जयपुर में जल महल पर सूर्य किरण और सारंग का दमदार प्रदर्शन, तालियों से गूंजा आसमान

राजस्थान में जयपुर के जल महल पर भारतीय वायु सेना की सूर्य किरण और सारंग टीम ने शानदार एरोबैटिक प्रदर्शन कर शहरवासियों को रोमांचित कर दिया. हजारों दर्शकों ने करतबों का आनंद लिया. 

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
जयपुर के जल महल पर भारतीय वायु सेना ने शानदार करतब दिखाए

Rajasthan News: राजस्थान की राजधानी जयपुर में शुक्रवार को जल महल की पाल पर भारतीय वायु सेना का भव्य एरोबैटिक डिस्प्ले आयोजित किया गया. इस रोमांचक आयोजन में हजारों लोग शामिल हुए. खुले आसमान में हुए करतबों ने दर्शकों को गर्व और उत्साह से भर दिया.

सारंग टीम ने दिखाया सटीक तालमेल

कार्यक्रम की शुरुआत भारतीय वायु सेना की प्रसिद्ध सारंग हेलिकॉप्टर डिस्प्ले टीम के प्रदर्शन से हुई. पांच रंग बिरंगे हेलिकॉप्टरों ने आसमान में अद्भुत संरचनाएं बनाईं. हेलिकॉप्टरों की सटीक दूरी संतुलन और सामूहिक समन्वय ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया. यह प्रदर्शन वायु सेना के उच्च स्तरीय प्रशिक्षण और अनुशासन का शानदार उदाहरण रहा है.

सूर्य किरण टीम ने बांधा समां

इसके बाद सूर्य किरण एरोबैटिक टीम के लाल सफेद रंग के Hawk Mk 132 जेट विमानों ने उड़ान भरी. लूप बैरल रोल उलटी उड़ान और फॉर्मेशन फ्लाइंग जैसे जटिल करतबों ने माहौल को रोमांच से भर दिया. लोकप्रिय डीएनए संरचना ने दर्शकों से खूब तालियां बटोरीं. आसमान में तिरंगे रंगों की छटा ने देशभक्ति का भाव और मजबूत कर दिया.

जयपुर के पायलटों पर गर्व

सूर्य किरण टीम के विंग कमांडर राजेश काजला विंग कमांडर अंकित वशिष्ठ और स्क्वाड्रन लीडर संजेश सिंह जयपुर के निवासी हैं. अपने गृह नगर में प्रदर्शन करना उनके लिए विशेष गौरव का क्षण रहा. दर्शकों ने खड़े होकर तालियों से उनका स्वागत किया.

Advertisement

मंत्री और अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में राज्यवर्धन सिंह राठौड़ की गरिमामयी उपस्थिति रही. उनके साथ प्रशासनिक अधिकारी जनप्रतिनिधि सेना के वरिष्ठ अधिकारी एनसीसी कैडेट्स और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे. यह आयोजन युवाओं के लिए प्रेरणादायक साबित हुआ.

22 फरवरी को होगा मुख्य शो

रविवार 22 फरवरी को जल महल पर एरोबैटिक डिस्प्ले का मुख्य और विस्तृत आयोजन होगा. इसमें और भी भव्य हवाई करतब देखने को मिलेंगे. शहरवासियों में इसे लेकर उत्साह चरम पर है.

Advertisement

यह भी पढ़ें- Lakkhi Mela: खाटूश्यामजी में सजने वाला है लक्खी मेला, 21 फरवरी से होगा शुरू, तैयारियां ज़ोरों पर