Rajasthan News: कोटा शहर में बीती रात शनिवार को जवाहर नगर थाना इलाके में तीन मंजिला इमारत गिरने से दर्दनाक हादसा हुआ और केशवपुरा गुजराती कॉलोनी में रहने वाली विधवा मां ने अपना 15 साल का बेटा लक्ष्मण खो दिया. लक्ष्मण के साथ ही इस हादसे में 20 वर्षीय कोचिंग स्टूडेंट आर्यन की भी जान चली गई है. लक्ष्मण अपनी मां का हाथ बंटाता था और परिवार को चलाने में मदद करता था. पिता की डेढ़ साल पहले लंबी बीमारी के चलते मौत हो चुकी, जिसके बाद बेटा लक्ष्मण ही मां के साथ कमाने का एक सहारा था. लक्ष्मण की मौत के बाद अब घर में विधवा मां और दो बहने, एक भाई छोटा बचा है. परिवार की माली हालत काफी खराब है.
परिवार चलाने मां का था सहारा
रविवार को मृतक के रूप में 15 वर्षीय लक्ष्मण की पहचान होने के बाद गुजराती समाज के लोग कोटा मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे. पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर लक्ष्मण का शव समाज के लोगों को सौंप दिया. समाज के लोगों ने कोटा जिला प्रशासन और राज्य सरकार से विधवा मां की आर्थिक मदद करने की मांग की है. बेटा लक्ष्मण विधवा मां को परिवार चलाने में पूरी मदद करता था और कल शनिवार शाम को कपड़े बेचकर आने के बाद वह कुछ खाने के लिए बाजार निकला था.
ऊपर से भरभराकर गिर गई बिल्डिंग
मां को घर से बोलकर निकला था कि वह कुछ खाकर वापस घर आएगा. लेकिन जैसे ही रेस्टोरेंट पर वह पहुंचा, वहां उसके पहुंचने के कुछ देर बाद ही भरभरा कर बिल्डिंग गिर गई और उसके मलबे की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई. जवाहर नगर थाने के एएसआई किशोर का कहना है कि बालक लक्ष्मण की मौत सिर में गंभीर चोट लगने और दम घुटने से हुई है. समाज के लोगों ने कहा कि मृतक लक्ष्मण बालक पहले इसी रेस्टोरेंट पर काम करता था. पीड़ित परिवार की आर्थिक मदद की मांग करते हुए इस हादसे के लिए संबंधित प्रशासन को जिम्मेदार बताया है.
कोटा न्यू मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती पूरब और शालीन भी इस हादसे में घायल हो गए हैं. दोनों रिश्ते में ममेरे भाई हैं. पूरब के पिता नेमीचंद ने बताया कि दोनों भाई रात को हादसे के कुछ देर पहले ही रेस्टोरेंट पर अपनी स्कूटी से पहुंचे थे. जैसे ही वहां बैठे खाने के लिए अचानक भरभरा कर बिल्डिंग गिर गई. दोनों कुछ नहीं समझ पाए. दोनों के चोटें आईं हैं. पूरब का पैर फैक्चर हुआ है. पिता नेमीचंद ने कहा कि हादसे की सूचना शालीन ने उनके मोबाइल फोन पर दी. वह घबरा गए थे, तुरंत अस्पताल पहुंचे, अभी दोनों की हालत ठीक है.
पश्चिम बंगाल के आर्यन की भी मौत
इस हादसे में पश्चिम बंगाल के रहने वाले कोचिंग स्टूडेंट आर्यन (करीब 22 साल) की भी मौत हुई है. वह अपनी मां के साथ इस रेस्टोरेंट पर पहुंचा था, लेकिन कुछ देर बाद ही हादसा हुआ और दोनों मां बेटे मलबे की चपेट में आ गए थे, बेटे आर्यन की मौत हो चुकी है, जबकि मां सुचिता का कोटा के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है. कोटा जिला और पुलिस प्रशासन ने परिजनों को इस बारे में सूचित कर दिया है. उनके आने के बाद ही मृतक आर्यन का पोस्टमार्टम होगा.
रिपोर्ट- अरविंद अर्जन
य़ह भी पढे़ं-
Rajasthan: 48 घंटे में अनाधिकृत इमारतों का सर्वे, कोटा में बिल्डिंग हादसे के बाद प्रशासन हुआ सख्त
जयपुर में दरगाह की छत के निर्माण पर हंगामा, विधायक बालमुकुंद आचार्य और अमीन कागजी भिड़े