विज्ञापन
This Article is From Feb 04, 2026

Rajasthan Politics: विधानसभा के बाहर बेढम से भिड़ गए जूली-रफीक, पूछा - PM मोदी की किस नीति से अमेरिका बैकफुट पर आया?

रूस की दोस्ती को दांव पर लगाकर अमेरिका से डील? विधानसभा के बाहर जूली, बेढम और रफीक खान के बीच हुई जबरदस्त जुबानी जंग. आखिर मंत्री ने मोदी की कौन सी 'गुप्त' नीति का हवाला दिया जिससे अमेरिका झुकने को मजबूर हुआ? पढ़ें पूरी स्टोरी.

Rajasthan Politics: विधानसभा के बाहर बेढम से भिड़ गए जूली-रफीक, पूछा - PM मोदी की किस नीति से अमेरिका बैकफुट पर आया?
'PM ने सरेंडर किया या अमेरिका झुका?' विधानसभा के बाहर जूली और बेढम में छिड़ी बहस, रूस का भी आया जिक्र
NDTV Reporter

Rajasthan News: राजस्थान विधानसभा (Rajasthan Assembly) के बाहर का सियासी पारा उस वक्त अचानक बढ़ गया जब भारत-अमेरिका ट्रेड डील (India America Trade Deal) को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के दिग्गज आपस में भिड़ गए. नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली (Tika Ram Jully), कांग्रेस सचेतक रफीक खान (Rafeek Khan) और गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम (Jawahar Singh Bedham) के बीच बुधवार को हुई इस 'अनकट' बहस ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है. जहां बीजेपी इसे पीएम मोदी की कूटनीतिक जीत बता रही है, वहीं कांग्रेस ने इसे देश के हितों का 'सौदा' करार दिया है.

'मोदी की नीति या अमेरिका की मजबूरी?'

बहस की शुरुआत तब हुई जब मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रणनीति के आगे सुपरपावर अमेरिका बैकफुट पर आ गया है. बेढम ने कहा कि पीएम मोदी के 'आत्मनिर्भर भारत' के संकल्प ने दुनिया की आंखें खोल दी हैं और इसी का नतीजा है कि अमेरिका भारत की शर्तों पर ट्रेड डील के लिए राजी हुआ. उन्होंने इसे भारत के बढ़ते वैश्विक वैभव से जोड़ते हुए विपक्ष को आईना दिखाने की कोशिश की.

जूली का तीखा वार- 'मजाक मत करो, ये सरेंडर है'

मंत्री के दावों पर पलटवार करते हुए नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने सीधे तौर पर इसे देश के हितों को गिरवी रखने वाला कदम बताया. जूली ने तंज कसते हुए कहा, 'विदेश नीति तो जीरो कर रखी है, बस ये बताओ कि अमेरिका बैकफुट पर आया किस बात से?' उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रंप के सामने पीएम मोदी ने सरेंडर कर दिया है. जूली ने आशंका जताई कि अमेरिका के डेयरी प्रोडक्ट्स भारत आने से यहां के किसान एक बार फिर आत्महत्या की कगार पर पहुंच जाएंगे. उन्होंने खाद, बीज और यूरिया की किल्लत का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जो सरकार बुनियादी जरूरतें पूरी नहीं कर पा रही, वो अब विदेशों से किसानों की बर्बादी का सौदा कर आई है.

रूस के 'सैक्रिफाइस' पर बवाल

इस जुबानी जंग में कांग्रेस सचेतक रफीक खान ने 'रूस कार्ड' खेलकर बहस को और पेचीदा बना दिया. खान ने सवाल उठाया कि क्या पुराने और भरोसेमंद दोस्त रूस की कीमत पर अमेरिका से यह ट्रेड डील की गई है? उन्होंने याद दिलाया कि जब भी भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ा, अमेरिका हमेशा पाकिस्तान के पाले में खड़ा दिखा. ऐसे में रूस जैसे मित्र को किनारे लगाकर अमेरिका पर भरोसा करना भारत के लिए कितना आत्मघाती होगा, इस पर उन्होंने गंभीर सवाल खड़े किए.

'विकृत सोच बनाम भारत का वैभव'

जब विपक्ष ने घेरा तो मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने तीखा जवाब देते हुए कहा कि विपक्ष की सोच 'विकृत' हो गई है. उन्होंने साफ लहजे में कहा कि चाहे अनौपचारिक बात हो या औपचारिक, हकीकत यही है कि मोदी की रणनीति के आगे अमेरिका को झुकना पड़ा है. बेढम ने दो टूक कहा कि भारत अब झुकने वाला देश नहीं रहा और पूरी दुनिया में भारत का डंका बज रहा है.

ये भी पढ़ें:- अधिकार‍ियों पर भड़के क‍िरोणी लाल मीणा, बोले- चोर हो, लुटेरों...तुमने देश को खा लिया; शर्म नहीं आती

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com