विज्ञापन
This Article is From Apr 04, 2026

Rajasthan Weather: कोटा में बाल्टियों में भरे गए ओले, गंगापुर सिटी में बिछी सफेद चादर, 8 अप्रैल तक थमेगा नहीं आंधी-बारिश का दौर

Rajasthan Weather Update: राजस्थान के डीग, कोटा, धौलपुर और गंगापुर सिटी में भारी ओलावृष्टि और बेमौसम बारिश से 85% फसलें बर्बाद हो गई. मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार 6 से 8 अप्रैल तक फिलहाल राहत के आसरा नहीं है.

राजस्थान में बदला मौसम का मिजाज
NDTV

 Rajasthan Hailstorm Update: राजस्थान के कई जिलों में मौसम ने ऐसा खौफनाक मोड़ लिया कि खुशहाली की उम्मीद संजोए किसानों के चेहरे पर मायूसी छा गई है. शुक्रवार और शनिवार को हुई मूसलाधार बारिश और भारी ओलावृष्टि ने रबी की पकी-पकाई फसलों को तबाह कर दिया है. डीग से लेकर कोटा और धौलपुर से गंगापुर सिटी तक, खेतों में ओलों की सफेद चादर बिछ गई है, जिससे गेहूं और सरसों की पैदावार को भारी चोट पहुंची है.

डीग में किसान हुआ भावुक, तहसीलदार से बोले- 'सब बर्बाद हो गया'

डीग जिले के सांवई, खेड़ा कठेरा, कोरेर और सिनसिनी सहित दर्जनों गांवों में ओलों ने फसलों को बेहद नुकसान पहुंचाया है. यहां 80 से 85 प्रतिशत फसल चौपट हो गई है. जिला कलेक्टर मयंक मनीष के निर्देश पर जब तहसीलदार जुगिता मीणा निरीक्षण करने पहुंचीं, तो किसान खेतों में अपनी बर्बाद फसल देख फूट-फूट कर रोने लगे. किसानों का दर्द है कि पिछले 3 वर्षों से उन्हें खराबे का मुआवजा नहीं मिला है. उन्होंने मुख्यमंत्री से जल्द राहत की मांग की है.

शनिवार शाम को भीषण ओलावृष्टि

शनिवार शाम को भीषण ओलावृष्टि
Photo Credit: NDtv

कोटा और धौलपुर में बाल्टियों में भरे ओले, टेंट उखड़े

कोटा के मंडाना और रावठा रोड इलाके में इतनी शनिवार शाम को भीषण ओलावृष्टि हुई कि लोगों ने बाल्टियों और टबों में ओले भरे. वहीं, इटावा-सुल्तानपुर में तेज आंधी के कारण लोकार्पण समारोह और शादियों के टेंट उखड़ गए. धौलपुर में भी लावणी (कटाई) के समय हुई इस बारिश ने गेहूं के दानों को काला करने का खतरा पैदा कर दिया है, जिससे फसल की गुणवत्ता और दाम दोनों गिर जाएंगे.

आधे घंटे की ओलावृष्टि से खेतों में बिछि सफेद चादर

आधे घंटे की ओलावृष्टि से खेतों में बिछि सफेद चादर
Photo Credit: NDtv

गंगापुर सिटी में आधे घंटे की ओलावृष्टि से खेतों में बिछि सफेद चादर

गंगापुर सिटी के नजदीकी गुढ़ाचन्द्रजी और माड़ क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली. तेज धूलभरी आंधी के साथ आसमान में काले बादल छा गए और कुछ ही देर में भारी बारिश के साथ साथ ओलावृष्टि शुरू हो गई. लगभग आधे घंटे तक लगातार ओले गिरे, जिससे पूरा इलाका सफेद चादर से ढक गया. कटी हुई फसलें खलिहानों में भीग गईं और खेतों में खड़ी फसलें जमीन पर बिछ गईं. दृश्यता कम होने के कारण हाईवे पर यातायात ठप हो गया और वाहन चालकों को सुरक्षित स्थानों पर शरण लेनी पड़ी.

6 से 8 अप्रैल तक बारिश और ओलावृष्टि मचाएगी कहर

राजस्थान में फिलहाल मौसम से राहत मिलने के आसार नहीं हैं. मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में एक के बाद एक सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के कारण आगामी 8 अप्रैल तक आंधी, तेज बारिश और ओलावृष्टि का दौर जारी रहेगा. इसके तहत 6 अप्रैल से जोधपुर और बीकानेर संभाग में दोपहर बाद एक नया और मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा. इसके साथ ही जयपुर, अजमेर, भरतपुर, कोटा और उदयपुर संभाग में 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है.

इसके बाद 7 अप्रैल सोमवार को इस विक्षोभ का सबसे ज्यादा असर देखने को मिलेगा. जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग में 50-60 किमी/घंटा की तेज रफ्तार वाली हवाओं (अंधड़), मेघगर्जन और मध्यम से तेज बारिश के साथ ओले गिर सकते हैं. उसके बाद 8 अप्रैल  बुधवार से मौसम में सुधार की उम्मीद है. राज्य के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि शेष अधिकांश भागों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है.

यह भी पढ़ें: Rajasthan: जोधपुर की पॉश सोसाइटी में ड्रग फैक्ट्री का पर्दाफाश, अलमारी से निकला 2 करोड़ का सफेद जहर

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com