स्वतंत्रता दिवस से पहले राजस्थान पुलिस अलर्ट, DGP बोले- ड्रग्स और ड्रोन तस्करी पर रखी जा रही नजर

राजस्‍थान के डीजीपी राजीव शर्मा ने कहा क‍ि सभी एजेंसियों के समन्वित प्रयास और लगातार निगरानी के कारण ड्रोन के जरिए होने वाली तस्करी के मामलों में कमी देखने को मिली है. 

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
राजस्थान के डीजीपी राजीव शर्मा.
IANS

स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर राजस्थान में पुलिस प्रशासन ने कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं.  इसी सिलसिले में राजस्थान के डीजीपी राजीव शर्मा ने अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की. डीजीपी राजीव शर्मा ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह लगातार देश से ड्रग्स को खत्म करने की बात कह रहे हैं. इसी भावना के साथ राज्य सरकार और पुलिस भी हर स्तर पर नशे के खिलाफ कार्रवाई कर रही है.

उन्होंने कहा कि ड्रग्स के खिलाफ लड़ाई में यदि जनता का सहयोग मिलता है तो पुलिस के प्रयास और अधिक मजबूत होंगे. बैठक में विशेष रूप से सीमावर्ती इलाकों में नशे की तस्करी, हथियारों की सप्लाई और ड्रोन गतिविधियों पर निगरानी को लेकर चर्चा की गई. 

Advertisement

आम लोगों के सहयोग से रोकेंगे तस्करी  

उन्होंने बताया कि पाकिस्तान से सटे सीमावर्ती क्षेत्रों में नशे की तस्करी और हथियारों की सप्लाई रोकने के लिए स्थानीय नागरिकों को भी अभियान से जोड़ा गया है. श्रीगंगानगर और बीकानेर पुलिस लगातार आम लोगों के संपर्क में है और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने के लिए नागरिकों को प्रोत्साहित किया जा रहा है. पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच सूचना के आदान-प्रदान से तस्करी पर प्रभावी कार्रवाई में मदद मिल रही है. 

संदिग्ध गतिविधियों पर नजर 

डीजीपी ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में पाकिस्तान की ओर से आने वाले ड्रोन के मामलों में भी कमी आई है.  सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) लगातार निगरानी कर रहा है.  इसके अलावा इंटेलिजेंस एजेंसियां, राजस्थान पुलिस और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की टीमें भी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं. 

संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता 

स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए पुलिस की ओर से संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है. अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं. 

यह भी पढ़ें: ASP महेंद्र भगत को म‍िलेगा राष्ट्रपति पुलिस पदक, राष्‍ट्रपत‍ि से होंगे सम्‍मानित 

Topics mentioned in this article