विज्ञापन

जोबनेर में स्कूल बस और स्कॉर्पियो की टक्‍कर, डेढ़ दर्जन बच्चे घायल, खाटूश्यामजी जा रहे थे कार सवार

भीषण टक्‍कर की वजह से स्‍कॉर्प‍ियो और बस बुरी तरह से क्षत‍िग्रस्‍त हो गए. गंभीर घायल बच्‍चों को जयपुर रेफर कर द‍िया गया है.  

जोबनेर में स्कूल बस और स्कॉर्पियो की टक्‍कर, डेढ़ दर्जन बच्चे घायल, खाटूश्यामजी जा रहे थे कार सवार
सड़क हादसे में बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए.
NDTV Reporter

जोबनेर-आसलपुर महलां सड़क मार्ग पर श्री सीमेंट फैक्ट्री के पास केरिया नाडा के नजदीक शनिवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया. यहां एक निजी स्कूल की बाल वाहिनी और स्कॉर्पियो कार की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर लंबा जाम लग गया. 

टक्कर के बाद बस पलट गई 

हादसे के वक्त स्कूल बस में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं सवार थे. टक्कर के बाद बस सड़क पर पलट गई, और उसमें सवार करीब डेढ़ दर्जन बच्चे घायल हो गए. हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, और पुलिस तथा एंबुलेंस को सूचना दी. स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से क्षतिग्रस्त बस में फंसे बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. 

घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया  

सभी घायल छात्र-छात्राओं को एंबुलेंस की मदद से जोबनेर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया. गंभीर रूप से घायल बच्चों में से 8 से 9 बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर किया गया है. बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो में सवार लोग चित्तौड़ से खाटूश्यामजी दर्शन के लिए जा रहे थे. 

स्कॉर्पियो सवार यात्री घायल 

हादसे में स्कॉर्पियो सवार यात्रियों को भी चोटें आई हैं, हालांकि उनकी चोटें मामूली बताई जा रही हैं. दुर्घटना के बाद दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए.  हादसे की सूचना मिलते ही जोबनेर थाना पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची. पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू करवाया, और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की.  

दुर्घटना के कारण जोबनेर-महला मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई. पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारू कराया और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाने की कार्रवाई शुरू की. 

स्कूल बस में सवार बच्चे घायल  

घायल बच्चों में पायल, अर्चना, तनिष्क, रोशन तंवर, विशाल, सिमरन, सीमा, तनु, निकिता, लक्षिता, कल्पना, प्रिंस, कौशल, भूमिका, अर्चना, मीनाक्षी, सिमरन और सुमित सहित अन्य छात्र-छात्राओं के नाम सामने आए हैं. फिलहाल सभी घायलों का उपचार जारी है. गंभीर घायल बच्चों को जयपुर रेफर किया गया है. पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक तौर पर स्कॉर्पियो के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है, हालांकि दुर्घटना की वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी. 

यह भी पढ़ें: राजस्‍थान के मंद‍िरों में चढ़ावे के धन से होता है व‍िकास कार्य, खाटूश्‍याम-सांवलिया सेठ में करोड़ों का चढ़ावा

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close