Rajasthan News: पश्चिमी राजस्थान के एक प्रमुख राजनीतिक परिवार में कथित तौर पर मतभेद की खबरें सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई हैं. यह परिवार पूर्व विदेश मंत्री जसवंत सिंह का है, जो वरिष्ठ बीजेपी नेता और वाजपेयी सरकार में पूर्व केंद्रीय मंत्री रह चुके हैं. सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें जसवंत सिंह की पत्नी शीतल कंवर का अपने बेटे, पूर्व सांसद और बीजेपी नेता मानवेंद्र सिंह जसोल के साथ जोधपुर के पावटा रोड स्थित उनके आवास पर पिछले सप्ताह सार्वजनिक रूप से विवाद होता दिखाई दे रहा है.
घर की दहलीज पर हुआ विवाद
वायरल हो रहे इस वीडियो में (जिसकी स्वतंत्र रूप से NDTV पुष्टि नहीं करता) हल्के लैवेंडर रंग की ड्रेस पहनी एक महिला गेट के अंदर खड़ी दिखाई देती हैं और दूसरी तरफ खड़े एक व्यक्ति से बहस कर रही हैं. गेट बंद है और महिला उस व्यक्ति को अंदर आने से मना कर रही हैं. गेट के दूसरी तरफ पूर्व बाड़मेर सांसद मानवेंद्र सिंह खड़े हैं. वह कहते हैं कि वह अपना सामान लेकर चले जाएंगे, लेकिन महिला उन्हें अंदर आने नहीं देतीं.
वीडियो के आखिरी हिस्से में कैमरे की ओर पीठ किए खड़ी महिला, जो शीतल कंवर बताई जा रही हैं, मारवाड़ी में अपने बेटे से कहती हैं, "मैं अंदर नहीं जाऊंगी और तुम्हें भी अंदर नहीं आने दूंगी." उनके साथ खड़े उनके पोते हमीर (मानवेंद्र सिंह के बेटे) महिला को शांत करने की कोशिश करते नजर आते हैं, लेकिन वह अपनी बात पर अड़ी रहती हैं.
दूसरी शादी बनी विवाद की जड़?
इस पारिवारिक दरार के पीछे मानवेंद्र सिंह की कथित दूसरी शादी को मुख्य कारण माना जा रहा है. गौरतलब है कि 30 जनवरी 2024 को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर अलवर के पास एक दुखद सड़क दुर्घटना में मानवेंद्र सिंह की पत्नी चित्रा सिंह का निधन हो गया था. उस समय उनका बेटा हमीर भी कार में उनके साथ था और हादसे में मानवेंद्र व हमीर घायल हो गए थे.
चित्रा सिंह के निधन के दो साल बाद हुई इस दूसरी शादी पर परिवार में असहमति बताई जा रही है. सोशल मीडिया पर एक बयान सामने आया है (जिसकी परिवार ने पुष्टि नहीं की है) कि शीतल कंवर, उनके भाई भूपेंद्र सिंह जसोल, बेटे हमीर सिंह और बेटी हर्षिणी ने मानवेंद्र सिंह की हाल ही में हुई दूसरी शादी से दूरी बना ली है, क्योंकि यह शादी परिवार की सहमति के बिना हुई बताई जा रही है. हालांकि स्वतंत्र रूप से NDTV इसकी पुष्टि नहीं करता है.
समर्थकों की अलग-अलग राय
जसवंत सिंह 1980 से 2009 के बीच लोकसभा और राज्यसभा मिलाकर 9 बार सांसद रहे. वह विदेश मंत्री, वित्त मंत्री और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष भी रहे थे. मानवेंद्र सिंह ने भी अपने पिता के राजनीतिक क्षेत्र बाड़मेर का प्रतिनिधित्व किया है. वह यहां से सांसद रहे और शिव विधानसभा क्षेत्र से विधायक भी रह चुके हैं. जसवंत सिंह के निधन के बाद मानवेंद्र सिंह को उनकी राजनीतिक विरासत का स्वाभाविक उत्तराधिकारी माना जा रहा था, लेकिन परिवार में आई यह दरार उस विरासत को प्रभावित कर सकती है. इस विवाद ने समर्थकों और भाजपा नेताओं को भी दो हिस्सों में बांट दिया है:-
किसने क्या कहा?
किशोर सिंह कानोड़ (प्रदेश कार्य समिति सदस्य, भाजपा): मानवेंद्र सिंह के दूसरी शादी वाली बात यदि सही है तो सामाजिक तौर पर यह बहुत गलत है क्योंकि इस तरीके के व्यक्ति को लोग समाज में अपना रोल मॉडल मानते हैं. मानवेंद्र सिंह जो कि जसवंत सिंह जैसे दिग्गज नेता के सुपुत्र हैं तो उनके लिए जिम्मेदारियां और बढ़ जाती हैं. इस तरीके की घटना से समाज में गलत मैसेज जाता है, आपसी रिश्ते और ताने-बाने को भी ठेस पहुंचती है.
रामसिंह राजपुरोहित बोथिया (भाजपा नेता व करीबी समर्थक): मानवेंद्र सिंह के राजनीतिक फैसले में हम उनके साथ थे, लेकिन दूसरी शादी का यह उनका निजी फैसला है. हम इस मामले में कोई टिप्पणी नहीं चाहते. जब उन्होंने भाजपा छोड़ी थी तब हम उनके साथ कांग्रेस में गए थे और अब जब उन्होंने वापस भाजपा जॉइन की है तो हम भी वापस भाजपा में आए हैं.
अनंत राम विश्नोई (भाजपा जिलाध्यक्ष, बाड़मेर): दूसरी शादी मामले को लेकर हमारे पास कोई आधिकारिक सूचना नहीं है. इस पर मैं कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता. रही बात पार्टी व संगठन की, तो मेरी उनसे आज ही फोन पर बात हुई है.
मानवेंद्र सिंह जसोल ने क्या कहा?
मानवेंद्र सिंह जसोल ने NDTV से कहा कि वह इस विषय पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते और अब तक पूरे विवाद पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है. परिवार के अन्य सदस्यों से भी संपर्क की कोशिश की गई, लेकिन उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है.
अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि इलाके में पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच भी इस मुद्दे पर मतभेद हैं. हाल के दिनों में मानवेंद्र सिंह अपने निर्वाचन क्षेत्र में निजी कार्यक्रमों में शामिल होते और समर्थकों से मिलते नजर आए हैं. स्पष्ट है कि जिस परिवार ने लंबे समय तक पश्चिमी राजस्थान की राजनीति पर प्रभाव बनाए रखा, उनके लिए अब यह निजी मामला सार्वजनिक चर्चा का विषय बन गया है.
ये भी पढ़ें:- गर्मी के बीच बड़ी राहत, 2 पश्चिमी विक्षोभ अगले 48 घंटों में मचाएंगे हलचल, इन जिलों में बारिश का अलर्ट