विज्ञापन

राजस्थान में मौसम का अजब खेल! 3 दिन से बारिश का अलर्ट के बाद भी मौसम साफ, आज भी 14 जिलों में चेतावनी

राजस्थान के श्रीगंगानगर में तापमान 39.6 डिग्री तक पहुंच गया है. जबकि बारिश नहीं होने से चित्तौड़गढ़, कोटा, सीकर समेत कई जिलों में पारा 3 डिग्री अधिक है.

राजस्थान में मौसम का अजब खेल! 3 दिन से बारिश का अलर्ट के बाद भी मौसम साफ, आज भी 14 जिलों में चेतावनी
पिछले तीन दिनों से मौसम साफ.

राजस्थान में रविवार (23 अगस्त) मौसम विभाग की ओर से 14 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. हालांकि, पिछले तीन दिनों से बारिश के अलर्ट के बावजूद बरसात नहीं हो रही है. शनिवार को भी अधिकांश जिलों में मौसम साफ रहा. मौसम विभाग ने शनिवार को 18 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया था, लेकिन केवल चार ही जिलों में हल्की वर्षा दर्ज हुई. अन्य जिलों में मौसम पूरा दिन साफ रहा. राजधानी जयपुर में भी दिनभर बादल बने रहे, उमस रही लेकिन बरसात नहीं हुई. 

धौलपुर के राजाखेड़ा में 21 मिमी बारिश

शनिवार को धौलपुर के राजाखेड़ा में 21 मिमी बारिश हुई. इसके अलावा बसेड़ी में 4 मिमी, अलवर के लक्ष्मणगढ़ में 10 मिमी, कठूमर में 5 मिमी और भरतपुर के नगर में 3 मिमी पानी पड़ा. डूंगरपुर के चिखली में भी हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई. जयपुर, अजमेर, बीकानेर, जोधपुर, कोटा और उदयपुर संभागों का मौसम पूरी तरह साफ रहा. चित्तौड़गढ़, कोटा, पिलानी, सीकर, चूरू और गंगानगर में बारिश न होने के कारण तापमान सामान्य से करीब 3 डिग्री अधिक बना हुआ है.

उमस बढ़ी, पारा भी 40 डिग्री तक बरकरार

बारिश नहीं होने के कारण राज्य में गर्मी और उमस भी बढ़ रही है. प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस गंगानगर में रिकॉर्ड हुआ. वहीं, शनिवार को राज्य के नौ शहरों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज हुआ. 

मानसून ट्रफ उत्तर में अटकी

मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से मानसून ट्रफ सामान्य स्थिति से उत्तर में अटकी हुई है. यह ट्रफ अमृतसर, नजीबाबाद, हरदोई से होते हुए पूर्वी मध्य प्रदेश के लो‑प्रेशर एरिया तक जा रही है और फिर जमशेदपुर, दीघा होते हुए बंगाल की खाड़ी तक पहुंच रही है. इसी वजह से पंजाब, उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हो रही है, जबकि राजस्थान में मानसून सक्रिय नहीं दिख रहा.

यह भी पढ़ेंः तबेले में चल रहे जयपुर के जिस स्कूल को लेकर हुआ बवाल, अब उसे दूसरी जगह किया शिफ्ट


 

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close