सीकर जिले के श्रीमाधोपुर में निकाय और पंचायत चुनाव की तैयारी के लिए बीजेपी की बैठक हुई. भाजपा की संगठनात्मक बैठक में यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कार्यकर्ताओं को चुनावी मैदान में पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया. कैबिनेट मंत्री ने कार्यकर्ताओं से अपील की है कि भाजपा सरकार ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्य किए, उन्हें लेकर जनता के बीच जाएं और सरकार की उपलब्धियां बताएं.
खर्रा बोले- हम चुनाव करवाकर दिखाएंगे
उनके निशाने पर कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा भी रहे. हालांकि उन्होंने सीधे तौर पर नाम नहीं लिया, लेकिन चुटकी भरे अंदाज में पलटवार किया. खर्रा ने कहा कि नगर निकाय और पंचायतीराज चुनाव एक साथ करवाने की दिशा में सरकार आगे बढ़ रही है. कैबिनेट मंत्री ने इशारों ही इशारों में कहा, "जिले के एक बड़े कांग्रेस नेता कहा करते थे कि काकाजी, एक राज्य-एक चुनाव करवाकर दिखाएं. हम उनके काकाजी हैं, अब एक राज्य-एक चुनाव करवाकर दिखाएंगे."
मंत्री की अपील- विकास कार्य लेकर गांव-ढाणी जाएं कार्यकर्ता
खर्रा के इस बयान पर बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला. उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता संगठन को मजबूत करते हुए गांव-ढाणी से लेकर शहर तक सरकार के विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाएं.
जनसंपर्क अभियान पर भी चर्चा
बैठक में आगामी चुनावों की तैयारियों, संगठन की मजबूती और जनसंपर्क अभियान को लेकर भी चर्चा हुई. मंत्री ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक सक्रिय रहने और सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया.
यह भी पढ़ेंः राजस्थान में 28 जिलों के 192 गांवों की कनेक्टिविटी होगी मजबूत, करीब 382 करोड़ रुपये का फंड मंजूर