राजस्थान में शुक्रवार (29 मई) से मौसम का मिजाज बदल गया है. सीकर, गंगापुर और जयपुर समेत कई क्षेत्रों में ओले गिरने के साथ ही तेज धूल भरी आंधी चली. नीमकाथाना में मालगाड़ी के 4 खाली कंटेनर तेज हवाओं की चपेट में आकर नीचे गिर गए. मालगाड़ी न्यू भागेगा रेलवे स्टेशन पर खड़ी थी. कंटेनर गिरने से अप और डाउन दोनों रेल लाइनें बाधित हो गईं. इसके बाद कुछ समय के लिए मालगाड़ियों का संचालन प्रभावित रहा. गनीमत रही कि घटना के समय वहां कोई कर्मचारी या अन्य ट्रेन मौजूद नहीं थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया. करीब 2 घंटे तक कंटेनर को हटाने के लिए मशक्कत जारी रही. विशेष तकनीकी टीम मशीनों के साथ ट्रैक पर जुटी रही.
अगले 2 दिन पश्चिमी विक्षोभ का दिखेगा खास असर
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अधिकतम तापमान में भी मामूली गिरावट दर्ज की गई है. मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ अगले कुछ दिनों में राज्य के कई हिस्सों में आंधी और बारिश की गतिविधियां बढ़ा सकता है. इसका सबसे ज्यादा असर 30 और 31 मई को रहने की संभावना है. राज्य के कुछ भाग में आंधी-बारिश की गतिविधियां जून के पहले सप्ताह में भी जारी रहेंगी.
कोटा के इटावा समेत कई इलाकों में बारिश

आज सुबह कोटा में मौसम बदल गया. तेज बारिश के बाद लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की.
शनिवार (30 मई) सुबह कोटा में इटावा समेत आसपास के इलाकों में बारिश हुई. आज जोधपुर, पाली, राजसमंद, उदयपुर, सलूंबर, चित्तौड़गढ़, बूंदी, भीलावाड़ा, ब्यावर, नागौर, अजमेर, कोटा, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, टोंक, जयपुर, डीडवाना-कुचामन, झालावाड़ और बारां में ऑरेंज अलर्ट है. 40 से 60 किमी की रफ्तार से तेज हवाएं, ओलावष्टि और बारिश की संभावना है.
13 जिलों में येलो अलर्ट
पिलानी और कोटा में तापमान 46.4 डिग्री तक पहुंच गया है. जबकि श्रीगंगानगर में पारा 47.1 डिग्री दर्ज किया गया है. अजमेर में न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री रहा. मौसम विभाग का कहना है कि आंधी बारिश के प्रभाव से आगामी दिनों में तापमान में 2 से 4 डिग्री की गिरावट होने व 30 मई से लू से राहत मिलने की संभावना है. वहीं, सवाई माधोपुर, दौसा, अलवर, कोटपूतली बहरोड़, सीकर, चूरू, बीकानेर, फलोदी, बालोतरा, जालोर, सिरोही, करौली और झुंझुनू में कहीं-कहीं तेज हवाएं और हल्की-मध्यम बारिश की संभावना है.
यह भी पढ़ेंः राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ का तांडव, गंगापुर -सीकर में गिरे ओले; अगले 3 घंटे जयपुर सहित कई जिलों के लिए भारी