आज 1 अप्रैल से शुरू शिक्षा क नया सत्र शुरू हो गया. सरकारी और प्राइवेट सभी स्कूल खुल गए. बारां में बच्चे स्कूल पहुंचे तो कुमकुम का टीका लगाया, माला पहनाई और मुंह मीठा कराकर स्कूल स्टाफ ने स्वागत सत्कार किया. उनके बेहतर भविष्य की कामना की. कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी बच्चे स्कूल पहुंचे. सरकार ने इस बार ज्यादा से ज्यादा बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के लिए संकल्प लिया. कोई बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे. ऐसे में 27 मार्च से ही प्रवेशोत्सव और हाउस होल्ड सर्वे के जरिए बच्चों को शिक्षा से जोड़ा जा रहा है.
बच्चों को किया जाएगा जागरूक
घर-घर जाकर बच्चों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है. अब 6, 10 और 15 अप्रैल को भी हाउस होल्ड सर्वे टीचर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और स्थानीय प्रतिनिधि करेंगे. स्कूलों का समय नए शैक्षणिक सत्र में सुबह 7:30 से दोपहर 1 बजे तक रखा गया है. 15 मई तक स्कूल चलेंगे. इसके बाद 16 मई से 20 जून तक 35 दिन का ग्रीष्मकालीन अवकाश स्कूल में रहेगा, और फिर 21 जून से फिर स्कूल खुल जाएंगे.
माला पहनाकर बच्चों का किया स्वागत
बारां शहर के राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय की प्रिंसिपल रेखा सक्सेना के नेतृत्व में स्कूल स्टाफ ने स्कूल आए नौनिहाल बच्चों का फूल मालाओं से स्वागत किया. कुमकुम का टीका लगाया. मुंह मीठा करवाया. नए बच्चे यहां पर नए क्लास में प्रवेश लेने के लिए फॉर्म भरते हुए भी नजर आए. इस स्कूल में पर्यावरण का भी पूरा ख्याल रखा गया है, और कई प्रजातियों के पेड-पौधे यहां पर लगे हैं.
स्कूल में बच्चों का बढ़ेगा नामांकन
स्कूल के टीचर भानु जैन का कहना है कि नए शिक्षण सत्र 1 अप्रैल से शुरू होने से सरकारी स्कूलों को बड़ा लाभ होगा. क्योंकि, पहले सरकारी स्कूल में जुलाई में शैक्षणिक सत्र शुरू होता था, ऐसे में बच्चे प्राइवेट स्कूल में एडमिशन ज्यादा लेते थे, ऐसे में सरकारी स्कूल में बच्चों की संख्या घटती थी, लेकिन 1 अप्रैल से स्कूल शुरू होने से उम्मीद है कि स्कूलों में नामांकन बढ़ेगा.
उप-प्रधानाचार्य रितु गोयल ने कहा कि हर साल बच्चों को बेहतर शैक्षणिक माहौल देने का संकल्प स्कूल स्टाफ का रहता है, और इस बार भी इस संकल्प और दृढ़ता के साथ पूरा किया जाएगा, स्कूल में अच्छा रिजल्ट रहेगा. बच्चों की तरफ से उनका बेहतर परिणाम ही शिक्षकों के लिए गुरु दक्षिणा है.
यह भी पढ़ें: राजस्थान में टीना डाबी सहित 65 IAS अधिकारियों के ट्रांसफर, 26 जिलों के कलेक्टर बदले गए