विज्ञापन
3 minutes ago

Rajasthan News Today, 18 February 2026: आज राजस्थान विधानसभा की कार्यवाही काफी अहम रहने वाली है, जहां प्रश्नकाल के साथ-साथ तृतीय श्रेणी शिक्षकों के आवंटन और महापुरुषों की प्रतिमाओं की गाइडलाइन जैसे मुद्दे सदन में छाए रहेंगे. वहीं, जल जीवन मिशन (JJM) घोटाले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 वरिष्ठ अधिकारियों को गिरफ्तार किया है, जिससे प्रदेश के सियासी गलियारों में हड़कंप मचा हुआ है. भिवाड़ी में हुए भीषण हादसे के बाद प्रशासन ने अवैध पटाखा फैक्ट्रियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. साथ ही, मौसम विभाग ने आज जयपुर, बीकानेर और अजमेर सहित कई संभागों में हल्की से मध्यम बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है. राजस्थान की राजनीति से लेकर भ्रष्टाचार के बड़े खुलासों और मौसम के बदलते मिजाज तक, हर अपडेट के लिए इस लाइव ब्लॉग से जुड़ें.

Here Are The Live Updates of Rajasthan News Today

Rajasthan Weather Update LIVE: सीकर, करौली और गंगापुर सिटी में बारिश शुरू, ऑरेंज अलर्ट जारी

राजस्थान में नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से सीकर, करौली और गंगापुर सिटी सहित कई इलाकों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है. जहां सुबह से ही आसमान में छाए काले बादलों के बीच मेघगर्जना के साथ बूंदाबांदी और हल्की बारिश का दौर शुरू हो गया है. 

मौसम विभाग ने करौली में ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए आकाशीय बिजली गिरने और 40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है, वहीं गंगापुर सिटी में खेतों और मंडियों में खुली पड़ी सरसों व गेहूं की फसलों पर बारिश की मार पड़ने से किसानों की चिंताएं बढ़ गई हैं.

Jodhpur News LIVE: 12 साल पुराने डोडापोस्त मामले में दोषी भागीरथराम को 10 साल की जेल

अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ जोधपुर की एनडीपीएस कोर्ट ने एक बड़ा और कड़ा फैसला सुनाया है. अदालत ने करीब 12 साल पुराने डोडापोस्त तस्करी के मामले में आरोपी भागीरथराम विश्नोई को दोषी करार देते हुए जेल भेज दिया है. कोर्ट के इस फैसले ने साफ कर दिया है कि नशे के सौदागरों के खिलाफ कानून का शिकंजा देर से ही सही, लेकिन बेहद मजबूती से कसता है.

Jodhpur News LIVE: प्रेम बाईसा मौत मामले में आज कंपाउंडर देवीसिंह से होगी पूछताछ

राजस्थान के जोधपुर की प्रसिद्ध कथा वाचक प्रेम बाईसा की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस की तफ्तीश तेज हो गई है. इस पूरे प्रकरण में लापरवाही के आरोपी कंपाउंडर देवीसिंह को आज पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कल ही देवीसिंह के खिलाफ केस दर्ज किया था, जिसके बाद अब उसकी मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं.

Rajasthan News LIVE: अजमेर के पूर्व सरपंच गोविंदराम गुर्जर निधन

अजमेर के डुमड़ा गांव के पूर्व सरपंच गोविंदराम गुर्जर का मंगलवार देर रात इलाज के दौरान निधन हो गया. पूर्व सरपंच पिछले कई दिनों से अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे थे. 

यह पूरा मामला रास्ते के अतिक्रमण विवाद से जुड़ा है. आरोप है कि गत दिनों विवाद के दौरान दबंगों ने रंजिश के चलते पूर्व सरपंच गोविंदराम गुर्जर पर बोलेरो चढ़ाकर जानलेवा हमला किया था. हमला इतना भयानक था कि गोविंदराम बुरी तरह घायल हो गए थे, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अजमेर के जवाहरलाल नेहरू (JLLN) अस्पताल में भर्ती कराया गया था.

Jaipur Bomb Threat LIVE: जयपुर के SKIT कॉलेज को बम से उड़ाने की धमकी, परिसर खाली

राजस्थान की राजधानी जयपुर के जगतपुरा स्थित SKIT कॉलेज (Swami Keshvanand Institute of Technology) में बम होने की सूचना से हड़कंप मच गया है. कॉलेज प्रशासन को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद आनन-फानन में पूरे कॉलेज परिसर को खाली करा लिया गया है. मौके पर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सर्च ऑपरेशन चला रही हैं. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, दमकल विभाग की गाड़ियाँ और बम निरोधक दस्ता (BDDS) मौके पर पहुंच चुके हैं. कॉलेज के कोने-कोने की बारीकी से तलाशी ली जा रही है.

Bhiwadi Factory Fire Update: भिवाड़ी अग्निकांड मामले में 2 आरोपी गिरफ्तार

राजस्थान के भिवाड़ी में हुए भीषण अग्निकांड मामले में पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को अपनी गिरफ्त में ले लिया है, जिनसे पूछताछ जारी है. पकड़े गए आरोपियों में कंपनी का मैनेजर अभिनंदन शामिल है, जिसकी देखरेख में कामकाज चल रहा था. वहीं, पुलिस ने हेमंत शर्मा को भी गिरफ्तार किया है, जिसने कंपनियों को लीज पर ले रखा था. इन दोनों पर लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के गंभीर आरोप हैं. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पकड़े गए दोनों आरोपियों को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा.

Rajasthan Top News Today LIVE: देश की पहली रिवाइल्डिंग बाघिन के लिए अच्छी खबर, अब 21 हेक्टेयर के बड़े एनक्लोजर में होगी शिफ्ट

कोटा के मुकंदरा टाइगर रिजर्व में देश की पहली रिवाइल्डिंग बाघिन को खुले जंगल में छोड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. एनटीसीए (NTCA) ने बाघिन को वर्तमान के 5 हेक्टेयर वाले छोटे एनक्लोजर से निकालकर नवनिर्मित 21 हेक्टेयर के बड़े एनक्लोजर में शिफ्ट करने की अनुमति दे दी है. 

करीब 14 महीने से छोटे दायरे में बंद बाघिन को अब बड़े क्षेत्र में रिलीज किया जाएगा, जिसके लिए रिजर्व प्रशासन ने चीफ वाइल्ड लाइफ वार्डन को सूचना भेज दी है. 

एनटीसीए की शर्तों के अनुसार, बड़े एनक्लोजर में रहने के बाद अंततः इस बाघिन को पूरी तरह खुले जंगल में आजाद कर दिया जाएगा.

Rajasthan Breaking News Today LIVE: 50 हजार की घूस लेते ट्रैप हुए अधीक्षण अभियंता निलंबित, हाल ही में हुए थे सम्मानित

अजमेर डिस्कॉम के अधीक्षण अभियंता बाबूलाल को भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार होने के बाद विभाग ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने आरोपी अधिकारी को ठेकेदार से पुराने वर्क ऑर्डर जारी करने की एवज में 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा था, जिसके बाद कोर्ट ने उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है. 

चौंकाने वाली बात यह है कि जिस अधिकारी को हाल ही में विभागीय उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया था, उसने ठेकेदार से कुल 2 लाख रुपये की मांग की थी. एसीबी ने मौके से वर्क ऑर्डर की फाइलें और अहम दस्तावेज जब्त किए हैं और अब इस बात की भी जांच की जा रही है कि इस वसूली तंत्र में क्या विभाग के अन्य कार्मिक भी शामिल थे.

Rajasthan News LIVE: आज 19 घंटे के लिए बंद हो जाएंगे बाबा श्याम के कपाट, जानें दोबारा कब खुलेंगे पट

सीकर के प्रसिद्ध खाटूधाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खबर है. बाबा श्याम की विशेष सेवा, पूजा-अर्चना और भव्य तिलक श्रृंगार के चलते मंदिर के कपाट आज यानी 18 फरवरी की रात 10:00 बजे से कल (19 फरवरी) शाम 5:00 बजे तक लगातार 19 घंटों के लिए बंद रहेंगे. मंदिर कमेटी के मंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान के अनुसार, अमावस्या के बाद होने वाले इस विशेष शाही स्नान और चंदन तिलक श्रृंगार के लिए कपाट बंद किए गए हैं. कल शाम 5:00 बजे आरती के बाद ही श्रद्धालु बाबा के अलौकिक दर्शन कर सकेंगे. गौरतलब है कि 21 फरवरी से शुरू होने वाले वार्षिक फाल्गुनी लक्खी मेले की तैयारियां भी तेज हो गई हैं, जिसके लिए रेलवे रींगस जंक्शन से 20 विशेष मेला ट्रेनें संचालित करेगा.

Rajasthan News LIVE: रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा, शरीर के ऊपर से निकले ट्रक के टायर

डीग-कामा मार्ग पर हीरो एजेंसी के पास एक बेकाबू हाईवा ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार को कुचल दिया, जिससे कामा उपखंड के छीछारवाड़ी निवासी रामेश्वर पुत्र फूल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. हादसा इतना भीषण था कि ट्रक के कई टायर युवक के ऊपर से गुजर गए, जिससे मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया. सूचना मिलते ही डीग कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया. पुलिस ने घातक ट्रक को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि मृतक देर शाम बाइक से अपने गांव लौट रहा था, तभी तेज रफ्तार काल बनकर आए ट्रक ने उसे चपेट में ले लिया.

Jaipur Rain Alert LIVE: जयपुर में गिरे ओले

राजधानी जयपुर में सुबह से ही बारिश का दौर जारी है, जहां देर रात मौसम बदलने के साथ ही तेज हवाओं ने दस्तक दी और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हुई है. 

मौसम विभाग ने अगले 3 घंटों के लिए जयपुर, सीकर, दौसा, करौली, सवाई माधोपुर, टोंक और अलवर सहित आसपास के क्षेत्रों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जहां 30–40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. 

वहीं, बीकानेर, नागौर, पाली, कोटा और धौलपुर सहित कई अन्य जिलों में येलो अलर्ट जारी कर गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का अनुमान जताया गया है.

Chittorgarh Rain News Today: चित्तौड़गढ़ में हो रही बारिश

चित्तौड़गढ़ जिले में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है, जहां तेज मेघ गर्जना के साथ हल्की बारिश का दौर शुरू हो गया है. विशेषकर निम्बाहेड़ा क्षेत्र में रात ढाई बजे से सुबह साढ़े चार बजे तक रुक-रुक कर हुई बरसात ने मौसम को सुहाना बना दिया है. फिलहाल पूरे जिले में घने बादल छाए हुए हैं और कई इलाकों से हल्की बारिश की खबरें लगातार सामने आ रही हैं.

Rajasthan Assembly LIVE: राजस्थान विधानसभा में आज क्या होगा खास?

आज विधानसभा की कार्यवाही सुबह 11 बजे प्रश्नकाल के साथ शुरू होगी, जिसमें उपमुख्यमंत्री डॉ. पीसी बैरवा के विभागों सहित ऊर्जा, राजस्व, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी और नगरीय विकास से जुड़े मुद्दों पर तीखे सवाल-जवाब होने तय हैं.

आज सदन में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की अनुदान मांगों पर चर्चा कर उन्हें पारित किया जाएगा, वहीं ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के जरिए विधायक श्रीचंद कृपलानी 75 शिक्षकों को कार्यमुक्त करने का मुद्दा उठाएंगे और विधायक रतन देवासी महापुरुषों की प्रतिमाएं लगाने के लिए नई गाइडलाइन की मांग करेंगे.

इसके साथ ही मंत्री झाबर सिंह खर्रा नगरीय विकास विभाग की 29 अधिसूचनाएं पटल पर रखेंगे और सभापति जितेंद्र गोठवाल गृह एवं पंचायती राज से संबंधित महत्वपूर्ण प्रतिवेदन सदन की मेज पर प्रस्तुत करेंगे.

Rajasthan Weather Update LIVE: बारिश से किसान हुए परेशान

रींगस उपखंड क्षेत्र में मौसम के बदले मिजाज ने किसानों की धड़कनें बढ़ा दी हैं. देर शाम शुरू हुई बूंदाबांदी के बाद आज अलसुबह से ही फिर से हल्की बारिश का दौर जारी है, जिससे सर्दी का असर एक बार फिर बढ़ गया है. 

मौसम विभाग द्वारा बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी के बीच खेतों में पककर तैयार खड़ी फसलों पर संकट मंडरा रहा है. क्षेत्र के कई इलाकों में फसल की कटाई शुरू हो चुकी है, ऐसे में इस बेमौसम बरसात ने किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें खींच दी हैं.

Rajasthan Rain Alert LIVE: कोटा के कई इलाकों में हल्की बारिश शुरू

कोटा और आसपास के क्षेत्रों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है. आसमान में सुबह से ही घने काले बादल छाए हुए हैं और कई इलाकों में हल्की बारिश का दौर शुरू हो गया है. बेमौसम हो रही इस बरसात और खराब मौसम ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि खेतों में खड़ी फसलों में एक बार फिर बड़े नुकसान का अंदेशा जताया जा रहा है.

Bhiwadi Factory News Update: भिवाड़ी अग्निकांड पर कलेक्टर और SP के बयानों ने खड़े किए बड़े सवाल

खैरथल-तिजारा के खुशखेड़ा में पटाखा फैक्ट्री अग्निकांड के बाद जिला प्रशासन और पुलिस के दावों में बड़ा अंतर सामने आया है. 

जिला कलेक्टर आर्तिका शुक्ला ने जहां हादसे के वक्त फैक्ट्री में 10 से कम मजदूर होने का दावा किया, वहीं SP मनीष चौधरी ने कलेक्टर के दावों की पोल खोलते हुए मौके पर 16 मजदूरों के होने की बात कही है.

दावों के इस टकराव ने पूरे मामले को चौंकाने वाला बना दिया है, जिससे साफ जाहिर हो रहा है कि 7 मजदूरों की मौत के बाद अब सर्वे के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है.

Rajasthan News LIVE: दो बाइकों की टक्कर में 4 युवक लहूलुहान, एक जयपुर रेफर

गंगापुर सिटी में गंगा जी की कोठी के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की भिड़ंत में चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. टक्कर इतनी जोरदार थी कि रिजवान, संतोष तमोली, धर्मेंद्र और गोलू सड़क पर गिरकर तड़पने लगे, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से 108 एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया. डॉक्टरों ने संतोष तमोली की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर कर दिया है, जबकि अन्य तीन का इलाज जारी है. पुलिस ने तेज रफ्तार को हादसे का कारण बताते हुए दोनों क्षतिग्रस्त बाइक जब्त कर जांच शुरू कर दी है.

राजस्थान के लिए आज का दिन काफी गहमागहमी भरा रहने वाला है

NDTV राजस्थान के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है. इस लाइव पेज पर आपको दिन भर की राजस्थान की अहम खबरें मिलेंगी.

कल का लाइव ब्लॉग आप इस लिंक पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं - https://rajasthan.ndtv.in/rajasthan-news/rajasthan-news-live-updates-17-february-2026-bhiwadi-fire-budget-reply-weather-alert-hindi-11013129

हमारी वेबसाइट पर पिछले दिन की कुछ ख़ास खबरें आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं - 

1. जल जीवन मिशन घोटाले में ACB का बड़ा एक्शन, रिटायर्ड IAS सुबोध अग्रवाल समेत 15 ठिकानों पर रेड, 9 हिरासत में

https://rajasthan.ndtv.in/rajasthan-news/jal-jeevan-mission-scam-acb-raids-retired-ias-subodh-agarwal-15-locations-hit-11013277

2. 3 नहीं, अब 4 मार्च को मनेगी होली, होलिका दहन के बाद लगेगा चंद्रग्रहण का साया, नोट कर लें सूतक का समय

https://rajasthan.ndtv.in/rajasthan-news/holi-2026-celebrate-on-march-4-not-3-lunar-eclipse-after-holika-dahan-check-sutak-timings-11013137

3. राजस्थान में एक और घोटाले की गूंज! किरोड़ीलाल मीणा ने खोला पूरा कच्चा-चिट्ठा

https://rajasthan.ndtv.in/rajasthan-news/agriculture-minister-kirodi-lal-meena-informed-rajasthan-vidhansabha-about-kshema-insurance-company-scam-11009323

Close