Rajasthan News Live Updates: राजस्थान के लिए आज का दिन खबरों के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण रहने वाला है. प्रदेश की सबसे बड़ी और हृदयविदारक खबर खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी से सामने आई है, जहां एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण धमाके और अग्निकांड ने पूरे देश को स्तब्ध कर दिया है. इस दर्दनाक हादसे में 7 मजदूरों की जान चली गई है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से झुलस गए हैं. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है. वहीं प्रशासन अब उन अवैध इकाइयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी में है जो रिहायशी इलाकों के करीब नियमों को ताक पर रखकर चल रही थीं.
दूसरी ओर, राजधानी जयपुर स्थित विधानसभा में आज राजनीतिक सरगर्मियां चरम पर होंगी. बजट सत्र की चर्चा का आज अंतिम दिन है, जिसमें बजट पर विपक्ष के सवालों का जवाब सरकार की तरफ से पेश किया जाएगा. इस दौरान नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली द्वारा सरकार की घेराबंदी किए जाने की संभावना है, जिससे सदन में तीखी बहस देखने को मिल सकती है. सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे प्रश्नकाल के साथ शुरू होगी. सदन में आज 22 तारांकित और 22 अतारांकित प्रश्न सूचीबद्ध हैं.
इन सब के बीच, राजस्थान के मौसम ने भी अपनी चाल बदल ली है. एक तरफ जहां बाड़मेर और जैसलमेर जैसे जिलों में पारा 35 डिग्री के पार पहुंचकर समय से पहले गर्मी का एहसास करा रहा है, वहीं मौसम विभाग ने आगामी 48 घंटों के लिए जयपुर, जोधपुर और बीकानेर सहित 20 से अधिक जिलों में बारिश और आंधी का 'यलो अलर्ट' जारी किया है. पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से होने वाला यह बदलाव किसानों की चिंता बढ़ा सकता है.
राजस्थान की इन तमाम बड़ी और विशेष खबरों पर हमारी पैनी नजर बनी हुई है. पल-पल की ताजा अपडेट के लिए हमारे इस लाइव ब्लॉग के साथ जुड़े रहें.
Here Are The Live Updates of Rajastha Breaking News
Holi Special Train Bikaner: होली पर चलेगी भावनगर-बीकानेर स्पेशल ट्रेन
उत्तर पश्चिम रेलवे ने होली के त्योहार पर यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए बीकानेर से भावनगर के बीच साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन शुरू की है. यह ट्रेन 22 फरवरी से 29 मार्च तक कुल 6 ट्रिप लगाएगी. बीकानेर से यह ट्रेन हर सोमवार सुबह 9 बजे रवाना होगी. 22 डिब्बों वाली यह विशेष रेलसेवा कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करेगी, जिससे होली पर घर जाने वाले प्रवासियों और यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी.
Jaisalmer News LIVE: जैसलमेर में गोचर भूमि बचाने के लिए ग्रामीणों का हल्ला बोल
जैसलमेर में ओरण और गोचर भूमि को सोलर कंपनियों को आवंटित करने के विरोध में आज जिलेभर के ग्रामीण और पर्यावरण प्रेमी लामबंद हो गए हैं. जिला मुख्यालय स्थित आलाजी मंदिर से इस महापड़ाव का आगाज हुआ है. प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग है कि सोलर कंपनियों को दी गई और प्रस्तावित भूमि का आवंटन तुरंत रद्द किया जाए और इन जमीनों को राजस्व रिकॉर्ड में 'ओरण-गोचर' के रूप में दर्ज किया जाए. ग्रामीणों का आरोप है कि इन आवंटनों से स्थानीय पारिस्थितिकी और पशुपालन को भारी नुकसान हो रहा है.
Jaipur News LIVE: जयपुर में जनपथ आज बंद, वकीलों का प्रदर्शन, कई रूट डायवर्ट
जयपुर के हाई कोर्ट के बाहर वकीलों के प्रदर्शन के चलते आज जनपथ पर यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है. अंबेडकर सर्किल से सहदेव मार्ग तक सामान्य ट्रैफिक पूरी तरह बंद रहेगा.
22 गोदाम, टोंक रोड और रामबाग़ की ओर से आने वाली बसों और मिनी बसों को डायवर्ट किया गया है.
सचिवालय और हाई कोर्ट जाने वाले कर्मचारियों व आमजन को तिलक मार्ग और पृथ्वीराज रोड का उपयोग करने की सलाह दी गई है.
ट्रैफिक पुलिस ने जाम से बचने के लिए नारायण सिंह तिराहा और चौमू हाउस चौराहा मार्ग का उपयोग करने की अपील की है.
Rajasthan LIVE: जयपुर से दिल्ली तक ACB की छापेमारी, IAS और इंजीनियरों सहित 9 हिरासत में
राजस्थान के बहुचर्चित जल जीवन मिशन (JJM) घोटाले में आज सुबह एसीबी (ACB) की एसआईटी टीम ने बड़ा एक्शन लिया है. जयपुर, दिल्ली, बाड़मेर, सीकर सहित 15 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी चल रही है. जांच की आंच रिटायर्ड IAS सुबोध अग्रवाल के ठिकानों तक भी पहुंच गई है. डीआईजी रामेश्वर सिंह के नेतृत्व में चल रही इस सर्च में 15 से ज्यादा आरोपियों के ठिकानों को खंगाला जा रहा है. अब तक केडी गुप्ता, सुशील शर्मा और अरुण श्रीवास्तव सहित करीब 9 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है. भ्रष्टाचार के खिलाफ इस बड़ी कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है.
Rajasthan Breaking News LIVE: सीकर में NSUI का बड़ा प्रदर्शन आज
सीकर में आज छात्रों और युवाओं का बड़ा शक्ति प्रदर्शन होने जा रहा है. एनएसयूआई (NSUI) जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश नागा के नेतृत्व में हजारों छात्र एसके स्कूल ग्राउंड से कलेक्ट्रेट तक 'आक्रोश रैली' निकालेंगे. छात्रों की मुख्य मांग पेपर लीक और ओएमआर शीट घोटाले की CBI जांच कराने की है. इसके अलावा छात्रसंघ चुनाव बहाल करने, बेरोजगारी भत्ता जारी करने और CET परीक्षा जल्द आयोजित करने जैसी 11 सूत्री मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा. इस प्रदर्शन के चलते कलेक्ट्रेट पर भारी पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है.
Rajasthan News LIVE: जयपुर में 37 हजार ड्राइवरों के लाइसेंस होंगे रद्द
जयपुर ट्रैफिक पुलिस ने खतरनाक ड्राइविंग करने वालों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. डीसीपी ट्रैफिक सुमित मेहरड़ा के नेतृत्व में चल रहे इस विशेष अभियान के तहत फरवरी महीने में अब तक 16 FIR दर्ज की जा चुकी हैं. पुलिस की जांच में कई वाहनों की रफ्तार 150 किमी/घंटा से भी ज्यादा मिली है. ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों पर सख्ती का आलम यह है कि पिछले एक साल में करीब 8 लाख चालान काटे गए हैं. वहीं, बार-बार ओवरस्पीडिंग करने वाले 37,356 चालकों के लाइसेंस सस्पेंड करने के लिए परिवहन विभाग को सूची भेजी गई है. पुलिस का साफ संदेश है—स्टंट और लापरवाही अब जेल पहुंचाएगी.
दौसा में 'लुटेरी दुल्हन' का शिकार बना युवक, शादी के नाम पर 3.50 लाख की ठगी
दौसा के बांदीकुई (बसवा) से ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. बनापुरा निवासी अनिल कुमार से शादी के नाम पर 3.50 लाख रुपये की ठगी कर ली गई.
पीड़ित का आरोप है कि 10 दिसंबर 2025 को एग्रीमेंट के जरिए उसका विवाह यूपी की शिवानी से कराया गया था, लेकिन 30 दिसंबर को दुल्हन बर्तन साफ करने के बहाने घर से सोने-चांदी के जेवर और 10 हजार की नकदी लेकर फरार हो गई.
थाने में सुनवाई न होने पर पीड़ित ने कोर्ट की शरण ली, जिसके बाद अब न्यायालय के आदेश पर 6 आरोपियों के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है.
पुलिस अब यूपी के सोनभद्र की रहने वाली दुल्हन और बिचौलियों की तलाश में जुट गई है.
CBSE बोर्ड एग्जाम शुरू, राजस्थान के 1.72 लाख छात्र दे रहे परीक्षा
आज से CBSE 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हो रही हैं. राजस्थान के 1300 स्कूलों के लगभग 1.72 लाख विद्यार्थी इस बार मैदान में हैं, जिनके लिए पूरे प्रदेश में 740 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. परीक्षा केंद्रों पर एंट्री को लेकर जबरदस्त सख्ती है और सुबह 10 बजे के बाद किसी भी छात्र को प्रवेश नहीं दिया जाएगा.
पहले दिन 10वीं के छात्रों ने गणित (बेसिक व स्टैंडर्ड) की परीक्षा देंगे. वहीं 12वीं के लिए हिंदी और बायोटेक्नोलॉजी जैसे विषयों के पेपर होंगे. नकल रोकने के लिए उड़नदस्ते लगातार केंद्रों पर निगरानी रख रहे हैं.
खेती-किसानी में AI की एंट्री, शिवराज सिंह आज जयपुर से लॉन्च करेंगे 'भारत-VISTAAR'
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज जयपुर में देशभर के किसानों के लिए AI आधारित डिजिटल प्लेटफॉर्म 'भारत-VISTAAR' लॉन्च करेंगे. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मौजूदगी में होने वाले इस कार्यक्रम का मकसद किसानों को स्मार्ट बनाना है.
इस प्लेटफॉर्म के जरिए किसान मौसम, मंडी भाव और सरकारी योजनाओं की सटीक जानकारी एक ही जगह पा सकेंगे. खास बात यह है कि साधारण फीचर फोन रखने वाले किसान भी सिर्फ 155261 पर कॉल करके इसका लाभ उठा सकेंगे.
कार्यक्रम में 'एआई फॉर एग्रीकल्चर रोडमैप' और 'एग्रीकोष' की भी घोषणा की जाएगी, जिससे खेती में आधुनिक तकनीक को बढ़ावा मिलेगा.
Rajasthan LIVE News: बारां में कूनो के चीते का 'किल'
मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क से निकला चीता KP-2 एक बार फिर राजस्थान की सीमा में लौट आया है. सोमवार को बारां जिले के रामगढ़ क्रेटर वनक्षेत्र में चीते की ताजा लोकेशन मिली है, जहां उसने एक नीलगाय का शिकार किया है. खास बात यह है कि चीता शिकार के साथ एक सरसों के खेत में देखा गया है, जिसकी पुष्टि डीसीएफ विवेकानंद माणिकराव बडे ने की है.
चीता पिछले 28 घंटों से लगातार MP और राजस्थान की सीमा के बीच मूवमेंट कर रहा है. सुरक्षा के लिहाज से वन विभाग ने आसपास के गांवों में अलर्ट जारी कर दिया है, क्योंकि फिलहाल किसान खेतों में सरसों की कटाई कर रहे हैं. कूनो और बारां वन विभाग की टीमें रेडियो कॉलर और पगमार्क के जरिए चीते की पल-पल की मॉनिटरिंग कर रही हैं. यह तीसरी बार है जब चीता राजस्थान की सरहद में दाखिल हुआ है.
Rajasthan LIVE: किशनगढ़ में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री करेंगे 41 फीट ऊंची बालाजी प्रतिमा का अनावरण
अजमेर के किशनगढ़ में 22 फरवरी को भव्य 'धर्म महोत्सव' का आयोजन होने जा रहा है, जिसमें बागेश्वर धाम के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री मुख्य आकर्षण होंगे. मयूरा सिटी में आयोजित इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में पंडित शास्त्री 41 फीट ऊंची भव्य बालाजी प्रतिमा का अनावरण करेंगे. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे शिरकत करेंगी, जबकि अध्यक्षता केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री भागीरथ चौधरी करेंगे. महोत्सव की शुरुआत 21 फरवरी को काजल हिंदुस्तानी के संबोधन के साथ होगी. सनातन परिवार और मां भारती रक्षा मंच की इस पहल के तहत ओल्ड एज डे केयर सेंटर का शिलान्यास भी किया जाएगा, जिसे आयोजक किशनगढ़ के इतिहास का सबसे बड़ा धार्मिक समागम बता रहे हैं.
Kota News LIVE: कोटा बाल संप्रेषण गृह फरारी मामले में बड़ी कामयाबी, पिस्टल के साथ दबोचा गया शातिर 'बाबू बंडल'
कोटा के बाल संप्रेषण गृह से जाली काटकर भागने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. बारां पुलिस ने इस फरारी कांड के मुख्य चेहरे वीरेंद्र सिंह रघुवंशी उर्फ बाबू बंडल को अवैध पिस्टल के साथ गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने बाबू बंडल के साथ ही फरार हुए एक अन्य बाल अपचारी को भी निरुद्ध किया है. गौरतलब है कि 1 फरवरी को कोटा के रावतभाटा रोड स्थित सुधार गृह से 7 बाल अपचारी फिल्मी अंदाज में सुरक्षाकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गए थे. इस गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस बाकी फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी तेज कर दी है.