विज्ञापन

राजस्थान में जाट-पाटीदार की आर्थिक स्थिति मजबूत, कुम्हार-कुमावत समाज में सबसे ज्यादा 3.32 लाख मजदूर

चाहे निजी क्षेत्र हो या सरकारी नौकरियों का मामला, जाट समाज भागीदारी के मालमे में आगे हैं. इसके अलावा, पाटीदार और जांगिड़ समाज की आर्थिक स्थिति भी बेहतर है.

राजस्थान में जाट-पाटीदार की आर्थिक स्थिति मजबूत, कुम्हार-कुमावत समाज में सबसे ज्यादा 3.32 लाख मजदूर
ओबीसी आयोग ने राजस्थान के 74 लाख से अधिक ओबीसी परिवारों का सर्वे किया.

राजस्थान ओबीसी आयोग (राजनीतिक प्रतिनिधित्व) की रिपोर्ट के मुताबिक, ओबीसी की 92 जातियों (जिनमें 5 एमबीसी जातियां भी शामिल हैं) की कुल आबादी 3.58 करोड़ है. जाट समुदाय जनसंख्या के लिहाज से पहले स्थान पर है, जिनकी संख्या 71.76 लाख बताई गई है. इसके बाद गुर्जर 32.68 लाख के साथ दूसरे, कुम्हार-कुमावत 29.97 लाख के साथ तीसरे, माली-सैनी 27.97 लाख के साथ चौथे, जांगिड़ 12.52 लाख के साथ पांचवें, यादव 11.57 लाख के साथ छठे और मेव 10.84 लाख के साथ सातवें स्थान पर हैं.

74 लाख से अधिक परिवारों का सर्वे 

आयोग ने 74 लाख से अधिक ओबीसी परिवारों का सर्वे कर यह आंकड़े जुटाए हैं. पंचायत व निकाय चुनाव से पहले अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंप दी है. रिपोर्ट के अनुसार, ओबीसी की कुल 3.58 करोड़ आबादी में से 1.97 करोड़ लोग केवल इन 7 जातियों से आते हैं, जो कुल आबादी का 55.03 प्रतिशत है, जबकि बाकी 85 जातियों की हिस्सेदारी 45 प्रतिशत है.  

आर्थिक स्थिति के बारे में जानिए

आर्थिक स्थिति के मामले में भी यही जातियां अपेक्षाकृत बेहतर स्थिति में हैं. जाट, पाटीदार और जांगिड़ समुदायों में बीपीएल परिवारों का प्रतिशत सबसे कम है, जहां 8 फीसदी से भी कम लोग गरीबी रेखा के नीचे आते हैं.

ओबीसी वर्ग के 8.67 लाख लोग निजी क्षेत्र में कार्यरत हैं, जिनमें कॉर्पोरेट से लेकर रिटेल सेक्टर तक की नौकरियां शामिल हैं. यहां भी वही जातियां आगे हैं, जो सरकारी नौकरियों और स्वरोजगार में प्रमुख हैं. निजी क्षेत्र में जाट समुदाय के 82,157, कुम्हार-कुमावत के 51,277, सैनी के 49,091 और यादव समुदाय के 28,797 लोग कार्यरत हैं.

31 लाख से ज्यादा लोग करते हैं मजदूरी

वहीं, 92 ओबीसी जातियों के 31.50 लाख लोग मजदूरी कर जीवनयापन करते हैं, जिनमें से अधिकतर केवल 20 जातियों से हैं. मजदूरी के मामले में कुम्हार-कुमावत समुदाय पहले स्थान पर है, जिनके 3.32 लाख लोग मजदूरी करते हैं. इसके बाद सैनी समुदाय के 2.67 लाख, जाट समुदाय के 2.16 लाख, गुर्जर के 1.80 लाख, रावत के 1.25 लाख और जांगिड़ समुदाय के 1.15 लाख लोग मजदूरी से जुड़े हुए हैं.

यह भी पढ़ेंः राजस्थान में 17 जातियों का दबदबा, पहले नंबर पर कौन, सरकारी नौकरी किसके पास ज्यादा?

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close