाओ को रोकने आई महिला पुलिसकर्मियों से भिड़ गई. और पुलिस व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की किसानों का आरोप है कि हाईट्रांसमिशन लाइनों के बिना मुआवजे दिए ही लोगों के खेतों से निकली जा रही है और प्रशासन लगातार किसानों पर दबाव बनाकर किसानों के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है. किसानों की मांग है कि जब तक उचित मुआवजा नहीं दिया जाता है तब तक काम शुरू नहीं करने दिया जाएगा. किसान लगातार ट्रैक्टरों का अपने वाहनों से जिला मुख्यालय का घेराव करने के लिए आगे बढ़ रहे हैं.

Rajasthan News: देश का सबसे बड़ा एक्वाडक्ट का निरीक्षण

बूंदी जिले के गुहाटा गांव में चंबल नदी के तट पर देश का सबसे बड़ा एक्वाडक्ट तैयार किया जा रहा है. यह राज्य सरकार का एक महत्वाकांक्षी जल संसाधन प्रोजेक्ट है, जो पूरा होने के बाद न केवल राजस्थान बल्कि देश के लिए भी एक मिसाल बनेगा. परियोजना स्थल पर भारी मशीनरी और बड़ी संख्या में मजदूर दिन-रात काम में जुटे हुए हैं, जिससे निर्माण कार्य तेज गति से आगे बढ़ रहा है. जल संसाधन विभाग और सरकार का दावा है कि यह कार्य तय समय-सीमा के भीतर पूरा कर लिया जाएगा. जल संसाधन मंत्री सुरेश रावत ने गुहाटा गांव पहुंचकर निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को गुणवत्ता बनाए रखने और कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए.

Rajasthan News: अजमेर में भालू का हमला

अजमेर के ब्यावर के जवाजा थाना क्षेत्र स्थित करला गांव के जंगल में सोमवार सुबह एक चरवाहे पर भालू ने हमला कर दिया. हमले में करला निवासी घीसासिंह पुत्र बन्नासिंह गंभीर रूप से घायल हो गए. जानकारी के अनुसार घीसासिंह अपने खेतों के पास जंगल क्षेत्र में बकरियां चरा रहे थे, तभी पास की पहाड़ी से नीचे उतरे भालू ने अचानक उन पर हमला बोल दिया. भालू के पंजे का वार सीधे सिर पर लगने से उनके सिर व चेहरे पर गहरे घाव हो गए.

Rajasthan News: उदयपुर में किसान पर लेपर्ट अटैक

उदयपुर जिले के घासा थाना क्षेत्र के मांगथला गांव में लेपर्ड के अटैक का मामला सामने आया हैं. लेपर्ड ने खेत पर काम कर रहे किसान पर हमला किया जिससे किसान गंभीर रूप से घायल हो गया. जानकारी के अनुसार गांव से सटे हुए खेत में किसान गेहूं पिलाई का काम कर रहे थे. अचानक खेत में ही मौजूद लेपर्ड ने किसान श्यामलाल डांगी पर हमला कर दिया. श्यामलाल के चिल्लाने पर पास ही काम कर रही उनकी पत्नी दौड़कर आई और मदद के लिए चिल्लाई. तुरंत मौके पर आसपास काम कर रहे कई लोग पहुंच गए और लेपर्ड भाग गया. घायल किसान को तुरंत हॉस्पिटल पहुंचाया गया. लोगों का कहना है कि गांव के आसपास लगातार लेपर्ड का मूवमेंट बना रहता हैं.

Rajasthan News: मिलावटी घी पर बड़ी कार्रवाई कर कई ब्रांड संदेह में

बाड़मेर कृषि मण्डी में मिलावटी घी बेचे जाने की लगातार मिल रही शिकायतों पर स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. फूड इंस्पेक्टर राजेश जांगिड़ की टीम ने विजय लक्ष्मी ट्रेडिंग के यहां छापेमारी की और मिलावट के संदेह में कई ब्रांडों के घी के सैंपल लिए गये. कार्रवाई के दौरान विश्वा घी, हर्बल प्योर घी, मैत्री घी और पंजाब घी सहित चार प्रमुख ब्रांडों की बड़ी मात्रा में घी जब्त की गई. इन सैंपलों को जांच के लिए लैब में भेज दिया गया है. लैब रिपोर्ट आने के बाद मिलावट की पुष्टि होने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. 

Rajasthan News: पेयजल संकट को लेकर डीडवाना में मटके लेकर महिलाओं का प्रदर्शन

डीडवाना जिले के कुचामन पंचायत समिति की ग्राम पंचायत दीपपुरा में व्याप्त पेयजल संकट को लेकर आज ग्रामीणों ने जलदाय विभाग कार्यालय के समक्ष जमकर विरोध प्रदर्शन किया. इस दौरान लोगों व महिलाओं ने हाथों में मटके व घड़े लेकर जलदाय विभाग व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की, वही पेयजल समस्या के समाधान की मांग को लेकर जलदाय विभाग को ज्ञापन भी सौंपा. ग्रामीणों ने कहा कि घर-घर नल योजना बदल है. इस योजना में व्याप्त लापरवाही, अनियमितता और प्रशासनिक उदासीनता के कारण ग्रामीणजन पानी के लिए जूझ रहे हैं. गांव की अनेक बस्तियों में हालात बदतर हैं, जहां आज तक पाइपलाइन ही नहीं बिछाई गई है. ग्रामीणों ने बताया की पानी नहीं आने से आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से कोई ठोस समाधान नहीं किया गया.

Rajasthan News: सीएम हाउस से 300 मीटर दूर गौवंश की हत्या दुर्भाग्यपूर्ण- खाचरियावास

जयपुर में हुए गौवंश की हत्या मामले में सियासत तेज होने लगी है. मामले में पूर्व मंत्री व कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जी, यह अत्यंत शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण है कि आपके घर से मात्र 300 मीटर दूर अशोकपुरा में गौमाता की निर्मम हत्या कर दी गई और आरोपी भारतीय जनता पार्टी का पदाधिकारी है, फिर भी आपकी सरकार ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की.

Rajasthan News: किसानों ने जयपुर में अनिश्चितकालीन धरने की दी चेतावनी

भारतीय किसान यूनियन की ओर से किसानों ने श्रीगंगानगर जिला कलेक्ट्रेट के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया. किसानों ने डीआरटी कोर्ट में चल रहे केसीसी लोन के मुकदमों की फाइलें श्रीगंगानगर मंगवाने, पुराने केस वापस लेने और ब्याज माफी सहित कर्जमाफी की मांग को लेकर नारेबाजी की. इस दौरान पुलिस से धक्का मुक्की भी हुई. वहीं किसान जयपुर में अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी दे रहे हैं.

Baran News: बारां में बंद के दौरान लाठीचार्ज, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा

बारां में बंद के दौरान प्रताप चौक में पुलिस चौकी के सामने धरना प्रदर्शन कर रहे प्रदर्शनकारियों को लाठीचार्ज कर खदेड़ा गया है. पुलिस ने आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है. पिछले शुक्रवार को एक गौवंश की मौत के बाद प्रशासन और गौ सेवकों में मांगों को लेकर टकराव की स्थिति बन गई थी. गौ सेवक ज्ञापन के लिए कलेक्टर को बुलाने पर अड़े हुए थे. पुलिस प्रशासन ने समझाइश के बाद नहीं मानने पर प्रदर्शनकारियों को बलप्रयोग कर तितर-बितर कर दिया.

अजमेर में बागेश्वर बाबा के फाड़े पोस्टर

अजमेर में बागेश्वर धाम के प्रमुख धीरेन्द्र शास्त्री की प्रस्तावित कथा से पूर्व पोस्टर फाड़ने की घटना सामने आई है. जानकारी के अनुसार पुष्कर में 23 से 25 फरवरी तक आयोजित होने वाली कथा के प्रचार-प्रसार के लिए शहर के विभिन्न चौराहों पर फ्लैक्स और पोस्टर लगाए गए हैं. रविवार रात अज्ञात युवकों ने गई स्थानों पर लगे पोस्टरों को फाड़ दिया. सुभाष बाग के निकट महावीर सर्कल पर लगे पोस्टर भी फाड़े गए, जिससे आयोजन से जुड़े लोगों में रोष व्याप्त हो गया.  

श्री गंगानगर में करंट से युवक की मौत, लोगों ने सड़क क‍िया जाम

श्री गंगानगर सूरतगढ़ में ट्रांसफार्मर के करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौत का मामला सामने आया है. घटना के बाद गुस्साए लोगों ने सड़क पर धरने पर बैठ गए. ब‍िजली विभाग के ख‍िलाफ जमकर नारेबाजी की.  प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि ब‍िजली विभाग की लापरवाही के कारण तार खुले में पड़े हुए थे, जिसकी वजह से इस व्यक्ति की मौत हो गई.  प्रदर्शन में पूर्व पार्षद मोहम्मद फारूक, कांग्रेस नेता सिकंदर खान, किशन बेनीवाल सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद हैं, जो मृतक के परिजनों को 25 लाख रुपये का मुआवजा देने और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.  सूचना मिलने पर सिटी थाना एएसआई सुनील बाबल मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से समझाइश करने में जुटे हुए हैं. 

जैसलमेर में 150 भेड़ों की मौत

जैसलमेर के रामगढ़ क्षेत्र के राघवा गांव में जंगली जानवरों का कहर है. रविवार रात देरावरसिंह की ढाणी में पशुबाड़े में सो रही भेड़ों पर हमला कर दिया. हमले में करीब 150 भेड़ों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. सोमवार सुबह बाड़े में खून से लथपथ भेड़ें देखकर पशुपालक स्तब्ध रह गए. एक साथ इतने पशुओं का शिकार होने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों का कहना है कि हमला एक से अधिक जानवरों ने किया है. भेड़ों के शरीर और गर्दन पर गहरे दांतों के निशान मिले हैं. सूचना पर पुलिस, वन विभाग और पशु चिकित्सक मौके पर पहुंचे. प्रथम दृष्टया कुत्तों के हमले की आशंका जताई जा रही है. ग्रामीणों ने पीड़ित पशुपालक को मुआवजा देने की मांग की है. 

Sriganganagar News: आशीष हत्याकांड में तीनों आरोपियों की कोर्ट में जल्द पेशी

श्रीगंगानगर के रावला क्षेत्र में हुए आशीष हत्याकांड में पुलिस ने तीनों आरोपियों को घड़साना कोर्ट में पेश करने की तैयारी कर ली है. पुलिस मुख्य आरोपी संजय, उसके सहयोगी रोहित और बादल को कोर्ट में पेश करने जा रही है. इस मामले में पहले ही आरोपी अंजलि को न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है. 

पुलिस ने इस केस में संजय उर्फ संजू उम्र 25 वर्ष निवासी श्रीगंगानगर, रोहित उर्फ रॉकी उम्र 20 वर्ष निवासी सादुलशहर, बादल उर्फ सिद्धार्थ उम्र 20 वर्ष निवासी श्रीगंगानगर और मृतक की पत्नी अजू उर्फ अंजली उम्र 23 वर्ष को गिरफ्तार किया है.

आसाराम की सजा के खिलाफ अपील, याचिका पर आज हाईकोर्ट में होगी सुनवाई

आसाराम की सजा के खिलाफ राजस्‍थान हाई कोर्ट में अपील की गई है. आज याच‍िका पर सुनवाई होगी. मामला आदेश के लिए सूचीबद्ध किया गया है. लंच के बाद मामले में सुनवाई होगी. जस्टिस अरुण मोगा और जस्टिस योगेंद्र कुमार पुरोहित की खंडपीठ सुनवाई करेगी. एससी-एसटी कोर्ट ने आसाराम को जिंदगी की आखिरी सांस तक जेल की सजा सुनाई थी, नाबालिग से यौन उत्पीड़न के मामले में सजा हुई थी. 

Kota News: कोटा में बिल्डिंग हादसे में मारे गए कोचिंग छात्र का आज पोस्टमार्टम

कोटा में दो दिन पहले, शनिवार 7 फरवरी को इमारत हादसे का शिकार हुए कोचिंग छात्र आर्यन के शव का आज पोस्टमार्टम किया जाएगा. पश्चिम बंगाल के छात्र के परिजन कोटा मेडिकल कॉलेज पहुंच गए हैं.  मृतक छात्र की मां का भी निजी अस्पताल में इलाज हो रहा है. बिल्डिंग हादसे में मां-बेटे दोनों घायल हो गए थे. बेटे आर्यन की गंभीर रूप से घायल होने पर मौत हो गई थी.

हादसे में 15 साल के एक और बच्चे लक्ष्मण की मौत हो गई थी जो अपनी विधवा मां का सहारा था.  पढ़िए पूरी ख़बर -

रेस्टोरेंट में खाने बैठा बच्चा, ऊपर भरभरा कर गिरी बिल्डिंग; विधवा मां ने कोटा हादसे में खोया बेटा

रेस्टोरेंट में खाने बैठा बच्चा, ऊपर भरभरा कर गिरी बिल्डिंग; विधवा मां ने कोटा हादसे में खोया बेटा

Phalodi News: फलोदी में गुमशुदा महिला के ससुर और भाई पानी टंकी पर चढ़े

फलोदी जिले में डेढ़ वर्ष पूर्व गुमशुदा हुई एक विवाहिता की तलाश को लेकर महिला के ससुर और भाई पानी की टंकी पर चढ़ गए. सूचना पर डीएसपी अचल सिंह देवड़ा व एसडीएम चाखू गांव पहुंचे और कई घंटे समझाइश की. अधिकारियों के कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद देर रात दोनों टंकी से नीचे उतरने पर राजी हुए.

Sriganganagar News: आशीष मर्डर केस में नया खुलासा

श्रीगंगानगर के बहुचर्चित आशीष हत्याकांड में पुलिस की पूछताछ में कई नई बातें सामने आ रही हैं. सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी संजय ने पुलिस को बताया है कि अंजलि के साथ उसका अफेयर वर्ष 2017 से चल रहा था. पढ़िए पूरी रिपोर्ट - अंजलि‍ का 9 साल से था अफेयर, प्रेमी के जन्मदिन पर पति की हत्या की रची साजिश; सामने ही मरवाया  

Bikaner News: मुकाम पीठाधीश्वर स्वामी रामानंद जी महाराज हादसे में बाल-बाल बचे

मुकाम पीठाधीश्वर स्वामी रामानंद जी महाराज की गाड़ी कल देर रात बीकानेर के नोखा में सड़क हादसे का शिकार हो गई जिसमें वे बाल-बाल बच गए. स्वामी रामानंद जी महाराज खेजड़ी कटाई पर प्रतिबंध को लेकर जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मुलाकात के बाद वापस मुकाम लौट रहे थे. इसी दौरान जसरासर कातर सड़क मार्ग पर उनकी गाड़ी का एक्सीडेंट हो गया. रामानंद जी महाराज को सुरक्षित बाहर निकाला गया और प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल लाया गया.

Banswara News: मह‍िला को म‍िर्गी का दौरा आया, चूल्‍हे पर ग‍िरने से झुलसी

बांसवाड़ा के आनंदपुरी थाना क्षेत्र के डोडीया गांव में रविवार को घर पर खाना बनाते समय एक महिला को अचानक मिर्गी का दौरा पड़ गया, जिससे वह मुंह के बल चूल्हे पर गिर गई, और झुलस गई. पर‍िजनों ने उसे अस्‍पताल में भर्ती कराया, जहां पर उसका इलाज चल रहा है. 

Baran News: बारां में आज हिंदू संगठनों का बंद, गोवंश का शव मिलने के बाद विरोध

हिंदू संगठन आज बारां शहर बंद करवा रहे हैं. भगवा ध्वज लेकर गौसेवक और हिंदू संगठन के कार्यकर्ता पदाधिकारी सड़कों पर उतरे. भारी पुलिस बल साथ में चल रहा है. दुकानें बंद करवाई जा रही हैं. शुक्रवार को बारां शहर के बरडिया क्षेत्र में एक गाय का बछड़ा मृत मिला था. हिंदू संगठनों का आरोप है कि बछडे़ की हत्या हुई है. 

हत्यारों की ग‍िरफ्तारी के ल‍िए ह‍िंदू संगठन शुक्रवार को प्रताप चौक पर धरना प्रदर्शन किया था, औश्र 48 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए धरना प्रदर्शन खत्म किया था.  अब तक दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होने से गुस्साए गौसेवक और हिंदू संगठन के कार्यकर्ता पदाधिकारी आज रैली निकालकर बारां शहर बंद करवा रहे हैं. 

Bundi News: बूंदी में जयपुर-कोटा हाईवे पर तेज़ रफ़्तार स्कॉर्पियो पलटी

बूंदी में जयपुर–कोटा राष्ट्रीय राजमार्ग फोरलेन पर एक सड़क हादसा हो गया. हिंडोली थाना क्षेत्र में छतरगंज गांव के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे में स्कॉर्पियो सवार लगभग छह लोग घायल हो गए. बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो का स्टीयरिंग फेल हो गया, जिसके चलते वाहन बेकाबू होकर रॉन्ग साइड में चला गया और सड़क पर पलट गया. तेज आवाज के साथ वाहन पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई. दुर्घटना के बाद जयपुर–कोटा फोरलेन पर काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही. 

Kota News: कोटा में केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लगी

कोटा के रानपुर में आज एक केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लग गई. आग लगने से पूरे इलाके में दहशत का माहौल हो गया फैक्ट्री के ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट की वजह से उठी चिंगारी ने पूरे फैक्ट्री परिसर को ही आग चपेट में ले लिया. सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की दमकले मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया गया. करीब 8 दमकलों की मदद से 1 घंटे तक लगातार पानी की बौछारें की गईं. मुख्य अग्नि शमन अधिकारी राकेश व्यास ने बताया कि ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी थी जिसके बाद अपने विकराल रूप धारण कर लिया. हिमालय केमिकल के नाम से इस फैक्ट्री में भारी मात्रा में केमिकल के ड्रम भी रखे हुए थे अगर केमिकल के ड्रम में आग लग जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था.

एनडीटीवी राजस्थान के लाइव ब्लॉग में आज, 9 फरवरी की बड़ी ख़बरों के अपडेट के लिए इस पन्ने पर जुड़े रहें. कल, रविवार, 8 फरवरी की बड़ी ख़बरों को आप इस लिंक पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं -

Rajasthan News Live: राजस्थान में खेजड़ी बचाने के लिए अनशन पर बैठेंगे 5 लाख लोग, जोधपुर पहुंचीं थाईलैंड की राजकुमारी

Track Latest News Live on NDTV.com and get news updates from India and around the world

फॉलो करे:
Close