साध्वी प्रेम बाईसा की मौत के मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है. बोरानाडा पुलिस थाने में कंपाउंडर देवी सिंह राजपुरोहित के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है. साध्वी को इंजेक्शन देने वाले कंपाउंडर पर लापरवाही का आरोप है. पुलिस कमिश्नर ने तो बीते दिनों कहा कि मेडिकल अधिनियम और निर्धारित कानूनी प्रावधान के तहत क़ी कार्रवाई की जाएगी. प्रेम बाईसा को जब सांस लेने में तकलीफ हो रही थी तो पिता वीरमनाथ ने कंपाउंडर को बुलाकर दो इंजेक्शन लगाए. जिसके बाद साध्वी की तबीयत ज्यादा खराब हो गई और अस्पताल में मौत हो गई थी.
कंपाउंडर देवी सिंह के खिलाफ मामला दर्ज
घटना के दिन ही साध्वी के पिता बीरम नाथ ने बोरानाडा थाने में प्रथम सूचना रिपोर्ट दी थी. इसके बाद पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश ने पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए स्पेशल इन्वेस्टिगेटिंग टीम (SIT) का गठन किया. इस टीम की कमान छवी शर्मा को सौंपी गई. मीडिया से बातचीत में छवी शर्मा ने बताया कि कल मामला दर्ज करने के बाद जांच औपचारिक रूप से शुरू कर दी गई है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस ने कंपाउंडर देवी सिंह राजपुरोहित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106 (1) के तहत मुकदमा दर्ज किया है. जांच के दौरान एफएसएल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों की गहन पड़ताल की गई, जिसमें प्रथम दृष्टया लापरवाही के तथ्य सामने आए हैं. एसआईटी पहले भी पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कर चुकी है, लेकिन अब अन्य सभी पहलुओं पर भी गहराई से पड़ताल की जाएगी. पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान किसी भी प्रकार का सुराग नहीं छोड़ा जाएगा और अनुसंधान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी.
साध्वी प्रेम बाईसा की कमाई को लेकर उठे सवाल
जानकारी के मुताबिक, साध्वी प्रेम बाईसा के बैंक अकाउंट में 56000 और 80000 रुपए मिले थे. ऐसे में प्रेम बाईसा की मोटी कमाई कहां गई, उस एंगल को लेकर भी पुलिस आगे जांच कर रही है. बड़ी बात है कि साध्वी की मौत के 4 घंटे बाद उनके इंस्टाग्राम अकाउंट से एक मैसेज पोस्ट किया गया, जिसमें साध्वी के दुनिया से अलविदा कहने की बात थी. इंस्टाग्राम पोस्ट और साध्वी की मौत की खबर से कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं. साध्वी की हत्या या आत्महत्या को लेकर कई सवाल भी खड़े हुए. सवाल यह भी उठा कि जब साध्वी प्रेम बाईसा की मौत 4 घंटे पहले होो गई तो पोस्ट किसने किया.
हालांकि, बाद में साध्वी के पिता बीरम नाथ ने साफ किया कि उन्होंने इंस्टाग्राम वह पोस्ट करवाई थी. वहीं, काफी छानबीन के बाद पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर बताया कि साध्वी की मौत कार्डियक अरेस्ट और सांस क़ी बीमारी से होने हुई. फिर भी साध्वी प्रेम बाईसा की मौत को लेकर कई पहलुओं से पुलिस जांच कर रही है.
यह भी पढे़ं-
साध्वी प्रेम बाईसा के पिता की बिगड़ी हालत, 21 दिन पहले बेटी की मौत के बाद खाई थी कसम
साध्वी प्रेम बाईसा की कैसे हुई मौत? रहस्य बरकरार, पुलिस ने दोबारा डॉक्टरों से किया संपर्क