Rajasthan News: राजस्थान के सीकर जिले के श्रीमाधोपुर क्षेत्र के महरोली स्थित राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में अस्पताल परिसर के अंदर तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजता दिखाई दे रहा है और अस्पताल का कुछ स्टाफ डीजे की धुन पर नाचते नजर आ रहा है. वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया है.
फार्मासिस्ट और नर्सिंग स्टाफ भी दिखे जश्न में
वायरल वीडियो में अस्पताल के एक चिकित्सक सहित फार्मासिस्ट और नर्सिंग स्टाफ भी डांस करते दिखाई दे रहे हैं. बताया जा रहा है कि अस्पताल परिसर में ही यह जश्न मनाया गया था और तेज आवाज में संगीत चलाया गया. अस्पताल जैसी संवेदनशील जगह पर इस तरह के आयोजन को लेकर लोगों ने सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं.
मरीजों के इलाज वाली जगह पर जश्न पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल वह स्थान होता है जहां मरीज इलाज के लिए आते हैं और कई बार गंभीर हालत में भी होते हैं. ऐसे में अस्पताल परिसर में तेज आवाज में डीजे बजाकर जश्न मनाना स्वास्थ्य सेवाओं की गंभीरता पर सवाल खड़े करता है. सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इसे अनुशासनहीनता बताते हुए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है.
पीजी में चयन की खुशी में जश्न का बताया जा रहा वीडियो
सूत्रों के अनुसार यह जश्न अस्पताल के दो चिकित्सकों के पीजी में चयन होने की खुशी में मनाया गया बताया जा रहा है. बताया जा रहा है कि डॉ. अक्षय कुमार और डॉ. ऋषि कुमार जोशी का पीजी में चयन हुआ था और उसी अवसर पर विदाई पार्टी जैसे माहौल में जश्न मनाया गया था.
प्रशासन बोला – वीडियो पुराना हो सकता है
मामले में अस्पताल प्रभारी डॉ. विकास लील ने कहा कि उनके कार्यभार संभालने के दौरान ऐसा कोई मामला सामने नहीं आया है. उनके अनुसार यह वीडियो संभवत करीब एक साल पुराना हो सकता है और उनके कार्यग्रहण के करीब 15 दिन बाद का बताया जा रहा है.
जांच जारी, पुष्टि नहीं
बीसीएमओ डॉ. पंकज शर्मा ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है. यदि वीडियो की पुष्टि होती है तो आगे उचित कार्रवाई की जाएगी. हालांकि समाचार चैनल NDTV इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है.
यह भी पढ़ें- "राजस्थान में ऊंटों की संख्या आधी रह गई", हाईकोर्ट बोला- सरकार का ध्यान ही नहीं