विज्ञापन

नीट पेपर लीक पर सियासी उबाल, डोटासरा का भाजपा सरकार पर तीखा हमला, पूछा- मगरमच्छों पर कार्रवाई कब?

नीट पेपर लीक मामले पर राजस्थान में सियासत गरमा गई है. कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने वर्ष 2024 से 2026 तक की परीक्षाओं में हुई गड़बड़ियों की सूची जारी कर भाजपा सरकार पर पेपर लीक माफियाओं को बचाने का बड़ा आरोप लगाया है.

नीट पेपर लीक पर सियासी उबाल, डोटासरा का भाजपा सरकार पर तीखा हमला, पूछा- मगरमच्छों पर कार्रवाई कब?
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा.

Rajasthan News: राजस्थान में नीट (NEET) पेपर लीक मामले को लेकर राजनीतिक सरगर्मी चरम पर पहुंच गई है. कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने राज्य की भाजपा सरकार की नीयत पर गंभीर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि अगर सत्ताधारी दल के नेता सचमुच “पेपर लीक माफिया और मगरमच्छों को पकड़ने” का दावा करते हैं, तो उन्हें वर्ष 2024, 2025 और 2026 के नीट पेपर लीक मामलों के दोषियों के खिलाफ भी सख्त एक्शन लेकर दिखाना चाहिए. डोटासरा ने आरोप लगाया कि सरकार जमीनी स्तर पर सख्त कार्रवाई करने के बजाय पूरे मामले को दबाने और प्रभावशाली आरोपियों को संरक्षण देने में जुटी है.

जांच में देरी और दावों पर बड़े सवाल

डोटासरा ने सरकार की कार्यप्रणाली को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि नीट 2026 पेपर लीक मामले में प्रशासन ने 10 दिनों तक एफआईआर तक दर्ज नहीं की. शुरुआती स्तर पर बरती गई इस लापरवाही और जांच एजेंसियों की सुस्त रफ्तार के कारण आरोपियों को फायदा मिल रहा है. उन्होंने मुख्यमंत्री के उस बयान को भी आड़े हाथों लिया जिसमें कहा गया था कि प्रदेश में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ है. कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि हकीकत इसके बिल्कुल उलट है और सरकार युवाओं को लगातार भ्रमित कर रही है.

350 सफल परीक्षाओं के आंकड़े को बताया फर्जी

सरकार द्वारा बड़ी संख्या में सफल परीक्षाएं आयोजित कराने के दावों को डोटासरा ने पूरी तरह खोखला करार दिया. उन्होंने खुलासा किया कि प्रदेश में युवाओं के लिए कोई नई भर्तियां नहीं निकाली गईं और न ही कोई बड़ी प्रतियोगी परीक्षा आयोजित हुई. सरकार केवल कक्षा 1 से 12वीं तक की सामान्य स्कूली परीक्षाओं को इसमें जोड़कर 350 परीक्षाओं का भ्रामक आंकड़ा जनता के सामने पेश कर रही है.

डोटासरा ने जारी की पेपर लीक की लंबी लिस्ट

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने वर्तमान मुख्यमंत्री के कार्यकाल के दौरान हुई परीक्षा अनियमितताओं और कथित पेपर लीक मामलों की एक पूरी सूची सार्वजनिक की. उन्होंने सिलसिलेवार ढंग से निम्नलिखित मामलों को उजागर किया. उन्होंने बताया NEET 2025 का पेपर लीक हुआ और NEET 2026 में भी फिर पेपर लीक का मामला सामने आया. इसके अलावा नेशनल सीड कॉर्पोरेशन की परीक्षा, Rajasthan University of Health Sciences में नर्सिंग परीक्षा, नवलगढ़ में RAS परीक्षा के पेपर की सील खुलने, अलवर में NCC ‘C' ग्रेड परीक्षा, Matsya University में कंप्यूटर पेपर, Shekhawati University के कई पेपर, University of Rajasthan की परीक्षा, खेतेश्वर महाविद्यालय और चूरू में कक्षा 10वीं के पेपर लीक जैसे मामले सामने आए.

यह भी पढ़ें- राज्यपाल का काफिला कम हुआ, बिना सिक्योरिटी के सड़कों पर जज, साइकिल पर IPS पहुंचे ऑफिस, जयपुर में दिखा ऐसा नजारा

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close