RPSC में अब एक क्लिक पर होगी शिकायत दर्ज, सीधे अधिकारियों तक पहुंचेगी बात

RPSC ने अभ्यर्थियों की समस्याओं के तुरंत निपटारे के लिए अपना नया 'कैंडिडेट ग्रीवेंस पोर्टल' अपडेट किया है. अब परीक्षार्थी घर बैठे ओटीआर आईडी के जरिए अपनी शिकायतें दर्ज कर सकेंगे और ऑनलाइन ही उनकी स्थिति की निगरानी भी कर पाएंगे.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
RPSC भवन अजमेर.

Rajasthan News: राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने अभ्यर्थियों की समस्याओं के जल्दी समाधान के लिए अपनी कार्यप्रणाली में बड़ा बदलाव किया है. अब परीक्षार्थियों को अपनी शिकायतों के लिए बार-बार आयोग के चक्कर काटने या अलग-अलग माध्यमों का उपयोग करने की आवश्यकता नहीं होगी. अब उनकी शिकायत सीधे अधिकारी तक पहुंचेगी.

आयोग के सचिव रामनिवास मेहता ने बताया कि अब शिकायतों के निस्तारण के लिए विशेष रूप से 'कैंडिडेट ग्रीवेंस पोर्टल' को अपडेट कर सक्रिय किया गया है. पूर्व में ईमेल, पत्र या अन्य माध्यमों से भेजी गई शिकायतों को व्यवस्थित करने और संबंधित विभाग तक पहुंचाने में काफी समय लगता था, लेकिन इस पोर्टल के माध्यम से शिकायतें सीधे संबंधित अधिकारी के डैशबोर्ड पर दिखाई देंगी. 

Advertisement

कैसे करें पोर्टल का उपयोग

अभ्यर्थी अपनी ओटीआर (वन टाइम रजिस्ट्रेशन) आईडी या एप्लिकेशन नंबर के जरिए पोर्टल पर लॉगिन कर सकते हैं. शिकायत दर्ज करते समय आपको समस्या की श्रेणी का चयन करना होगा और उससे संबंधित दस्तावेज अपलोड करने की सुविधा भी मिलेगी. शिकायत जमा होते ही अभ्यर्थियों को एक विशिष्ट ग्रीवेंस नंबर प्रदान किया जाएगा. इस नंबर की मदद से आप घर बैठे ही यह जान सकेंगे कि आपकी शिकायत पर अब तक क्या कार्रवाई हुई है.

आरटीआई आवेदन नहीं डाले

आयोग ने स्पष्ट किया है कि पोर्टल का उपयोग सामान्य शिकायतों के लिए ही करें. आरटीआई से संबंधित आवेदन इस पोर्टल पर स्वीकार नहीं किए जाएंगे. इसके अलावा ईमेल या अन्य माध्यमों से शिकायतें भेजने के बजाय सीधे पोर्टल का ही उपयोग करें. हालांकि, यदि मामला परीक्षा की गोपनीयता या शुचिता से जुड़ा है, तो उसे गोपनीय डाक के माध्यम से आयोग को भेजा जा सकता है. आयोग की सभी अभ्यर्थियों से अपील है कि वे भविष्य में अपनी समस्याओं के लिए केवल आधिकारिक पोर्टल का ही उपयोग करें ताकि उनकी शिकायत समय से सॉल्व हो सके.

यह भी पढ़ें- ‎झालावाड़: फर्जी विकलांग बनकर 12 साल से नौकरी कर रहे दो टीचर, एक गिरफ्तार दूसरा फरार