Chittorgarh News: राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में चंबल नदी के तट पर रावतभाटा शहर है, परमाणु नगरी (Nuclear City) के रूप में भी जाना जाता है. यहां के निवासियों के लिए बुधवार का दिन बेहद महत्वपूर्ण रहने वाला है. सुरक्षा तैयारियों को परखने के लिए आज शहर में 3 घंटे की मेगा मॉक ड्रिल (Mock Drill) आयोजित की जा रही है. संभावित हवाई हमले और गैस रिसाव जैसी आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए प्रशासन शाम 6 बजे से रात 8 बजे तक पूरे शहर को अलर्ट मोड पर रखेगा. इस दौरान सुरक्षा एजेंसियां यह सुनिश्चित करेंगी कि किसी भी बड़े संकट के समय शहर कितना सुरक्षित और तैयार है.
हर घंटे बजेंगे सायरन, रात 8 बजे छाया रहेगा अंधेरा
इस विशेष अभ्यास के दौरान शाम 6 बजे से 8 बजे के बीच हर घंटे सायरन बजाकर लोगों को अलर्ट किया जाएगा. इस ड्रिल का सबसे अहम हिस्सा रात 8 बजे देखने को मिलेगा, जब पूरे रावतभाटा में 5 मिनट के लिए टोटल ब्लैकआउट (Blackout) किया जाएगा. बिजली विभाग ने इसके लिए अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं. इस दौरान पूरे शहर की बिजली बंद रहेगी, ताकि हवाई हमले जैसी स्थिति में शहर को अंधेरे के जरिए सुरक्षित रखने का अभ्यास किया जा सके.
NDRF, SDRF और CISF का कड़ा पहरा
सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील माने जाने वाले भारी पानी संयंत्र (Heavy Water Plant), एनटीसी गेट और राणा प्रताप सागर बांध पर विशेष अभ्यास किया जाएगा. मोर्चे पर एनडीआरएफ (NDRF), एसडीआरएफ (SDRF) और सीआईएसएफ (CISF) की टीमें तैनात रहेंगी. तैयारियों को पुख्ता करने के लिए कोटा से विशेष टीमें बुलाई गई हैं जो गैस रिसाव से लेकर हवाई हमले तक के हर संभावित खतरे का परीक्षण करेंगी.
मोबाइल पर आएगा इमरजेंसी मैसेज
आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करते हुए प्रशासन ने सूचना तंत्र को भी एक्टिव किया है. जैसे ही ड्रिल के दौरान इमरजेंसी (Emergency) घोषित होगी, बीएसएनएल (BSNL) के माध्यम से सभी मोबाइल उपभोक्ताओं को एक विशेष अलर्ट मैसेज भेजा जाएगा. इस मेगा ड्रिल का उद्देश्य सुरक्षा चक्र को अभेद्य बनाना और आपातकाल के समय विभिन्न विभागों के बीच तालमेल को बेहतर करना है. प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील की है ताकि इस बड़े परीक्षण को सफलतापूर्वक संपन्न किया जा सके.
ये भी पढ़ें:- करौली के इन 14 मैरिज गार्डनों पर लटक सकता है ताला, शादियों के सीजन में नगर परिषद की बड़ी कार्रवाई