विज्ञापन
This Article is From Feb 01, 2026

कोटा: बाल सुधार गृह की जाली काटकर 9 नाबालिग आरोपी फरार, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

Kota Jail Break: बाल सुधार गृह की लोहे की जाली काटकर 9 नाबालिग आरोपी अचानक गायब हो गए. हैरान करने वाली बात यह है कि इनमें वो 2 शातिर भी शामिल हैं जो पहले भी पुलिस को चकमा दे चुके थे.

कोटा: बाल सुधार गृह की जाली काटकर 9 नाबालिग आरोपी फरार, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
Kota Jail Break
NDTV Reporter

Rajasthan News: राजस्थान के कोटा जिले में रावतभाटा रोड पर स्थित बाल सुधार गृह में सुरक्षा की बड़ी लापरवाही सामने आई है. यहां से 9 नाबालिग आरोपी छत की लोहे की जाली काटकर फिल्मी अंदाज में फरार हो गए हैं. इस बड़ी चूक के बाद पुलिस महकमे और सामाजिक अधिकारिता विभाग में हड़कंप मच गया है.

कैसे भागे नाबालिग आरोपी?

घटना रविवार सुबह की है. बताया जा रहा है कि नाबालिग आरोपियों ने पूरी प्लानिंग के साथ छत पर लगी लोहे की मजबूत जाली को काटा और वहां से भाग निकले. जब केयरटेकर मनोज कुमार और सुरक्षा गार्ड्स को इस बात का पता चला, तब तक काफी देर हो चुकी थी. तुरंत पुलिस को सूचना दी गई और आरके पुरम थाना पुलिस मौके पर पहुंची.

एक महीने में दूसरी बार भागे 2 आरोपी

इस घटना ने सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. दरअसल, इन 9 नाबालिग आरोपियों में 2 ऐसे हैं जो एक महीने पहले भी यहां से भाग चुके थे. तब पुलिस ने उन्हें पकड़कर वापस यहां भेजा था, लेकिन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम न होने के कारण वे फिर से भागने में कामयाब रहे.

पुलिस क्या कर रही है?

आरके पुरम पुलिस के मुताबिक, फरार हुए लड़कों की तलाश में टीमें लगा दी गई हैं. लड़कों के परिजनों और रिश्तेदारों से पूछताछ की जा रही है. उनके घरों के आसपास के थानों को भी अलर्ट कर दिया गया है. विभाग के बड़े अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि बार-बार ऐसी लापरवाही क्यों हो रही है.

विभाग ने दिए जांच के आदेश

सामाजिक अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक रामराज मीणा ने कहा कि बार-बार हो रही इन घटनाओं को गंभीरता से लिया जा रहा है. बाल सुधार गृह के अधीक्षक से पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट तलब की गई है और लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर गाज गिरना तय माना जा रहा है.

ये भी पढ़ें:- राजस्थान के दिग्गजों ने बजट को सराहा, जानें CM भजनलाल, प्रेमचंद बैरवा और दिया कुमारी ने क्या कहा?

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close