बैंक कर्मियों ने सड़क पर फेंका कचरा, नगर पालिका ने मुख्य गेट पर ही खाली कर दी कचरे की ट्रॉली

राजस्थान के सिरोही जिले में स्वच्छता के प्रति लापरवाही दिखाना एक बैंक को महंगा पड़ गया. नगर पालिका ने सड़क पर गंदगी फैलाने के आरोप में बैंक के मुख्य गेट पर ही कचरे की ट्रॉली खाली कर दी. 

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
सिरोही में नगर पालिका ने बैंक के गेट पर कचरा ट्रॉली खाली कर दी.

Rajasthan News: राजस्थान के सिरोही जिले में स्वच्छता के प्रति लापरवाही बरतना अब पिंडवाड़ा के एक बैंक प्रबंधन को भारी पड़ गया. अक्सर बैंक का कचरा सड़क पर फेंकने की आदत से आज़िज आकर नगरपालिका ने ऐसा कदम उठाया कि पूरे इलाके में चर्चा छिड़ गई. बैंक के मुख्य गेट के ठीक सामने कचरे की ट्रॉली पलटकर पालिका ने साफ संदेश दिया कि अब गंदगी फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा.

चेतावनी के बाद भी नहीं सुधरे हालात

मिली जानकारी के अनुसार उक्त बैंक के सफाई कर्मचारी काफी समय से बैंक का सारा कचरा सड़क पर ही फेंक देते थे. इससे आसपास गंदगी का अंबार लग गया था और आने-जाने वाले लोगों का जीना मुहाल हो गया था. बैंक प्रबंधन को कई बार चेतावनी दी गई, लेकिन उन्होंने नियमों की अनदेखी जारी रखी. आखिर में नगर पालिका के सफाई कर्मियों का धैर्य जवाब दे गया और उन्होंने 'जैसे को तैसा' की तर्ज पर बैंक के गेट पर ही कचरा डाल दिया.

Advertisement

जनता ने की पालिका के कदम की तारीफ

गुरुवार को हुई इस अनूठी कार्रवाई के दौरान वहां भारी भीड़ जमा हो गई. बैंक प्रबंधन और ग्राहकों के बीच इस घटना से खलबली मच गई. जहां एक ओर यह कार्रवाई चर्चा का विषय बनी है वहीं जागरूक नागरिकों ने इसे सही कदम बताया है.  

साथ ही नगरपालिका ने सभी व्यापारियों और नागरिकों से अपील की है कि वे अपना कचरा सड़क पर न फेंककर पालिका की निर्धारित गाड़ियों में ही डालें. प्रशासन का स्पष्ट मानना है कि शहर को स्वच्छ रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है.

यह भी पढ़ें-

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का बड़ा ऐलान, 2 महीने में वीकली नहीं डेली जाएगी अजमेर-दरभंगा एक्सप्रेस

नाबालिग के धर्मांतरण की कोशिश पर भड़का राजसमंद, हिंदू संगठनों ने बंद किया पूरा कस्बा; चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात

कृषि मंत्री पर लगे रिश्वतखोरी के आरोप, रविंद्र सिंह भाटी बोले- 'किरोड़ी जैसे नेता राजनीति में जिंदा रहने चाहिए'