सीकर: पुलिस को देखते ही भागी स्विफ्ट कार, फिल्मी अंदाज में पीछा कर दबोचे बदमाश 

राजस्थान में सीकर के दादिया थाना क्षेत्र में रात की गश्त के दौरान पुलिस ने तेज रफ्तार स्विफ्ट कार का पीछा कर फिल्मी अंदाज में एक बदमाश को दबोच लिया. दो साथी चलती गाड़ी से कूदकर फरार हो गए. मुख्य आरोपी से पूछताछ जारी है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
सीकर में पुलिस ने बदमाश को फिल्मी अंदाज में पीछा कर पकड़ा.

Rajasthan News: राजस्थान में सीकर जिले के दादिया थाना क्षेत्र में पुलिस की मुस्तैदी से एक संदिग्ध बदमाश पकड़ा गया. थाना प्रभारी बुद्धिप्रसाद के अनुसार पुलिस टीम जेरठी इलाके में रात को गश्त कर रही थी. इसी दौरान एक स्विफ्ट कार चालक ने पुलिस वाहन देखते ही अचानक गति बढ़ा दी. उसकी हरकतें संदिग्ध लगीं जिससे पुलिस को शक हुआ कि वाहन में हथियार या तस्करी का सामान हो सकता है.

फिल्मी अंदाज में शुरू हुआ पीछा

पुलिस ने तुरंत कार का पीछा शुरू किया. पीछा तेज होने पर कार में सवार दो युवक मौके का फायदा उठाकर चलती गाड़ी से कूदकर अंधेरे में भाग निकले. इसके बाद भी चालक ने वाहन नहीं रोका और पुलिस से बचने की कोशिश करता रहा.

शहर में हलचल और हंगामा

पीछा करते हुए पुलिस टीम जब सीकर शहर के खटीकान प्याऊ क्षेत्र पहुंची तो पुलिस वाहन की एक बाइक से हल्की टक्कर हो गई. इससे मौके पर मौजूद लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया. पुलिस ने समझाइश देकर स्थिति को शांत कराया और आरोपी का पीछा जारी रखा.

आनंद नगर में छोड़ी कार

आरोपी कार को आनंद नगर इलाके की ओर ले गया. वहां रास्ता बंद मिलने पर उसने गाड़ी छोड़ दी और पैदल भागने लगा. पुलिस टीम ने भी तेजी दिखाई और उसका पीछा जारी रखा.

Advertisement

100 मीटर दौड़कर दबोचा आरोपी

करीब 100 मीटर तक दौड़ लगाने के बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया. उसकी पहचान जगदेव सिंह राजपूत पुत्र छत्रसिंह निवासी जेरठी के रूप में हुई है. उसके खिलाफ पहले से मारपीट सहित पांच मामले दर्ज हैं.

पूछताछ जारी और साथियों की तलाश

पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि वह किस मकसद से भाग रहा था और क्या वह किसी अन्य मामले में वांछित है. फरार हुए दोनों साथियों की तलाश के लिए टीमें जुटी हुई हैं.

Advertisement

यह भी पढ़ें- कोटा से कश्मीर के रहने वाले तीन संदिग्ध हिरासत में, पुलिस कर रही पूछताछ