विज्ञापन

करौली के इन 14 मैरिज गार्डनों पर लटक सकता है ताला, शादियों के सीजन में नगर परिषद की बड़ी कार्रवाई

करौली नगर परिषद ने 14 बड़े मैरिज होम संचालकों को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है. शादियों के सीजन में इन गार्डनों पर ताला लटक सकता है. वजह जानने के लिए पढ़ें पूरी खबर

करौली के इन 14 मैरिज गार्डनों पर लटक सकता है ताला, शादियों के सीजन में नगर परिषद की बड़ी कार्रवाई
करौली में शादियों से पहले बड़ी कार्रवाई, भंवर विलास पैलेस समेत 14 मैरिज गार्डन होंगे सील, 48 घंटे की मोहलत

Karauli News: अगर आपके परिवार में भी आने वाले दिनों में शादी है और आपने करौली के किसी बड़े मैरिज गार्डन को बुक किया है, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है. करौली नगर परिषद ने शहर के 14 बड़े मैरिज होम और पैलेस संचालकों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए उन्हें सील करने की चेतावनी दी है. बकाया नगरीय विकास कर (UD Tax) को लेकर प्रशासन ने सख्त लहजे में स्पष्ट कर दिया है कि यदि अगले 48 घंटों के भीतर टैक्स का भुगतान नहीं किया गया, तो इन परिसरों को तुरंत प्रभाव से सील कर दिया जाएगा.

'कोई रियायत नहीं मिलेगी'

नगर परिषद की इस अचानक कार्रवाई से मैरिज होम संचालकों में हड़कंप मच गया है. कार्यवाहक नगर परिषद आयुक्त की तरफ से बुधवार को जारी इस आदेश के अनुसार, राजस्थान नगरपालिका अधिनियम 2009 की धारा-129 के तहत यह कार्रवाई अमल में लाई जा रही है. प्रशासन ने साफ किया है कि शादियों का सीजन होने के बावजूद डिफॉल्टरों को कोई रियायत नहीं दी जाएगी. 

लाखों का टैक्स बकाया, बड़े नाम भी शामिल

डिफॉल्टरों की इस लिस्ट में शहर के कई प्रतिष्ठित नाम शामिल हैं. भंवर विलास पैलेस पर 19 लाख रुपये से अधिक और बाबूभाई पैराडाईज पर 14 लाख से ज्यादा का बकाया है. इसी तरह लक्ष्मी मैरिज गार्डन, करौली इन और गर्ग पैलेस जैसे बड़े केंद्रों पर भी 10 लाख से अधिक की राशि बकाया चल रही है. इन सभी 14 संस्थानों को मिलाकर बकाया राशि का आंकड़ा लाखों में पहुंच चुका है, जिसके चलते परिषद को अब कड़े कदम उठाने पड़ रहे हैं.

इन मैरिज होम पर मंडरा रहा सीलिंग का खतरा

नगर परिषद की तरफ से जारी लिस्ट के मुताबिक, जिन संस्थानों को अल्टीमेटम मिला है उनमें करौली इन मैरिज गार्डन (10.76 लाख), लक्ष्मी मैरिज गार्डन (11.60 लाख), भंवर विलास पैलेस (19.10 लाख), बाबूभाई पैराडाईज (14.07 लाख), आशीर्वाद मैरिज होम (11.87 लाख) और गर्ग पैलेस (11.01 लाख) प्रमुख हैं. इनके अलावा वृन्दावन गार्डन, जिन्दल मैरिज गार्डन, गोवर्धन पैलेस, लाडली पैलेस, द्वारिकाधीश, शिवशक्ति, गणेश बैंक्ट हॉल और शिवलॉज को भी 2 दिन के भीतर संपूर्ण बकाया राशि जमा करने के आदेश दिए गए हैं.

प्रशासन की इस सख्ती ने उन परिवारों की चिंता बढ़ा दी है जिनकी शादियां इन स्थानों पर तय हैं.

ये भी पढ़ें:- तपने लगा राजस्थान, तापमान 40 डिग्री के पार; जोधपुर, बाड़मेर और जैसलमेर में धूल भरी आंधी का अलर्ट

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close