Rajasthan News: राजस्थान की राजधानी जयपुर में चर्चित अनु मीणा आत्महत्या मामले में पुलिस ने बड़ा एक्शन लेते हुए मृतका के पति गौतम मीणा को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी जयपुर से टोंक-अजमेर फिर नागौर और अंत में वृंदावन चला गया था. वहां पर अपने गुरु जी के आश्रम में रह रहा था. फरारी के दौरान अजमेर से ही आरोपी ने वीडियो बनाया था, जो कि वायरल हुआ था.
21 दिन बाद हुई गिरफ्तारी
अनु मीणा के परिजनों द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर के 21 दिन बाद यह गिरफ्तारी हुई है. आरोपी गौतम मीणा राजस्थान सरकार के लोक निर्माण विभाग (PWD) में एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के पद पर काम कर रहा है. मामले की जांच कर रहे मानसरोवर एसीपी आदित्य काकड़े के नेतृत्व में पुलिस टीम पिछले कई दिनों से आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी.
डीसीपी साउथ राजर्षि राज ने बताया कि गौतम मीणा की गिरफ्तारी के लिए पिछले 15 दिनों से लगातार पुलिस टीमें काम कर रही थीं. जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और तकनीकी तथ्यों के आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया है. पूछताछ के दौरान आरोपी गौतम मीणा ने पत्नी के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार किए जाने की घटनाओं को स्वीकार किया है. हालांकि पुलिस अभी उससे विस्तृत पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.
पुलिस की स्पेशल टीम ने दबोचा
डीसीपी ने आगे बताया कि आत्महत्या प्रकरण से जुड़े मोबाइल फोन, चैट, कॉल डिटेल्स और अन्य डिजिटल साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया जा रहा है. जांच के दौरान सामने आने वाले नए तथ्यों और सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. जानकारी में आया है कि फरारी के दौरान गौतम मीणा जयपुर में अपनी गाड़ी छोड़कर पहले फरार हो गया था, वह मथुरा के अंदर अपने गुरु के आश्रम में रह रहा था. वहीं अब आरोपी जैसे ही जयपुर पहुंचा, उसके बाद स्पेशल टीम से मान सिंह देवेंद्र और रामस्वरूप ने आरोपी को दबोच लिया.
अनु मीणा और पति गौतम मीणा
जानें क्या था मामला
आपको बता दें कि अनु मीणा आरोपी की पत्नी थी और उसके परिजनों ने 15 मई को मुहाना थाने में एफआईआर दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि पति गौतम मीणा द्वारा लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना दिए जाने से तंग आकर अनु ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया. परिजनों का आरोप था कि शादी के बाद से ही अनु को प्रताड़ित किया जा रहा था और उसे मानसिक रूप से परेशान किया जाता था. इन सबसे तंग आकर 7 अप्रैल को अनु ने सुसाइड कर लिया. सुसाइड से पहले अनु ने पति को वीडियो कॉल भी किया था.
यह भी पढ़ें- अनु मीणा को बर्थडे गिफ्ट में पति ने दी थी स्कोडा कार, लगाई थी वॉट्सऐप स्टेटस- 'थैंक्यू हस्बैंड जी'