विज्ञापन
This Article is From Jan 10, 2024

Rajasthan: लॉरेंस बिश्नोई के नाम से महंत को धमकी, बालकानंद गिरी का सचिव ही निकला मास्टरमाइंड, 20 करोड़ की मांगी थी फिरौती

Mahant Balkanand Giri Threat Call: लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर स्वामी बालकानंद गिरी को फोन करके जान से मारने की धमकी देने और 20 करोड़ की फिरौती मांगने के आरोप में पुलिस ने उनके निजि सचिव को गिरफ्तार कर लिया है.

Rajasthan: लॉरेंस बिश्नोई के नाम से महंत को धमकी, बालकानंद गिरी का सचिव ही निकला मास्टरमाइंड, 20 करोड़ की मांगी थी फिरौती

Rajasthan News: गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई (Lawrence Bishnoi) का झूठा गुर्गा बनकर 20 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने तथा पैसे नहीं देने पर महंत बालकानंद गिरी (Swami Balkanand Giri) को जान से मारने की धमकी देने के सनसनीखेज मामले का बुधवार को सवाई माधोपुर पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन ने बड़ा खुलासा कर दिया है. 

एसपी हर्षवर्धन के अनुसार, महाकाल मंदिर उज्जैन के थानापति महंत बालकानंद गिरी महाराज जो कि वर्तमान में खंडार के पादड़ी तोपखाना आश्रम पर निवास कर रहे हैं. उन्हें विगत दिनों कुछ बदमाशों द्वारा लॉरेंस बिश्नोई के गुर्गे बनकर धमकियां दी गई और 20 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई थी. फिरौती नहीं देने पर महंत को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी. इस पर मामले की शिकायत पीड़ित महंत बालकानंद गिरी महाराज द्वारा खंडार थाना पुलिस को दी गई थी. इस केस पर पुलिस ने अपनी विभिन्न टीमें गठित कीं और शीघ्र ही मामले का खुलासा कर दिया. 

निजी सचिव ही घटना का सूत्रधार निकला

इस दौरान अस्थाई रूप से अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी भी पुलिस द्वारा तैनात किए गए थे. पुलिस ने जब मामले का खुलासा किया तो आश्चर्य जनक पहलू सामने आए. महाराज का निजी सचिव ही घटना का सूत्रधार निकला. पुलिस ने निजी सचिव सहित सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है. तकनीकी एवं मानवीय पुलिसिंग से तफ्तीश किया जाकर एक दर्जन से अधिक शहरों में दबिश देकर समूची कार्यवाही को अंजाम दिया गया. पुलिस ने इस दौरान कोटा, आगरा, मुरैना, श्योपुर, दिल्ली आदि की भी खाक छानी. पुलिस ने आरोपी सुनील कुमार राजपूत, महंत का सचिव राम लखन गुर्जर निवासी पादड़ी,नरेश लोहार निवासी श्योपुर, धरमू निवासी पादरी तोपखाना खंडार, प्रदीप सिकरवार निवासी मुरैना मध्य प्रदेश, विजेंद्र निवासी गोवर्धनपुरा नांता कोटा तथा उमेश पाठक निवासी खंडार को गिरफ़्तार किया है.

ट्रांसफर करवा लिए थे 80 हजार रुपये

पुलिस के मुताबिक महंत से फिरौती मांगने के मामले में राम लखन गुर्जर ही मुख्य षड्यंत्र कर्ता के रूप में शामिल रहा है. यह निजी सचिव के रूप में महाराज के पास कार्य करता था. पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन ने बताया कि आरोपियों द्वारा योजनाबद्ध तरीके से गैंगस्टर लॉरेंस विश्नोई का नाम लेकर महंत से फिरौती मांगी गई थी. पीड़ित महंत द्वारा आरोपियों को 80 हजार रुपये की राशि भी उनके अकाउंट में ट्रांसफर कर दी गई थी. पुलिस ने मामले से जुड़े सात आरोपियों को गिरफ़्तार किया गया है. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले में और भी आरोपियों के सामने आने की उम्मीद है. इसे देखते हुए गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पुलिस द्वारा पूछताछ की जा रही है. पुलिस पूछताछ में अभी तक गिरफ्तार आरोपियों का लॉरेन्स विश्नोई गैंगे से कोई लिंक नही निकला है. फिर भी पुलिस आरोपियों से हर पहलू को लेकर पूछताछ कर रही है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com