Rajasthan News: राजस्थान विधानसभा की कार्यवाही मंगलवार को ठीक 11 बजे प्रश्नकाल के साथ शुरू हुई, जिसमें पुरानी टोंक की घटना और वाहन चोरी के मुद्दे पर सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिली.
टोंक में हुए पथराव-फायरिंग पर सवाल
सबसे पहले निवाई से बीजेपी विधायक राम सहाय वर्मा ने पूरक प्रश्न पूछा. उन्होंने कहा, '6 मार्च की रात 10:30 बजे पुरानी टोंक के हीरा चौक पर एक समुदाय विशेष के लोगों ने मिलकर हरिजन बस्ती में रहने वाले लोगों के घरों पर पथराव फेंके और फायरिंग की. करने वाले कितने लोगों को गिरफ्तार किया गया है, तथा बस्ती में रहने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए उसी मोहल्ले में सामुदायिक भवन में पुलिस चौकी कब तक खोलने का विचार रखती है?'
मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने दिया जवाब
मंत्री ने बताया कि थाना बुराली टोंक में मुकदमा दर्ज कर 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और एक बाल उपचारी निरुद्ध किया गया है. साथ ही 170 BNS में 7 व्यक्ति गिरफ्तार किए गए हैं. हालांकि, सामुदायिक भवन में चौकी खोलने पर अभी कोई विचार नहीं है.
'सरकारी जमीन से कब हटेंगे लोग?'
विधायक राम सहाय वर्मा ने दूसरा पूरक प्रश्न पूछते हुए कहा कि यह मार्च महीने की दूसरी घटना है. उन्होंने सवाल किया, 'ये जो समुदाय विशेष के लोग हैं, वन भूमि पर रह रहे हैं, सरकारी जमीन पर कब्जा कर रखा है. सरकार इन्हें वहां से हटाने का कब तक विचार रखती है?' इसका जवाब देते हुए मंत्री बेढम ने कहा कि सरकारी भूमि पर जिन भी लोगों ने कब्जे कर रखे होंगे उनकी जांच कराई जाएगी और उनके खिलाफ निश्चित रूप से कार्रवाई की जाएगी.
वाहन चोरी पर 'सेटिंग' वाला तंज
इसके बाद नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने खड़े होकर तंज कसा- 'सेटिंग हो गई है. सवाल तो वाहन चोरी का था, जो पूछा ही नहीं गया.' उन्होंने वाहन चोरी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि 1433 मुकदमे दर्ज हुए, जिनमें से 1056 में अभी तक वाहन बरामद ही नहीं हुए हैं, ये कब तक होंगे?
'जूली-डोटासरा की सेटिंग हम करवा देंगे'
मंत्री ने जवाब दिया, 'आपकी और डोटासरा जी की सेटिंग करवा देंगे हम.' उन्होंने आंकड़ों को सही बताते हुए कहा कि स्पेशल टीम बनाकर वाहन चोरों को पकड़ने के निर्देश दिए गए हैं और जल्द बरामदगी की जाएगी.
'पावर है तो बरामद करके दिखाओ'
इसके बाद टीकाराम जूली ने फिर खड़े होकर तीखे सवाल किए. उन्होंने कहा कि जांच के नाम पर दूसरे राज्यों (एमपी, गुजरात, दिल्ली) की गाड़ियों के जबरदस्ती चालान काटे जाते हैं, जिससे राजस्थान की इमेज खराब होती है. उन्होंने मंत्री को चुनौती देते हुए कहा, 'ये जो चोरी के वाहन घूम रहे हैं, इनको बरामद करके दिखाओ तो मैं मान जाऊंगा आपको, आप में ताकत है और आपको कुछ पावर दे रखी है. ये बरामद करके दिखाओ.'
मंत्री का अंतिम जवाब
मंत्री बेढम ने कहा कि यह 2021 से 25 तक का डेटा इनके (कांग्रेस) समय का 'ठीकरा' है. उन्होंने कहा, 'हमारी सरकार आने के बाद जो वाहन चोरी हुए उन्हें हमने बरामद कर लिया है, लेकिन कांग्रेस के समय जो लोग वाहन लेकर भागे उन्हें हम आज भी तलाश कर रहे हैं. जल्द ही उन्हें पकड़कर कार्रवाई करेंगे.'
ये भी पढ़ें:- पोकरण में सेना का पावर शो, रडार ने ट्रैक किया..मिसाइल ने किया खाक; पलक झपकते ही ढेर हुए दुश्मन के ड्रोन