विज्ञापन

कोटा में 42 डिग्री पहुंचा तापमान, IMD का अलर्ट- अभी तो शुरुआत है, असली तपिश बाकी है

राजस्थान में गर्मी ने रफ्तार पकड़ ली है. कई शहरों में पारा 40 के पार पहुंच गया है. मौसम विभाग का अनुमान है कि अभी तापमान में अधिक बढ़ोतरी हो सकती है.

कोटा में 42 डिग्री पहुंचा तापमान, IMD का अलर्ट- अभी तो शुरुआत है, असली तपिश बाकी है
राजस्थान के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री से भी अधिक है.

अप्रैल का महीना भी नहीं गुजरा, लेकिन राजस्थान में गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. प्रदेश के कई शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जिससे दिन के समय सड़कों पर सन्नाटा और लोगों के चेहरे पर तपिश साफ नजर आई. रविवार (20 अप्रैल) को सबसे अधिक तापमान कोटा में दर्ज किया गया, जहां पारा 42 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा. यह इस सीजन के अब तक के सबसे गर्म दिनों में से एक माना जा रहा है. मौसम विभाग के मुताबिक, गर्म हवाओं का असर धीरे-धीरे बढ़ेगा, जिससे लू चलने की संभावना भी बनी हुई है. वहीं, पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती इलाके भी गर्मी की चपेट में रहे. बाड़मेर में तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो यह संकेत देता है कि रेगिस्तानी इलाकों में भी गर्मी तेजी से पकड़ बना रही है. 

गर्मी के सितम से कोई हिस्सा अछूता नहीं 

ना सिर्फ रेगिस्तान और हाड़ौती, बल्कि पूर्वी और दक्षिणी राजस्थान भी इससे अछूता नहीं रहा. यहां भी तापमान में लगातार बढ़ोतरी जारी है. अलवर और चित्तौड़गढ़ में तापमान 41.6 डिग्री दर्ज किया गया. इसके अलावा, फलोदी में 41.2, जैसलमेर में 41.1 और बीकानेर में 40.6 डिग्री तापमान पहुंचा. चूरू और श्रीगंगानगर जैसे इलाकों में भी पारा 40.4 डिग्री है.

राजधानी में भी बेहाल लोग

राजधानी जयपुर की बात करें तो यहां भी गर्मी ने लोगों को राहत नहीं दी. अधिकतम तापमान 40 डिग्री होने के चलते दिन के वक्त लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है. बाजारों और सड़कों पर दोपहर के वक्त आवाजाही कम देखने को मिली. मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है. साथ ही भीषण गर्मी और लू से परेशानी बढ़ सकती है.

यह भी पढ़ेंः पचपदरा रिफाइनरी में कैसे लगी आग? विशेषज्ञों की टीम करेगी जांच

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close