खाटू श्यामजी में कामदा एकादशी पर रिकॉर्ड भीड़, 3 लाख से ज्यादा श्याम भक्तों ने किए दर्शन

राजस्थान में सीकर के खाटूश्यामजी मंदिर में मासिक मेले के दौरान कामदा एकादशी पर भारी भीड़ उमड़ी. करीब तीन लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए और मंदिर में भक्ति, उत्साह और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था देखने को मिली.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
राजस्थान में सीकर के खाटूश्यामजी मंदिर में मासिक मेले के दौरान कामदा एकादशी पर भारी भीड़ उमड़ी.

Rajasthan News: राजस्थान के सीकर जिले में स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल Khatu Shyam Ji Temple में दो दिवसीय मासिक मेले के दौरान आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है. कामदा एकादशी के अवसर पर देर रात से ही बाबा श्याम के दर्शन के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं. देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु यहां पहुंचकर अपनी आस्था प्रकट कर रहे हैं.

सुव्यवस्थित कतारों से हो रहे दर्शन

श्रद्धालु रींगस रोड, तोरणद्वार, अस्पताल चौराहा स्थित शनि मंदिर और लामिया तिराहा से होकर श्याम दरबार तक पहुंच रहे हैं. दर्शन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 75 फीट मार्ग पर 14 कतारें बनाई गई हैं, जिससे भक्तों को आसानी और व्यवस्थित तरीके से दर्शन कराए जा रहे हैं. मंदिर परिसर में अनुशासन और व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं.

Advertisement

मनमोहक श्रृंगार से भावविभोर हुए भक्त

इस अवसर पर बाबा श्याम का विशेष श्रृंगार किया गया है जो भक्तों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. सजे-धजे दरबार के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर नजर आए और भक्ति में लीन होकर जयकारे लगाते दिखे. पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल बना हुआ है.

कड़ी सुरक्षा और व्यवस्थाओं का इंतजाम

मेले के दौरान सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. डीवाईएसपी राव आनंद कुमार और थानाधिकारी पवन कुमार चौबे के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात है. इसके साथ ही आरएसी जवान, होमगार्ड्स और मंदिर कमेटी के सुरक्षा गार्ड्स लगातार सेवाएं दे रहे हैं. मंदिर कमेटी के मंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान स्वयं व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो.

यातायात और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था को भी सुचारु बनाया गया है. पुलिस ने प्रमुख मार्गों पर विशेष प्रबंध किए हैं जिससे जाम की स्थिति न बने और लोगों को सुगम आवागमन मिल सके.

तीन लाख से ज्यादा भक्तों ने किए दर्शन

खाटू धाम में इस बार एकादशी पर उमड़ी भीड़ ने फाल्गुन मेले के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया है. अनुमान के मुताबिक करीब तीन लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम के दर्शन किए हैं. यह आंकड़ा मंदिर की बढ़ती लोकप्रियता और भक्तों की अटूट आस्था को दर्शाता है.

Advertisement

यह भी पढ़ें- राजस्थान में 'इंतजार शास्त्र' से शुरू हुई सियासी बहस ने लिया नया मोड़, सीएम भजनलाल का गहलोत पर पलटवार