विज्ञापन

Rajasthan Politics: राजस्थान के स्कूलों से किताब हटाए जाने का मुद्दा लोकसभा में गूंजेगा, डोटासरा की बीजेपी को चेतावनी

डोटासरा ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकारी संस्थाओं का प्रयोग आरएसएस के प्रचार के लिए नहीं किया जा सकता. उन्होंने AAP के सांसदों के बीजेपी में शामिल होने पर भी प्रतिक्रिया दी.

Rajasthan Politics: राजस्थान के स्कूलों से किताब हटाए जाने का मुद्दा लोकसभा में गूंजेगा, डोटासरा की बीजेपी को चेतावनी
डोटासरा ने सीकर में निजी आवास पर पत्रकारों से बातचीत की.

राजस्थान में स्कूलों से किताब हटाए जाने के मामले में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद डोटासरा ने बीजेपी सरकार पर हमला बोला. सीकर में निजी आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि आजादी से पहले और बाद के गौरव से जुड़े इतिहास को पाठ्यक्रम से हटाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि यह एक सुनियोजित “ब्रेनवॉश” अभियान है, जिसके जरिए शिक्षा के माध्यम से वैचारिक एजेंडा फैलाया जा रहा है. बता दें कि शिक्षा विभाग ने 9वीं, 10वीं, 11वीं और 12वीं कक्षा की 4 किताबों को कोर्स से हटा दिया है. राजस्थान और इतिहास से जुड़ी किताबों के हटाने पर कांग्रेस हमलावर है. 

RSS का विचार थोपने की कोशिश- डोटासरा

पीसीसी चीफ ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के इशारे पर भाजपा की ओर से इस तरह की पुस्तकों का वितरण किया जा रहा है. प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों और विद्यार्थियों पर RSS की विचारधारा थोपने की कोशिश हो रही है. उन्होंने कहा, "जब कांग्रेस की सरकार थी तो हमने आजादी के पहले और बाद का स्वर्णिम भारत पुस्तक 11वीं और 12वीं कक्षा में शुरू की थी. ताकि राजस्थान के शौर्य, स्वतंत्रता संग्राम, इतिहास के बारे में बच्चों को शिक्षा मिल सके. इसकी प्रशंसा पूरे देश के साथ एनसीईआरटी ने भी की थी. लेकिन अब इन किताबों को स्कूलों में नहीं पढ़ाया जाएगा. अगर इससे अच्छा पढ़ाने के लिए उनके पास और कोई सिलेबस है तो वह लेकर आए, लेकिन किताब हटाना ठीक नहीं."  

किताबें बांटकर नफरत फैला रही सरकार- डोटासरा

उन्होंने कहा, "टेक्नोलॉजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का जमाना आ गया है. शिक्षा में नवाचार होना चाहिए. बार-बार सरकारी शिक्षकों के माध्यम से सरकारी संस्थानों में किताबें बांटकर नफरत फैलाना और दुष्प्रचार करना बेहद गंभीर विषय है. इसका हम राजस्थान की विधानसभा और देश की लोकसभा में भी विरोध करेंगे. सरकारी कर्मचारी और संस्थाओं का प्रयोग आरएसएस के प्रचार के लिए नहीं किया जा सकता."

पीसीसी चीफ बोले- AAP बीजेपी की 'बी' टीम

डोटासरा ने आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसदों के भाजपा में शामिल होने के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरा. उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी डरा-धमकाकर और दबाव बनाकर विपक्षी नेताओं को अपने साथ जोड़ रही है. कांग्रेस अध्यक्ष ने आम आदमी पार्टी को भाजपा की “बी टीम” बताते हुए कहा कि देश में लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है.

यह भी पढ़ेंः राजस्थान भाजपा के इस बड़े नेता ने खाटूधाम में मनाई शादी की 25वीं सालगिरह, किया हनुमान चालीसा का पाठ

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close