विज्ञापन
This Article is From Feb 22, 2026

सोनार फोर्ट में पर्यटकों को मिलेगी गोल्फ कार्ट की सुविधा, जैसलमेर प्रशासन ने की लॉन्चिंग

इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट शुरू होने के बाद पर्यटक विश्वविख्यात जैसलमेर किले (सोनार फोर्ट) के बाहरी हिस्सों को आसानी से देख सकेंगे.

सोनार फोर्ट में पर्यटकों को मिलेगी गोल्फ कार्ट की सुविधा, जैसलमेर प्रशासन ने की लॉन्चिंग

स्वर्णनगरी जैसलमेर में पर्यटन सुविधाओं के लिहाज से अहम कदम उठाया गया है. ऐतिहासिक जैसलमेर किले (सोनार फोर्ट) के चारों ओर अब इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट सेवा शुरू कर दी गई है. विधायक छोटूसिंह भाटी, जिला कलेक्टर प्रताप सिंह और नगर परिषद आयुक्त लाजपाल सिंह सोढ़ा ने हरी झंडी दिखाकर इस सेवा का शुभारंभ किया. सोनार दुर्ग व रिंग रोड पर बढ़ता यातायात दबाव और पर्यटन सीजन में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए वैकल्पिक परिवहन व्यवस्था पर विचार किया जा रहा था. इसी के मद्देनज़र नगर परिषद ने इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट सेवा शुरू करने का फैसला लिया. 

किले के बाहरी हिस्सों को देख सकेंगे पर्यटक

प्रशासन का कहना है कि विश्व धरोहर की श्रेणी में शामिल इस ऐतिहासिक स्थल के आसपास प्रदूषण रहित परिवहन व्यवस्था समय की मांग है. नगर परिषद की ओर से जारी शर्तों के अनुसार, इस सेवा के लिए न्यूनतम 10 और अधिकतम 40 गोल्फ कार्ट संचालित की जा सकेंगी. ये कार्ट नीरज चौराहे से फोर्ट ओल्ड पार्किंग तक पर्यटकों को ले जाएंगी. साथ ही रिंग रोड के पूरे चक्र में कहीं भी चढ़ने और उतरने की सुविधा रहेगी, ताकि पर्यटक किले के बाहरी हिस्सों को आसानी से देख सकें. 

हर दिन पहुंचते हैं हजारों टूरिस्ट

सीजन के दौरान सोनार किले में प्रतिदिन हजारों पर्यटक पहुंचते हैं. ऐसे में ट्रैफिक जाम, पार्किंग की समस्या और तिपहिया वाहनों की आवाजाही से अव्यवस्था की स्थिति बन जाती है. इस सेवा के शुरू होने के बाद रिंग रोड पर रिक्शा के संचालन पर भी रोक लगाने की तैयारी है. परिषद का कहना है कि गोल्फ कार्ट कम जगह घेरती हैं, धीमी गति से चलती हैं. साथ ही पैदल चलने वाले और साइकिल सवारों के लिए अधिक सुरक्षित साबित होगी. 

पर्यटकों को मिलेगा स्वच्छ और शांत वातावरण

आयुक्त लाजपाल सिंह सोढ़ा ने कहा कि जैसलमेर का ऐतिहासिक दुर्ग अपनी अनूठी स्थापत्य कला के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है और यहां आने वाले पर्यटक स्वच्छ, शांत और व्यवस्थित वातावरण की अपेक्षा रखते हैं. विधायक छोटूसिंह भाटी ने भी इस पहल को पर्यटन और विरासत संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण बताया.  

यह भी पढे़ंः 5 दिन से लापता NEET छात्र का सुराग नहीं, नहर किनारे मिला सामान; घर में होनी थी शादी, अब पसरा सन्नाटा


 

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com