Rajasthan Weather Alert: राजस्थान में तेज गर्मी का दौर जारी है और मौसम विभाग ने इस सप्ताह भीषण गर्मी की चेतावनी दी है. मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, राज्य के पश्चिमी भागों में वर्तमान में अधिकतम तापमान 45-46 डिग्री दर्ज किया जा रहा है. पिछले 24 घंटों में सर्वाधिक अधिकतम तापमान गंगानगर में 46.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. राज्य में गर्म रात्रि और धूल भरी हवाएं दर्ज की गईं.
2-3 दिन शुष्क रहेगा मौसम
इसके अनुसार, इस सप्ताह आगामी 2-3 दिन राज्य के अधिकतर भागों में मौसम शुष्क रहेगा. तेज धूलभरी हवाएं चलेंगी तथा तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की और बढोतरी होगी. मौसम विभाग के अनुसार 26-27 मई को पश्चिमी राजस्थान के कुछ भागों में अधिकतम तापमान 46-47 डिग्री दर्ज होने व कहीं-कहीं तीव्र 'ऊष्ण दिन एवं रात्रि' दर्ज होने की पूरी संभावना है.
बारिश होने की संभावना
एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 28-29 मई से राज्य के कुछ भागों में 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी आएगी और कहीं-कहीं बारिश का दौर शुरू हो सकताा है. इसके असर से अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री गिरावट हो सकती है. मौसम केंद्र के अनुसार आंधी बारिश की गतिविधियां जून के पहले सप्ताह में भी जारी रहेंगी.
जयपुर में 43 डिग्री पहुंचा तापमान
राजधानी जयपुर में अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30.4 डिग्री दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अनुसार जयपुर संभाग में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है. अजमेर में अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री दर्ज किया गया. भीलवाड़ा में 42.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ. वनस्थली में पारा 45.1 डिग्री तक पहुंच गया.
अलवर में अधिकतम तापमान 45 डिग्री दर्ज किया गया. सीकर में 42 डिग्री तापमान रहा. कोटा में अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. चित्तौड़गढ़ में पारा 44.2 डिग्री तक पहुंचा. डबोक में अधिकतम तापमान 41 डिग्री दर्ज किया गया. भरतपुर में तापमान का आंकड़ा उपलब्ध नहीं रहा.
पश्चिमी राजस्थान में लू जैसे हालात
पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का असर और ज्यादा तेज रहा. बाड़मेर में अधिकतम तापमान 44.3 डिग्री दर्ज हुआ. जैसलमेर में 44 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया. जोधपुर शहर में पारा 42.2 डिग्री तक पहुंचा. फलौदी में अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री दर्ज किया गया. बीकानेर में 44.8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ. चूरू में अधिकतम तापमान 44.9 डिग्री रहा. नागौर में 41.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. पाली में अधिकतम तापमान 40.9 डिग्री रिकॉर्ड हुआ.
रात में भी नहीं मिल रही राहत
प्रदेश में न्यूनतम तापमान भी सामान्य से ऊपर बना हुआ है. पिलानी में रात का तापमान 31.1 डिग्री दर्ज किया गया. कोटा में न्यूनतम तापमान 32.2 डिग्री रहा. चित्तौड़गढ़ में रात का तापमान 32.5 डिग्री रिकॉर्ड हुआ. फलौदी में 32.8 डिग्री और बाड़मेर में 33.3 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया.
पूर्वी राजस्थान में सबसे कम न्यूनतम तापमान सिरोही एडब्ल्यूएस में 21.8 डिग्री रहा, जबकि पश्चिमी राजस्थान में जवाई डैम (पाली) में 23 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया.
हवा में नमी बेहद कम, बढ़ी लू की आशंका
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हवा में नमी बेहद कम बनी हुई है. सबसे कम आर्द्रता 7 प्रतिशत दौसा में दर्ज की गई, जबकि सबसे ज्यादा 75 प्रतिशत जैसलमेर में रिकॉर्ड हुई. कम नमी और तेज धूप के कारण दिन में लू जैसे हालात बने हुए हैं.
मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में भीषण गर्मी जारी रहने की संभावना जताई है. दोपहर के समय गर्म हवाओं का असर अधिक रहने की चेतावनी दी गई है. लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक धूप में निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और बच्चों-बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है.
यह भी पढ़ें: कोटा के अस्पताल में महिलाओं की मौत पर बड़ा अपडेट, ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन का सैंपल जांच में फेल