Rajasthan News: अजमेर के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में बुधवार को किराए के विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया. रोडवेज बस स्टैंड के पीछे कुंदन नगर स्थित ‘फुस की कोठी' इलाके में मकान मालिक और किराएदार के बीच चल रहा पुराना विवाद इतना बढ़ गया कि फायरिंग तक बात पहुंच गई. इस दौरान मौके पर मौजूद 16 वर्षीय छात्र के हाथ में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया. घायल छात्र एक क्रिकेट अंपायर का पुत्र बताया जा रहा है, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया.
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना
घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात कैद हो गई है. सूचना मिलते ही सिविल लाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया. थाना प्रभारी शंभू सिंह के अनुसार मामले की जांच जारी है और फुटेज के आधार पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.
किराए के विवाद ने लिया खतरनाक मोड़
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी गुलरेज चिश्ती, जो पेशे से खादिम है, का मकान मालिक से लंबे समय से किराए को लेकर विवाद चल रहा था. बुधवार को दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई. आरोप है कि इसी दौरान गुलरेज ने देसी कट्टे से फायर कर दिया.
सुरक्षा पर सवाल
पुलिस ने आरोपी से हथियार बरामद कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. दिनदहाड़े फायरिंग की इस घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस का कहना है कि मामले की गहराई से जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
य़ह भी पढ़ेंः राजस्थान SI भर्ती परीक्षा 2025 पर लटकी तलवार! टालने के लिए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर