विज्ञापन

Lakkhi Mela: खाटूश्यामजी में सजने वाला है लक्खी मेला, 21 फरवरी से होगा शुरू, तैयारियां ज़ोरों पर 

अधिकारियों ने बताया कि रणनीति के तहत पदयात्रियों की परंपरा को सम्मान देते हुए रींगस से खाटू तक 17 किलोमीटर लंबा विशेष पैदल कॉरिडोर तैयार किया गया है.

Lakkhi Mela: खाटूश्यामजी में सजने वाला है लक्खी मेला, 21 फरवरी से होगा शुरू, तैयारियां ज़ोरों पर 
खाटू श्याम जी मंदिर में आठ दिनों तक चलने वाले सालाना लक्खी मेला 21 फरवरी से शुरू होगा.

Khatushyamji: राजस्थान के सीकर जिले में विख्यात खाटू श्याम जी मंदिर में आठ दिनों तक चलने वाले सालाना लक्खी मेला 21 फरवरी से शुरू होगा. इस सालाना मेले में देश भर से लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं के भाग लेने की संभावना है, जिसके मद्देनजर मंदिर समिति, प्रशासन और पुलिस ने व्यापक बंदोबस्त किए हैं. खाटू श्याम जी मंदिर में वार्षिक लक्खी मेला 21 फरवरी से 28 फरवरी तक चलेगा.

वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, इस वर्ष लगभग 35 लाख श्रद्धालुओं के आगमन के अनुमान के बीच राजस्थान पुलिस, जिला प्रशासन और श्री श्याम मंदिर कमेटी ने आपसी समन्वय से सुरक्षा, यातायात, दर्शन व्यवस्था व भीड़ प्रबंधन को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं ताकि हर भक्त सुरक्षित, सहज एवं श्रद्धामय अनुभव के साथ बाबा के दरबार तक पहुंच सके.

17 किलोमीटर लंबा विशेष पैदल कॉरिडोर तैयार

इस वर्ष की रणनीतियों में तकनीकी नवाचार और श्रद्धालुओं के प्रबंधन पर विशेष जोर दिया गया है. अधिकारियों ने बताया कि रणनीति के तहत पदयात्रियों की परंपरा को सम्मान देते हुए रींगस से खाटू तक 17 किलोमीटर लंबा विशेष पैदल कॉरिडोर तैयार किया गया है. यह पैदल मार्ग पूरी तरह वाहनों से मुक्त रहेगा और अनधिकृत प्रवेश पर सख्त रोक रहेगी.इस पूरे रास्ते में पेयजल, प्रकाश, शौचालय और विश्राम की सुविधाएं उपलब्ध होंगी जबकि पुलिस बल की सतत निगरानी से सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी. यह कॉरिडोर न केवल भीड़ के सुव्यवस्थित प्रवाह को बनाए रखेगा बल्कि पदयात्रा को अधिक सुरक्षित और सुगम बनाएगा.

पांच हजार से अधिक पुलिस अधिकारियों व जवान होंगे तैनात

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) वी.के.सिंह ने बताया कि मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा की दृष्टि से राजस्थान पुलिस ने पूरे क्षेत्र को 22 मुख्य सेक्टर और 350 सब-सेक्टर में बांटकर पांच हजार से अधिक पुलिस अधिकारियों व जवानों को तैनात किया गया है. उन्होंने बताया कि प्रमुख बिंदुओं पर अतिरिक्त पुलिस जाब्ता, अस्थाई चौकियां और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है. अधिकारी ने बताया कि पूरे मेला परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और केंद्रीकृत नियंत्रण कक्षों से हर समय निगरानी की जाएगी.

44 डिजिटल एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं

उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए राजस्थान पुलिस के सोशल मीडिया पर मेले से संबंधित समस्त प्रकार की सूचनाओं को प्रसारित किया जाएगा. सीकर के जिला पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत ने बताया कि मंदिर परिसर व प्रमुख प्रवेश द्वारों पर 44 डिजिटल एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं, जिन पर दर्शन की अनुमानित प्रतीक्षा अवधि, पार्किंग उपलब्धता, सुरक्षा निर्देश, आपातकालीन नंबर, आरती समय और मौसम अलर्ट प्रदर्शित होंगे. उन्होंने बताया कि गुमशुदा व्यक्तियों और लापता सामान की जानकारी भी लाइव प्रसारित की जाएगी.

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close