विज्ञापन

हजार में बिकती चोरी की बाइक! शराब तस्कर करते हैं 'सस्ता सौदा', रामगढ़ पुलिस ने खोले बड़े राज

रामगढ़ पुलिस ने कार्रवाई की तो इस दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ. बताया जा रहा है कि चोरी की बाईक सस्ती दरों पर सबसे बड़े खरीदार शराब तस्कर हैं.

हजार में बिकती चोरी की बाइक! शराब तस्कर करते हैं 'सस्ता सौदा', रामगढ़ पुलिस ने खोले बड़े राज
रामगढ़ में चोरी की बाइक का कारोबार

Stolen Bike Racket: अगर हजारों और लाख रुपये से भी ज्यादा की बाइक हजार, 2 हजार और 5 हजार में बिके तो इससे मामला साफ है कि यहां कुछ तो गड़बड़ है. रामगढ़ में ऐसा ही मामला सामने आया है जहां चोरी की बाइक की काला कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है. वहीं जब रामगढ़ पुलिस ने कार्रवाई की तो इस दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ. बताया जा रहा है कि चोरी की बाईक सस्ती दरों पर सबसे बड़े खरीदार शराब तस्कर हैं. यही वजह है कि जब शराब तस्कर बाइक छोड़ फरार हो जाते हैं तो उनकी पहचान नहीं हो पाती है.

दो आरोपी की गिरफ्तारी के बाद हुआ खुलासा

रामगढ डीएसपी पिंटू कुमार ने बताया कि नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को अलग-अलग स्थानों से पकड़ा. पूछताछ में दोनों आरोपियों ने जो राज खोले, उसने पुलिस को भी चौंका दिया. आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की 6 मोटरसाइकिलें, एक देसी कट्टा, जिंदा कारतूस और करीब 15 लीटर कच्ची शराब बरामद की.

पकड़े गए आरोपियों में रविंद्र सिंह (22) और मोनू सिंह उर्फ मोली (20) शामिल हैं. दोनों ही बाइक के दस्तावेज पेश नहीं कर पाए. सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने कबूल किया कि ये सभी बाइक चोरी की हैं. आरोपियों ने बताया कि चोरी की बाइकें चोर बाजार में मात्र 6 हजार रुपये में बेच दी जाती हैं, जिन्हें ज्यादातर शराब तस्कर खरीदते हैं ताकि अवैध शराब की सप्लाई में इस्तेमाल कर सकें.

बैंक-मंदिर और श्मशान घाट से करते थे बाइक चोरी

पूछताछ में यह भी सामने आया कि चोर गिरोह उन बाइक मॉडलों को निशाना बनाता है, जिनकी बाजार में ज्यादा डिमांड होती है. चोरी के बाद बाइक के इंजन और चेसिस नंबर मिटा दिए जाते हैं और कई बार उनके पार्ट्स अलग-अलग कर बेच दिए जाते हैं. आरोपी बैंक, मंदिर, सार्वजनिक स्थानों और यहां तक कि श्मशान घाटों से भी बाइक चोरी करते थे.

पुलिस को शक है कि यह पूरा नेटवर्क हरियाणा और राजस्थान में फैले किसी बड़े अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़ा हो सकता है. फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है. रामगढ़ पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में बाइक चोरी के मामलों पर बड़ी चोट मानी जा रही है, लेकिन यह खुलासा भी संकेत दे रहा है कि चोरी और तस्करी का यह नेटवर्क कितना गहरा और संगठित है.

यह भी पढ़ेंः झोपड़ी में सो रहे मासूम को उठा ले गए आवारा कुत्ते, बुरी तरह नोचकर फाड़ डाला पेट

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close